शिवपुरी, 5 नवंबर 2026। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की ग्वालियर शाखा द्वारा शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के सहयोग से शिवपुरी में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ICAI रीडिंग रूम का भव्य शुभारंभ गुरुवार को किया गया। शहर के ए.बी. रोड स्थित शगुन आर्केड की द्वितीय मंजिल पर स्थापित इस रीडिंग रूम से चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर एवं शांतिपूर्ण अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आईसीएआई के केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अभय छाजेड़ एवं सीए पंकज शाह उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (CIRC) के अध्यक्ष सीए अंकुर गोयल तथा सिकासा अध्यक्ष सीए नितिन गुप्ता ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर ग्वालियर शाखा की अध्यक्ष सीए निधि अग्रवाल, उपाध्यक्ष सीए पंकज शर्मा, सचिव सीए विवेक जैन तथा शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के संयोजक सीए विजय कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर रीडिंग रूम के औपचारिक उद्घाटन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने रीडिंग रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों से संवाद किया। मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं आईसीएआई के ध्येय गीत के साथ हुआ। अतिथियों का माल्यार्पण, स्वागत पट्टिका एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
ग्वालियर शाखा की अध्यक्ष सीए निधि अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इसके पश्चात शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के संयोजक सीए विजय कुमार गुप्ता ने रीडिंग रूम परियोजना की परिकल्पना, स्वीकृति, निर्माण एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
उन्होंने बताया कि इस रीडिंग रूम में 50 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, व्यक्तिगत स्टडी क्यूबिकल, हाई-स्पीड वाई-फाई, लॉकर, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, इन्वर्टर बैकअप एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस रीडिंग रूम का प्रमुख उद्देश्य शिवपुरी एवं आसपास के क्षेत्रों के सीए विद्यार्थियों को बड़े शहरों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
समारोह में केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अभय छाजेड़ एवं सीए पंकज शाह सहित सीआईआरसी अध्यक्ष सीए अंकुर गोयल तथा सिकासा अध्यक्ष सीए नितिन गुप्ता ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया तथा इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 48वीं रैंक प्राप्त करने वाले अंकुश सिंघल का विशेष सम्मान किया गया। उनकी उपलब्धि को शिवपुरी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के कोषाध्यक्ष सीए मोहित जैन द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ समारोह का समापन हुआ।
शिवपुरी में आईसीएआई रीडिंग रूम की स्थापना चार्टर्ड अकाउंटेंसी के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को व्यावसायिक परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में शिवपुरी की पहचान और सुदृढ़ होगी।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें