shivpuri शिवपुरी। वर्दी चाहे तो क्या नहीं कर सकती ये हमने पहले भी देखा है और अब शायद फिर देखने को मिले क्योंकि जिस अंदाज में नगर की पूरी तरह से ध्वस्त ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की कोशिश शुरू हो रही है उसे अंजाम तक पहुंचाया गया तो नगर की तस्वीर बदल सकती है। इसी क्रम में ट्रैफिक प्रभारी रणवीर सिंह ने आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश के बाद यातायात पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम के साथ नगर की ट्रैफिक व्यवस्था बनाने की शुरुआत की।
हाथ में माइक, जनता की मंशा के साथ की शुरुआत
नगर के कोर्ट रोड, गांधी चौक, माधव चौक, पुराना बस स्टैंड एवं गुरुद्वारा चौक पर अस्थाई अतिक्रमण को आज चिन्हित किया गया। इन स्थानों पर क्या बदलाव किया जाएगा ये हम बताएं उसके पहले आज ट्रैफिक पुलिस, नपा के अधिकारी योगेश शर्मा के साथ नगर में निकली।ट्रैफिक प्रभारी रणवीर सिंह ने हाथ में माइक ले रखा था। उन्होंने ज्यादा खराब वाले इलाकों में हाथ में माइक लेकर जनता से जुड़ते हुए होने वाली कारवाई से अवगत करवाया।
ये कारवाई की जाएगी
1.कोर्ट रोड से सभी हाथ ठेलों को ठंडी सड़क शिफ्ट किया जाएगा। जैसा कि तीन महीने पूर्व जिला प्रशासन ने तय किया था कि कोर्ट रोड को आदर्श रोड बनाया जाएगा उसी के क्रम में आज हाथ ठेलों वालों से बातचीत की और उन्हें वहां शिफ्ट करने की तैयारी है।
2.कोर्ट रोड से टेकरी की तरफ जाने वाले रास्ते पर जो अतिक्रमण है उसे हटाया जाएगा। साथ ही सब्जी मंडी से ठंडी सड़क को जोड़ने वाली गली जिसे प्याज, आलू व्यवसायियों में कब्जा रखा है उससे अतिक्रमण हटाया जाएगा। अफसोस जनक बात ये है कि यहां भी दुकानों के होने के बाबजूद लोग ठेले सड़क पर रखकर प्याज, आलू बेचते हैं। आज गली को आने जाने के लिए खाली करने की हिदायद रणवीर ने दे दी। (देखिए video)
3. गांधी चौक से पटवाओं को कोर्ट रोड सब्जी मंडी के पास शिफ्ट किया जाएगा। शहर में प्रवेश के साथ ही गांधी चौक पड़ता है, इसके चारों तरफ पटवा स्थापित है जिससे जाम लगता है। बचा हुआ हिस्सा राधे जनरल स्टोर्स के सामने हाथ ठेले वाले घेरे रहते हैं जिससे बाजार जाम हो जाता है। इसलिए उन्हें अब कोर्ट रोड सब्जी मंडी के पास लाया जाएगा। यहां स्कूल की दीवार के पास कोर्ट रोड का हिस्सा चौड़ा होने से शायद जाम न लगे।
4. कोर्ट रोड पर चार पहिया वाहन प्रतिबंधित किए जाएंगे उनके लिए पार्किंग पुराना बस स्टैंड राज पैलेस होटल के सामने की गई है। अभी तक वन वे की बात की जा रही थी लेकिन अब फॉर व्हील कोर्ट रोड पर प्रवेश नहीं करेंगे।
5. माधव चौक पर जूस वाले एवं मिठाई वालों के आगे मार्किंग एवं बैरिकेडिंग की जाएगी उसके बाहर जो भी वाहन खड़े किए जाएंगे उन पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। आपको विदित ही है कि गुरुद्वारे के सामने एसबीआई बैंक हिस्से में सड़क पर पार्किंग होती है। चाट के ठेले सड़क पर लगते हैं। इधर बड़े नाले के बाद शिवपुरी लॉज आते आते पूरी तरह जाम लगता है लोग सड़क पर कब्जा करके ठेले लगाते है, फॉर व्हील अवैध पार्क करते हैं, कॉर्नर पर फ्रूट्स सेंटर पर तो लोग चौराहे का रास्ता ही बंद कर देते हैं। शायद अब ऐसा न हो। उधर सहायता केंद्र से लेकर मस्जिद होते हुए गांधी सेवाश्रम के आगे ऑटो की अवैध पार्किंग से जाम रहता है। 14 नम्बर कोठी का ट्रैफिक उल्टा माधव चौक की तरफ आने से जाम लगता है। जबकि सहायता केंद्र के एक तरफ ऑटो की अवैध पार्किंग कोर्ट रोड और गुरुद्वारे का ट्रैफिक रोकती है। तो वहीं सहायता केंद्र को ही घेरकर सब्जी, फल के ठेले लगाए जाते हैं। यहां से प्रेम स्वीट से लेकर राठौर समोसे वाले दुकान छोड़कर ठेला सड़क पर लगाकर दिन भर जाम के जनक बनते हैं। बाकी मोल के आगे से लेकर मस्जिद के आगे तक फल के ठेले जाम के प्रणेता बनते हैं। इन्हें भी हटाया जाना चाहिए। हालाकि छठवें संकल्प में ट्रैफिक प्रभारी रणवीर ने इसका उल्लेख किया है लेकिन लगातार अमल के बिना बदलाव मुश्किल होगा।
6. अस्पताल चौराहे से माधव चौक पुराना बस स्टैंड तक एवं गुरुद्वारे से मीट मार्केट तक जो भी अस्थाई अतिक्रमण है उसे भी हटाया जाएगा।
सुबह की कारवाई, शाम होते फिर वही कहानी
कोर्ट रोड पर सुबह जब ट्रैफिक पुलिस ने नपा के साथ करवाई के तेवर दिखाए तो सड़क साफ हो गई थी लेकिन शाम तक ठेले फिर से लगा लिए गए थे।
कुछ हमको भी लेने होंगे संकल्प
धमाका न्यूज शिवपुरी के चीफ एडिटर विपिन शुक्ला मामा ने नगर की आवाम से अपील की है कि इंदौर की तर्ज पर जिला प्रशासन की मदद करना शुरू कीजिए। कोई गलती करता है उसे रोकिये। नगर की ठंडी सड़क पर जब ठेके लग जाएं तो फल आदि वहीं जाकर खरीदिये। जिससे उनका कारोबार पहले की तरह अच्छा चलता रहे। अगर कोई ठेला सड़क घेरकर खड़ा मिले तो उससे सामान खरीदना बंद करें, उससे अनुरोध करें कि जब सही स्थान पर ठेला लगेगा तभी हम सामान लेंगे। खुद के वाहन चाहे जहां भी रखें ये ध्यान में रखें कि ट्रैफिक बाधित न हो। खुद नियम का पालन करें जिससे हमारा नगर बदल सके।

































सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com