Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: शिवपुरी 115 करोड़ का सीवर प्रोजेक्ट फेल, जनता परेशान; जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने उठाए गंभीर सवाल

शुक्रवार, 25 सितंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
shivpuri शिवपुरी। शिवपुरी शहर की बदहाल व्यवस्थाओं और करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी दम तोड़ चुकी सीवर लाइन योजना को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने जिला कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शहर के 115 करोड़ रुपये के सीवर प्रोजेक्ट के पूरी तरह फेल होने पर भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। 
जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा और आधुनिक बनाने के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई के 115 करोड़ रुपये पानी की तरह बहा दिए गए, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आज भी शहर की सड़कें खुदी पड़ी हैं और सीवर का गंदा पानी सड़कों और गलियों में ओवरफ्लो हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है, जिसके कारण जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
15 साल बाद भी अधूरा है प्रोजेक्ट: कांग्रेस
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि इस सीवर प्रोजेक्ट को शुरू हुए करीब 15 साल बीत चुके हैं, लेकिन इतने लंबे समय और करोड़ों के बजट के बाद भी यह काम अधूरा और पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। जिला अध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा कि पानी की सप्लाई और सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदकर बैठे हैं। 
जवाबदेही तय करे प्रशासन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने मांग की है कि इस महाघोटाले और प्रोजेक्ट के फेल होने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही शहरवासियों को इस सीवर ओवरफ्लो और खुदी पड़ी सड़कों की समस्या से निजात नहीं मिली, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हक के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। 











कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129