Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_बड़ी_खबर: संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र को लिखा वरिष्ठ एडवोकेट विजय तिवारी ने पत्र, "इंजीनियर्स सतीश निगम एवं जितेन्द्र परिहार के विरूद्ध भ्रष्टाचार की गंभीर अजमानती धाराओं में आपराधिक प्रकरण हुआ है पंजीबद्ध, दोनों की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाना आवश्यक"

मंगलवार, 29 जुलाई 2025

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। जिले के वरिष्ठ एडवोकेट विजय तिवारी ने संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र को पत्र  लिखा है। जिसमें जिला शिक्षा केंद्र शिक्षा विभाग में पदस्थ और नपा में दायित्व निभाने के दौरान लाखों का भ्रष्टाचार करने और शिकायत के बाद कलेक्टर रवीन्द्र की जांच में प्रमाणित होने के बाद इंजीनियर सतीश निगम एवं जितेन्द्र परिहार के विरूद्ध भ्रष्टाचार की गंभीर अजमानती धाराओं में केस दर्ज हुआ है। आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होने के चलते उक्त दोनों की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विस्तार से जो पत्र लिखा है वो निम्नानुसार है। 
प्रति,
संचालक महोदय, राज्य शिक्षा केन्द्र, पुस्तक भवन, जेल रोड, भोपाल म.प्र.
विषय :- जिला शिक्षा केन्द्र शिवपुरी में पदस्थ शिक्षा विभाग के इंजीनियर्स श्री सतीश निगम एवं जितेन्द्र परिहार के भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यों के संबंध में।
माननीय महोदय,
आवेदक का आवेदन निम्नलिखित प्रस्तुत है -
1. यह कि आवेदक विगत 35 वर्षों से जिला सत्र न्यायालय शिवपुरी में अधिवक्ता व्यवसाय में संलग्न है। प्रार्थी द्वारा शासकीय विभागो में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरूद्ध लोकायुक्त संगठन, आर्थिक अपराध ब्यूरो आदि में कई प्रकरण दर्ज कराये गये है तथा व्यापक लोकहित से जुडे कई मुद्दो को लेकर प्रार्थी द्वारा विभिन्न जनहित याचिकायें माननीय उच्च न्यायालय राष्ट्रीय हरित अधिकरण आदि में प्रस्तुत की गई है इस प्रकार प्रार्थी अधिवक्ता "वहिसल ब्लोअर" है। वर्तमान में प्रार्थी जिला अभिभाषक संघ शिवपुरी का निर्वाचित अध्यक्ष है।
2. यह कि शिक्षा विभाग के उक्त दोनो इंजीनियर्स को पूर्व में लगभग 6 वर्ष पूर्व तत्कालीन जिलाधीश महोदय शिवपुरी द्वारा शिक्षा विभाग के कार्यों के अतिरिक्त नगरपालिका शिवपुरी का कार्यों का दायित्व भी सौंपा गया था। उल्लेखनीय है कि दोनो इंजीनियर शिक्षक विभाग में संविदा नियुक्ति पर नियुक्त होकर वर्षों से शिवपुरी में ही पदस्थ है।
3. यह कि लगभग 06 वर्ष के कार्यकाल के दौरान उक्त इंजीनियर्स द्वारा अपने भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यो से नगरपालिका परिषद शिवपुरी को करोडो रुपयों की आर्थिक क्षति पहुंचाई है। उक्त दोनो इंजीनियर्स द्वारा अपने निजी स्वार्थो की पूर्ति हेतु फर्जी मेजरमेंट बुक तैयार की गई तथा कार्य प्रारंभ हुये बिना ही कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान कर ठेकेदारों को फर्जी भुगतान में सहयोग कर परिषद को करोडो रूपयों की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
4. यह कि उक्त सतीश निगम को नगरपालिका परिषद शिवपुरी में सहायक यंत्री का प्रभार प्रदान कर भवन निर्माण अनुमति का दायित्व सौंपा दिया गया था। उक्त सतीश निगम द्वारा बिना कोई वैधानिक प्रक्रिया का पालन किये अपने निजी स्वार्थों की पूर्ति हेतु फर्जी तरीके से भारी पैमाने पर कॉलोनाइजर्स को भवन निर्माण हेतु अनुमति प्रदान की गई। उक्त सतीश निगम द्वारा जारी समस्त भवन निर्माण अनुमतियों की उच्च स्तरीय जांच कर ऐसी समस्त अवैध अनुमतियां निरस्त किया जाना आवश्यक एवं न्यायोचित है।
5. यह कि नगरपालिका परिषद शिवपुरी में पदस्थापना के दौरान शिक्षा केन्द्र के इंजीनियर श्री सतीश निगम एवं जितेन्द्र परिहार के भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यों की
वर्तमान कलेक्टर महोदय श्री रविन्द्र चौधरी द्वारा व्यापक जांच कराने पर इनके भ्रष्टाचार के कार्य उजागर होने पर कलेक्टर महोदय शिवपुरी द्वारा जिला शिक्षा केन्द्र शिवपुरी के उक्त दोनो इंजीनियर्स के विरूद्व थाना कोतवाली शिवपुरी में दिनांक 25.07.2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4), 316(5), एवं 61(2) की गंभीर धाराओं एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13 (1) (A) के तहत अपराध कमांक 0504/2025 पर आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कराया है।
6. यह कि उक्त दोनो इंजीनियर्स राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा संविदा नियुक्ति पर जिला शिक्षा केन्द्र शिवपुरी में पदस्थ है। ऐसे भ्रष्ट कर्मचारी जिनके विरूद्ध भ्रष्टाचार की गंभीर अजमानती धाराओं में आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है, की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाना आवश्यक है ताकि म.प्र. शासन की भ्रष्टाचार के विरूद्व "जीरो टोलरेंस" नीति का पालन होकर भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण संभव हो सके एवं प्रदेश के भ्रष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों में कानून का भय व्याप्त हो। उक्त दोनो इंजीनियर्स वर्तमान में अपनी शासकीय ड्यूटी से अनुपस्थित होकर फरार चल रहे है।, अतः माननीय से अनुरोध है जिला शिक्षा केन्द्र शिवपुरी में पदस्थ इंजीनियर्स सहायक यंत्री सतीश निगम एवं उप यंत्री जितेन्द्र परिहार की संविदा सेवा शिक्षा विभाग से तत्काल समाप्त किये जाने हेतु आज्ञा प्रदान की जावे।
इति दिनांक 29.07.2025
भवदीय विजय तिवारी एडवोकेट अध्यक्ष जिला अभिभाषक संघ शिवपुरी म.प्र.

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129