Responsive Ad Slot

#धमाका_धर्म: भव्य कलश यात्रा के साथ 14 अप्रैल से शुरू होगा श्री विजय लक्ष्मी सुदर्शन यज्ञ

कोई टिप्पणी नहीं

सोमवार, 13 अप्रैल 2026

शिवपुरी। श्री विजय राघव भगवान के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर श्रीमद वाल्मीकीय रामायण कथा एवं श्री विजय लक्ष्मी सुदर्शन यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ 14 अप्रैल को प्रातः हनुमान चौक से भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री विजय राघव मंदिर (जल मंदिर के पास) पहुंचेगी। यहां अयोध्या से पधारे विद्वान आचार्यों द्वारा यज्ञ की तैयारियां पूर्व में ही प्रारंभ कर दी गई हैं तथा यहीं से आगे के कार्यक्रम संपन्न होंगे।
आयोजन में कथा व्यास के रूप में आचार्य श्री दाशरथी जी महाराज द्वारा श्रीमद वाल्मीकीय रामायण कथा का वाचन करेंगे। कथा का क्रम दिनवार निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रथम दिवस महात्म्य कथा, द्वितीय दिवस श्रीराम जन्म महोत्सव, तृतीय दिवस श्रीराम बाल लीला एवं विश्वामित्र यज्ञ, चतुर्थ दिवस श्रीराम विवाह महोत्सव, पंचम दिवस अयोध्या में आनंद बधाई, षष्ठम दिवस भरत चरित्र, सप्तम दिवस जटायु मोक्ष एवं शबरी मिलन, अष्टम दिवस सुग्रीव शरणागति एवं सुंदरकांड, नवम दिवस श्रीराम राज्याभिषेक एवं रामराज्य स्थापना तथा दशम दिवस यज्ञ की पूर्णाहुति, भगवान का महाभिषेक एवं भंडारा आयोजित किया जाएगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्याम सुंदर त्रिवेदी ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने एवं कथा श्रवण करने का आग्रह किया है।













#धमाका_न्यूज: बिजली समस्या से जूझ रहे किसानों ने घेरा अधीक्षण अभियंता का दफ्तर, भारतीय किसान संघ के बैनरतले सौंपा ज्ञापन

कोई टिप्पणी नहीं
शिवपुरी। जिले के किसानों ने विद्युत व्यवस्था की गंभीर समस्याओं को लेकर अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण कंपनी को ज्ञापन सौंपा। किसानों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते खेती कार्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंप लाइनों के तार और बिजली के पोल जर्जर हालत में हैं। कई जगह तार नीचे लटक रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। किसानों ने मांग की है कि खरीफ और रबी सीजन से पहले इनका सर्वे कर सुधार एवं बदलाव किया जाए।
किसानों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर प्राइवेट वसूली के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई कर्मचारी अपने ही क्षेत्र में पदस्थ रहकर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली कर रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को तत्काल अन्य क्षेत्रों में तैनात करने और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
इसके अलावा किसानों ने पंपों के लोड बढ़ाने के मुद्दे को भी उठाया। उनका कहना है कि बिना उचित जांच के 10 एचपी के पंप को 13-14 एचपी तक दर्शाकर अतिरिक्त बिल थोप दिया जाता है, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
ज्ञापन में ₹5 बिजली कनेक्शन योजना के कमजोर प्रचार-प्रसार पर भी सवाल उठाए गए। किसानों का कहना है कि उन्हें योजना की जानकारी नहीं दी गई, जबकि दूसरी ओर विद्युत अधिनियम की धारा 126/135 के तहत बिना पूर्व सूचना हजारों प्रकरण दर्ज कर दिए गए, जिससे किसानों को अचानक नोटिस मिल रहे हैं और वे परेशान हो रहे हैं।
किसानों ने मांग की है कि सभी प्रकरणों की जानकारी सार्वजनिक की जाए और उन्हें राहत प्रदान की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।













#धमाका_बड़ी_खबर: शिवपुरी के नए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संभाला पदभार, प्रेस से मिले, कहा- 'ईमानदारी और सख्ती से चलेगा प्रशासन, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ'

कोई टिप्पणी नहीं

शिवपुरी (13 अप्रैल 2026): शिवपुरी के नवनियुक्त कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आज विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने मीडिया कर्मियों से चर्चा की और जिले के विकास तथा अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताओं का खाका पेश किया। पत्रकारों द्वारा शहर की कई ज्वलंत समस्याओं की ओर ध्यान दिलाए जाने पर उन्होंने प्रशासन को संवेदनशीलता, धैर्य और सख्ती के साथ चलाने का स्पष्ट संदेश दिया है। 
मीडिया से बातचीत के दौरान नए कलेक्टर ने निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर अपनी कार्ययोजना साझा की:
  • जमीनी स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन: कलेक्टर वर्मा ने कहा कि सरकार की जनहितैषी योजनाओं (जैसे पीएम आवास, पेंशन आदि) का लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि योजनाएं सुचारू रूप से नीचे तक पहुंचेंगी, तो लोगों का स्वतः ही भला होगा और जनसुनवाई में लगने वाली भीड़ भी कम होगी।
  • अधूरी परियोजनाओं और निर्माण कार्यों में तेजी: शहर में लंबित पड़ी सीवर/पानी की लाइन, मेडिकल कॉलेज और सिविल अस्पताल की समस्याओं पर उन्होंने कहा कि वे जिले के बड़े प्रोजेक्ट्स (जैसे एयरपोर्ट निर्माण आदि) की जल्द ही समीक्षा करेंगे ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
  • कॉलोनाइजरों की मनमानी पर लगाम: अवैध कॉलोनियों और कॉलोनाइजरों द्वारा टीएनसीपी (TNCP) के नियमों का पालन न करने के मुद्दे पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि विकास की अनुमति और प्रॉपर लाइसेंस के बिना कॉलोनियां काटने वालों पर कार्रवाई की जाएगी और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
  • अतिक्रमण और भूमि अधिग्रहण: सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण हटाने और लैंड एक्विजिशन (भूमि अधिग्रहण) से जुड़े विवादों को जल्द से जल्द सुलझाने का भी उन्होंने आश्वासन दिया।
  • नगर पालिका और दूरस्थ अंचलों की समस्याएं: नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों की वे समीक्षा करेंगे। इसके अलावा, ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में कैंप लगाकर लोगों की अटकी हुई पेंशन और अन्य समस्याओं के त्वरित निराकरण की बात भी उन्होंने कही।

​अंत में, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिले की जनता और प्रशासन को आश्वस्त किया कि उनका पूरा प्रयास रहेगा कि जिले के विकास की असीम संभावनाओं को भुनाया जाए। उन्होंने कहा, "हम पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करेंगे ताकि जिले का विकास हो और अंततः आम नागरिक को इसका सीधा फायदा मिल सके।"














#धमाका_न्यूज: सिद्धेश्वर और राजेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना कर नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संभाला शिवपुरी का पदभार

कोई टिप्पणी नहीं
शिवपुरी। जिले के नवागत कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने आज शिवपुरी में पदभार ग्रहण कर लिया है। इसके पहले उन्होंने सिद्धेश्वर मंदिर एवं राजेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना की जिसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। उनके साथ तहसीलदार सिद्धार्थ भूषण, पटवारी गिरजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। धमाका न्यूज शिवपुरी चीफ एडिटर विपिन शुक्ला ने बधाई दी।

नवागत कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
शिवपुरी नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर जे.पी. गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर शिवदयाल धाकड़ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, एनआईसी, जिला योजना कार्यालय, जनजातीय कार्य विभाग, पंजीयक कार्यालय, भू-अभिलेख शाखा, रिकॉर्ड रूम सहित कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके दायित्वों एवं कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों के प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए।
#shivpuri













© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129