Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_बड़ी_खबर: प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में ₹70 लाख से अधिक के कथित गबन मामले में आरोपी जीवन सिंह यादव दोषमुक्त

बुधवार, 4 नवंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत आदिवासी हितग्राहियों के आवास निर्माण एवं मनरेगा मजदूरी की राशि में कथित अनियमितता और गबन के मामले में विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, शिवपुरी द्वारा विशेष सत्र प्रकरण क्रमांक SC/24/2026 में आरोपी जीवन सिंह यादव को दोषमुक्त कर दिया गया है। आरोपी की ओर से अधिवक्ता करण कटारिया ने पैरवी की।
प्रकरण की शुरुआत जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मोंगराज मीणा द्वारा ग्राम पंचायत गताझलकुई में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के क्रियान्वयन के संबंध में शिकायत किए जाने से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव जीवन सिंह यादव द्वारा योजना के 125 आदिवासी हितग्राहियों के आवास निर्माण में अनियमितताएं की गईं। आरोप था कि हितग्राहियों से आवास निर्माण का कार्य लेने के बावजूद उनके आवास पूर्ण नहीं कराए गए, पूर्व से लाभान्वित एवं अपात्र व्यक्तियों को भी लाभ दिए जाने के साथ लगभग ₹70,38,000 की राशि में हेराफेरी की गई तथा मनरेगा की लगभग ₹7,25,628 की मजदूरी राशि भी अपात्र व्यक्तियों के खातों में अंतरित कराई गई।
इन आरोपों के संबंध में प्रारंभिक विभागीय जांच कराई गई। जांच दल का गठन किया गया तथा हितग्राहियों के आवासों की स्थिति, पोर्टल पर दर्ज जानकारी, भुगतान एवं मजदूरी संबंधी अभिलेखों की जांच की गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके बाद थाना बामौरकलां में अपराध क्रमांक 112/2025 पंजीबद्ध हुआ। इसके पश्चात पुलिस द्वारा विवेचना की गई, विभिन्न अधिकारियों, जांचकर्ताओं, हितग्राहियों एवं अन्य साक्षियों के कथन दर्ज किए गए तथा दस्तावेजों के आधार पर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय में विचारण के दौरान अभियोजन द्वारा प्रस्तुत विभागीय जांच प्रतिवेदन, जांच दल के सदस्यों, विवेचना अधिकारियों तथा हितग्राही साक्षियों के कथनों का विस्तार से परीक्षण किया गया। विचारण के दौरान अभियोजन आरोपों को संदेह से परे प्रमाणित करने में सफल नहीं हो सका। जांच दल के सदस्यों द्वारा भी आरोपी और हितग्राहियों के मध्य आवास निर्माण का कोई लिखित अनुबंध प्रस्तुत नहीं किया जा सका। विवेचना में भी ऐसा कोई ठोस एवं विश्वसनीय साक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ, जिससे यह प्रमाणित हो सके कि कथित राशि आरोपी को सौंपी गई थी अथवा आरोपी द्वारा उसका बेईमानीपूर्वक गबन या दुरुपयोग किया गया था।
न्यायालय ने यह भी पाया कि आरोपी के विरुद्ध कथित राशि के गबन को प्रमाणित करने के लिए न तो कोई राशि बरामद हुई और न ही विवेचना के दौरान ऐसा कोई महत्वपूर्ण तथ्य या साक्ष्य सामने आया, जिससे आरोपी की आपराधिक संलिप्तता प्रमाणित हो सके। इस प्रकार अभियोजन भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के अंतर्गत आपराधिक न्यासभंग तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(a) के अंतर्गत लोकसेवक द्वारा आपराधिक दुरुपयोग के आरोपों को प्रमाणित करने में असफल रहा।
अंततः विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, शिवपुरी द्वारा दिनांक 31.10.2026 को पारित निर्णय में आरोपी जीवन सिंह यादव को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(a) के आरोपों से दोषमुक्त कर दिया गया।












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129