जी हां हाल ही में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, ध्रुपद केन्द्र उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल तथा महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ, स्वराज संस्थान एवं संचालनालय, संस्कृति विभाग मप्र भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में भक्ति रस में डूबा शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत कार्यक्रम गोपाल मंदिर, कैंट, गुना में भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह आयोजन मप्र शासन के संस्कृति विभाग द्वारा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 6 अगस्त को हुई बैठक के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसमें प्रत्येक जिले में श्रीकृष्ण पर्व पर सांस्कृतिक आयोजनों की योजना बनाई गई थी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती एवं बाल गोपाल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके उपरांत शिवपुरी से आई प्रख्यात गायिका डॉ. आकांक्षा एम गौड ने राधा-कृष्ण पर आधारित भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उन्होंने राजा मानसिंह कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, ग्वालियर से पीएचडी प्राप्त की है। जब उन्होंने भावपूर्ण स्वर में झूला धीरे से झुलाया बनवारी, सावन में..." गाया, तो श्रोतागण भावविभोर होकर झूम उठे और करतल ध्वनि से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। करीब दो घंटे चले इस कार्यक्रम में अनेक लोकप्रिय कृष्ण भजनों की प्रस्तुतियां दी गई जिसमें तबले पर अमित कलावत, हारमोनियम पर वृंदावन धाकड़, तथा कीबोर्ड पर शिवपुरी के ही कलाकार जोगेश शाक्य ने संगत की। भक्ति रस में सराबोर इस संगीतमय संध्या में श्रोताओं ने अत्यंत उत्साह से भाग लिया और उम्मीद जताई कि यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा समस्त कलाकारों को आभार स्वरूप सम्मानित किया गया।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें