शिवपुरी। वर्ष 2022 का 21वां 'हेमंत स्मृति कविता सम्मान' सुभाष पाठक 'ज़िया' को उनके ग़ज़ल संग्रह 'तुम्हीं से ज़िया है' (अभिधा प्रकाशन) पर दिए जाने का निर्णय हुआ है। यह सम्मान हेमंत फाउंडेशन संलग्न अंतरराष्ट्रीय विश्व मैत्री मंच द्वारा 15 जनवरी 2023 को भोपाल में आयोजित समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार श्री गिरीश पंकज के कर कमलों द्वारा प्रदान किया जाएगा। युवा कवि एवं ग़ज़लकार सुभाष पाठक शिवपुरी मध्य प्रदेश से हैं। उनके व्यक्तित्व का यह प्रथम परिचय ध्यान देने योग्य है कि 'टाइम्स ऑफ इंडिया' अलवर द्वारा गीत 'उम्मीद ' को कोरोना एंथम में शामिल किया गया था जिसे बॉलीवुड सिंगर मोहम्मद वकील ने आवाज़ दी थी। उनकी कई ग़ज़लों का गायन प्रसिद्ध ग़ज़ल गायकों द्वारा लाइव शो एवं दूरदर्शन से हो चुका है। उनके गीत -ग़ज़लों का आकाशवाणी एवं दूरदर्शन से नियमित प्रसारण होता रहता है। इनकी रचनाएँ रेख़्ता एवं कविताकोश पर भी उपलब्ध हैं। इन्होंने युवा शायरों की ग़ज़लों का संग्रह 'ये नए मिज़ाज का शहर है' का संपादन वर्ष 2021 में किया था। सुभाष पाठक के लिए यह कहा जाता है कि वे ग़ज़ल को बहुत ही गंभीरता से लेते हैं। 'तुम्हीं से ज़िया है' संग्रह की ग़ज़लों में दार्शनिकता के साथ-साथ अलग रदीफ़ों और काफ़ियों का भी अभिनव प्रयोग दिखता है। इन ग़ज़लों में जहाँ एक ओर रिवायती शाइरी का रंग है, शेरियत है, तग़ज़्ज़ुल है, रवानी है , वहीं दूसरी ओर ग़ज़ल का जदीद रंग भी देखने को मिलता है जहाँ तमाम रदीफ़ क़ाफ़िये इस तरह से इस्तेमाल किये गए हैं जो पढ़ने वालों को चौंका देते हैं और सीधे उनके दिल पर असर करते हैं। इसके पूर्व भी सुभाष विभिन्न संस्थानों द्वारा सम्मानित हो चुके हैं।2017 में 'अदबी उड़ान युवा ग़ज़लकार सम्मान', 2018 में पुनर्नवा सम्मान, भोपाल, 2019 में हिंदी साहित्य सम्मेलन शताब्दी युवा साहित्यकार सम्मान, पटना, 2020 में ग़ालिब सम्मान, बेंगलुरु, 2021 में शाद अज़ीमाबादी सम्मान, पटना आदि इन्हें प्राप्त हैं। समोहा निवासी सुभाष पाठक ज़िया पेशे से शिक्षक हैं। उनकी इस उपलब्धि पर कई साहित्यकारों ने उन्हें बधाई दी है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें