Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: शिवपुरी के इतिहास में पहली बार: राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में छात्राओं का चयन, गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल की श्रुति और दामिनी ने रचा इतिहास

शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*ग्वालियर के तरण पुष्कर में 9 से 11 सितंबर तक आयोजित 70वीं संभागीय प्रतियोगिता में जीते रजत पदक, जिले का नाम किया रोशन
शिवपुरी/ग्वालियर। ग्वालियर के ऐतिहासिक तरण पुष्कर में 9 से 11 सितंबर तक आयोजित 70वीं संभागीय शालेय तैराकी प्रतियोगिता में शिवपुरी के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया है। शिवपुरी नगर के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है, क्योंकि तैराकी के इतिहास में पहली बार जिले की छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल, शिवपुरी की दो होनहार बालिकाओं ने उत्कृष्ट खेल कौशल दिखाते हुए रजत पदक हासिल कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की।
तरण पुष्कर के मुख्य ताल में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल की प्रतिभावान तैराक श्रुति रावत ने 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कड़े मुकाबले के बीच दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। वहीं, दामिनी रावत ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में शानदार गति और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता में जिले का मान बढ़ाते हुए नरवर (शिवपुरी) के तैराक रितेश गुर्जर ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक पर कब्जा जमाया और जिले को गौरवान्वित किया।
उल्लेखनीय है कि इस संभागीय प्रतियोगिता में गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल के कुल 10 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, जिनमें से प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर मानवी गुप्ता, अवनी राठौर, अमित धाकड़, यथार्थ धाकड़, निशांत धाकड़, हीरिका चावला, आयुष्मान जैन एवं जयंती यादव ने भी विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया। खेल अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन ने इन सभी होनहार बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।
शिवपुरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में स्विमिंग कोच गोलू लोधी के कुशल मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और शिवपुरी दल प्रबंधक राजेश जाटव एवं मैनेजर प्रज्ञा तोमर के रणनीतिक प्रशिक्षण की अहम भूमिका रही। उनके सतत प्रशिक्षण और प्रोत्साहन के बल पर ही बच्चों ने तैराकी जैसे कड़े खेल में संभाग स्तर पर सशक्त पहचान बनाई।
छात्राओं एवं सभी प्रतिभागियों की इस गौरवमयी उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी डॉ. के. के. खरे, जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने विजेता खिलाड़ियों के साथ-साथ दल प्रबंधक राजेश जाटव, कोच गोलू लोधी और मैनेजर प्रज्ञा तोमर को बधाई दी एवं राज्य स्तरीय स्पर्धा व आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर महिपाल अरोरा एवं प्रिंसिपल कीर्ति चावला ने सभी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की लगन, कड़े अभ्यास और अनुशासन ने नगर का सिर गर्व से ऊँचा किया है। छात्राओं की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न सिर्फ खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार, अपितु पूरे शिवपुरी जिले के लिए अत्यंत गौरव व हर्ष का विषय है।











कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129