Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_अलर्ट: एक ने जानकार तो दूसरे ने पुलिस वाला बनकर महिला को बातों में उलझाया, मंगल सूत्र उतरवाकर एक ही बाइक पर हुए फरार

सोमवार, 9 फ़रवरी 2026

/ by Vipin Shukla Mama
कोलारस। नगर में रविवार दोपहर एसडीओपी कार्यालय के पास दो ठगों ने एक महिला को बातों में उलझाकर उसका सोने का मंगलसूत्र उतरवा लिया और भाग निकले। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। एक ठग ने खुद को पुलिसकर्मी और दूसरे ने अयोध्या का जानकार बताकर महिला का भरोसा जीता। पीड़िता ने कोलारस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटनास्थल एसडीओपी कार्यालय के पास है। वहां से निकलते समय दोनों ठग सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। हालांकि, दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पीड़िता और उसके परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और फुटेज के आधार पर अज्ञात ठगों की तलाश की जा रही है।  
जानकारी के अनुसार मानीपुरा निवासी 50 वर्षीय उमा परमार पत्नी पूरन परमार रविवार दोपहर करीब 12 बजे एसडीओपी कार्यालय से सटे माता मंदिर में दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद लौटते समय एक बाइक सवार युवक ने उन्हें रोका। उसने खुद को अयोध्या का रहने वाला बताया और दावा किया कि वह ग्रह-क्लेश व पारिवारिक परेशानियां दूर करने वाला है। युवक ने कहा कि वह कोलारस में एक डॉक्टर से मिलने आया है। इसी दौरान एक अन्य युवक पैदल वहां पहुंचा, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताया। वह सादे कपड़ों में था। पहले युवक ने कथित पुलिसकर्मी के सामने दूसरे ठग के बारे में कुछ बातें कहीं, जिन्हें पुलिसकर्मी ने सही बताते हुए उसे 'बड़ा जानकार' बताया। इसके बाद इस 'जानकार' ने उमा परमार को उनकी पारिवारिक परेशानियों के बारे में बताकर उन्हें दूर करने का झांसा दिया।
ठग ने महिला से गले में पहना सोने का मंगलसूत्र उतारकर हाथ में लेने को कहा। इसके बाद मंगलसूत्र कथित पुलिसकर्मी को पकड़ाकर कुछ कदम आगे चलने और पीछे मुड़कर न देखने की हिदायत दी। महिला ने भरोसे में आकर जैसे ही कुछ कदम आगे बढ़ाए, दोनों ठग बाइक स्टार्ट कर एक ही बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता और उसके परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और फुटेज के आधार पर अज्ञात ठगों की तलाश की जा रही है।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129