शिवपुरी में 19 से 25 मार्च तक विश्वविख्यात कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद् भागवत कथा और 1000 सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी शामिल होने की संभावना है।
इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन की घोषणा श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी नीलमणि दास जी महाराज (खेड़ापति दरबार) ने एक प्रेस वार्ता में की। यह कार्यक्रम झांसी रोड स्थित हवाई पट्टी के पीछे नर्सरी ग्राउंड पर होगा।
आयोजन में देवकीनंदन ठाकुर प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का वाचन करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे से 11 बजे तक भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद ले सकेंगे। आयोजकों ने हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने का दावा किया है।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि देशभर से कई संत-महात्मा और धर्माचार्य भी आयोजन में पहुंचकर श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देंगे।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक सरोकार भी निभाए जाएंगे। 26 मार्च को 11 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन धर्म और सेवा का अनूठा समन्वय प्रस्तुत करेगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, 11 मार्च को बलारी माता मंदिर से महायज्ञ स्थल तक पदयात्रा निकाली जाएगी। 18 मार्च को मां राज राजेश्वरी दरबार से विशाल कलश यात्रा का आयोजन होगा। मुख्य कथा और भजन संध्या 19 से 25 मार्च तक चलेगी, जबकि सामूहिक विवाह समारोह 26 मार्च को होगा।
स्वामी नीलमणि दास जी महाराज ने शिवपुरी और आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं से सपरिवार इस आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। शहर में इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और भक्तिमय माहौल बनने लगा है।













सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें