शिवपुरी, 10 सितंबर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आगामी 12 सितम्बर 2026 (द्वितीय शनिवार) को संपूर्ण प्रदेश के साथ-साथ जिला शिवपुरी में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। आमजन को लोक अदालत के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक प्रकरणों के आपसी सहमति से निराकरण हेतु गत दिवस एडीआर भवन शिवपुरी से प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी तथा विशेष न्यायाधीश व नोडल अधिकारी श्री अशोक कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। एडीआर भवन परिसर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी एवं चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसेल शिवपुरी श्री आलोक श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से हरी झण्डी दिखाकर इन प्रचार-प्रसार वाहनों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने हेतु रवाना किया।
लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु निकाली गई इस रैली और जागरूकता अभियान में नगरपालिका शिवपुरी, भारत संचार निगम लिमिटेड शिवपुरी सहित अन्य विभिन्न विभागों द्वारा बढ़-चढ़कर सहभागिता की गई। प्रचार वाहनों के माध्यम से जिले के नागरिकों को लोक अदालत में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों के त्वरित व सुलभ निराकरण की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी सहित शिवपुरी के समस्त लीगल एड डिफेंस काउंसेल तथा संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें