*प्रत्येक कार्यकर्ता है जनता के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का प्रतिनिधि
*भाजपा का एक-एक योद्धा, राष्ट्र प्रगति के संकल्प के लिए न रुकेगा, न झुकेगा: सिंधिया
शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज शिवपुरी में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 को संबोधित कर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और उनसे देश की निस्वार्थ सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा आज भारत राजनीतिक स्थिरता के ऐसे युग में प्रवेश कर चुका है, जिसकी नींव सत्ता की नदियों से नहीं, बल्कि विचारधारा की तपस्या से सिंचित हुई है। केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम से पहले प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ एक घंटे लंबी बैठक की। कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर सिंह रावत सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सिंधिया ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्ममंथन और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। यह शिविर कार्यकर्ताओं को यह समझाता है कि हम कहाँ से आए हैं, हमारी वैचारिक यात्रा क्या रही है और विकसित भारत 2047 के संकल्प में प्रत्येक सामान्य कार्यकर्ता की क्या भूमिका है। उन्होंने कहा कि अब विकसित भारत का सपना केवल कल्पना नहीं, बल्कि राष्ट्र का संकल्प बन चुका है और उसे साकार करने का समय आ गया है।
“एक पैर रेल में, दूसरा जेल में, ऐसे संघर्ष से खड़ा हुआ संगठन”
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के संघर्षकाल को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब कहा जाता था कि भाजपा कार्यकर्ता “एक पैर रेल में और दूसरा जेल में” रखकर संघर्ष करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह विशाल वटवृक्ष त्याग, समर्पण और वैचारिक साधना से खड़ा हुआ है।
सिंधिया ने बताया कि आज प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का प्रतिनिधि है। इसलिए कार्यकर्ता का आचरण, व्यवहार और सेवा भाव भी उसी स्तर का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास, सामाजिक कल्याण और अधोसंरचना निर्माण की जो शृंखला बनी है, वैसा देश के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ।
गरीब कल्याण से बदला देश का स्वरूप
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोविड काल से लेकर आज तक प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ लोगों तक राशन पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यही “अंत्योदय” भाजपा की आत्मा और लक्ष्य है। 65 वर्षों में देश में केवल 3 करोड़ आवास बने थे, जबकि पिछले 12 वर्षों में 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं और 2029 तक 5 करोड़ और आवास बनाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं अपनी माता को चूल्हे के धुएँ में संघर्ष करते देखा था, इसलिए 10 करोड़ 60 लाख महिलाओं को धुएँ से मुक्ति दिलाने का संकल्प लिया। आयुष्मान भारत योजना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 65 वर्षों तक किसी सरकार ने गरीब के स्वास्थ्य की गारंटी नहीं सोची, लेकिन आज 65 करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं।
उन्होंने शिवपुरी की जैकेट फैक्ट्री में कार्यरत महिलाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में ये महिलाएँ आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बनेंगी।
JAM ट्रिनिटी और डिजिटल क्रांति का उल्लेख
सिंधिया ने कहा कि जनधन खाते, आधार और मोबाइल फोन आधारित JAM ट्रिनिटी ने देश की व्यवस्था को बदल दिया। उन्होंने कहा कि पहले मोबाइल कॉल महंगी थी और डेटा आम आदमी की पहुँच से बाहर था, लेकिन आज डिजिटल क्रांति ने देश के सामान्य नागरिक को सशक्त बनाया है। आज इसी ट्रिनिटी के चलते योजनाओं का लाभ सीधा लाभार्थियों के खाते में पहुंचता है।
“रुकना नहीं है, झुकना नहीं है”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर और अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कर देश के लंबे समय के सपनों को साकार किया है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों, एयरपोर्ट और अधोसंरचना विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज विश्व पटल पर नई शक्ति के रूप में उभर रहा है।
अपने संबोधन के अंत में सिंधिया ने कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्यकर्ता को निरंतर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि एक-एक योद्धा ने संकल्प लिया है कि देश के प्रगति के लिए न रुकेंगे, न झुकेंगे।
*अशोकनगर*
*23 मई 2026,शनिवार*
*केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान को किया संबोधित
*विकसित भारत 2047 कोई कल्पना नहीं, राष्ट्र का संकल्प है: सिंधिया
*“भाजपा विचार, तपस्या और संगठन की शक्ति से विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक व्यवस्था बनी”: सिंधिया
*सिंधिया ने अशोकनगर के पुराने कार्यकर्ताओं और जनसंघ-भाजपा के संस्थापक स्तंभों को किया याद
*भाजपा का लक्ष्य है की 2029 तक देश में कोई भी गरीब बिना छत के न रहे
अशोकनगर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री व स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को अशोकनगर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 को संबोधित करते हुए भाजपा के वैचारिक संघर्ष, संगठनात्मक विस्तार और विकसित भारत 2047 के संकल्प पर विस्तार से बात की।
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अशोकनगर और क्षेत्र के दिवंगत वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं जनसंघ-भाजपा के संस्थापक स्तंभों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने स्वर्गीय चिम्मनलाल सड़ाना जी, लक्ष्मण आर्य जी, प्रकाश जैन दर्जी जी, भास्कर भार्गव जी, काबुलचन्द बंसल जी, पुराणचंद अग्रवाल जी, देशराज यादव जी का स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र समर्पित संगठन की स्थापना ऐसे ही महानुभावों ने अपने तप, त्याग और समर्पण से की थी।
सिंधिया ने अपनी आजीअम्मा राजमाता विजयाराजे सिंधिया को भी स्मरण करते हुए कहा कि अशोकनगर के संस्थापकों और संगठन की नींव रखने वाले कार्यकर्ताओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिस विराट स्वरूप में खड़ी है, वह वर्षों की वैचारिक तपस्या, संघर्ष और संगठनात्मक सिंचाई का परिणाम है।
“2 सीटों से 22 राज्यों तक भाजपा ने फहराया भाजपा का ध्वज”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कभी दो सीटों से शुरू हुई भाजपा आज 22 राज्यों में अपना परचम लहरा रही है और विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक व्यवस्था के रूप में उभरकर सामने आई है।
उन्होंने कहा कि आज विश्व को संदेश मिल रहा है कि भारत राजनीतिक स्थिरता, विकास और निर्णायक नेतृत्व के नए युग में प्रवेश कर चुका है। भाजपा को एक विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ा करने का कार्य विचार और संगठन के आधार पर हुआ है।
“प्रशिक्षण शिविर सामान्य कार्यकर्ता को राष्ट्रनिर्माण का वाहक बनाते हैं”
सिंधिया ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि आने वाले समय के कार्यकर्ताओं को गढ़ने का माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि यह समझना आवश्यक है कि हम कहां से आए हैं और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य तक देश को कैसे पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि सामान्य कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और विकसित भारत के संकल्प में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भाजपा ने 15 वर्षों की अथक मेहनत और संघर्ष के आधार पर अपना जनाधार मजबूत किया है।
“देश बदल रहा है क्योंकि व्यवस्था बदली है”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि उस विकास का लोकतांत्रिकरण करना है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा आप उतने ही मजबूत हैं जितनी आपकी टीम की सबसे कमजोर कड़ी।
गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर साधा निशाना
सिंधिया ने कहा कि आज 80 करोड़ गरीबों तक नि:शुल्क राशन सीधे पहुंच रहा है, जबकि एक समय ऐसा था जब राशन गरीबों के घर नहीं बल्कि नेताओं के गोदामों तक पहुंचता था। उन्होंने कहा कि 65 वर्षों में जहां केवल 3 करोड़ आवास बने, वहीं पिछले 12 वर्षों में 4 करोड़ घर बनाकर गरीबों को सम्मानजनक जीवन देने का कार्य किया गया है। भाजपा का लक्ष्य है कि 2029 तक देश में कोई भी गरीब बिना छत के न रहे।
उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत 15.8 करोड़ घरों तक नल और जल पहुंचाने, उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ महिलाओं को लाभ, पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधे सहायता, आयुष्मान भारत योजना के तहत 62 करोड़ पंजीकरण का भी किया।
सिंधिया ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनके बारे में सोचा जिनकी किसी सरकार ने कभी परवाह नहीं की। यह पीएम की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि आज हमारे रेहड़ी ठेली वाले भाई बहनों को स्वनिधि योजना से लाभ मिल रहा है और वे सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वनिधि योजना और मुद्रा योजना जैसी पहलें छोटे व्यापारियों, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को नई ताकत दे रही हैं। उन्होंने राजगढ़ की महिलाओं के स्वयं सहायता समूह का उदाहरण देते हुए कहा कि छोटे प्रयास आज बड़े परिवर्तन का माध्यम बन रहे हैं।
यही समय है, सही समय है: सिंधिया
अपने संबोधन के समापन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत की क्षमता असीमित है और आज देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। मंत्री सिंधिया ने कहा कि डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, नारी वंदन अधिनियम और गरीब कल्याण की योजनाएं नए भारत की पहचान बन चुकी हैं तथा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत 2047 के इस संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएगा।
*गुना*
*23 मई 2026, शनिवार*
*आत्मीयता की तस्वीर: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यकर्ताओं संग बैठकर किया भोजन
*खुद थाली लगाई, कार्यकर्ताओं को परोसा भोजन; सादगी और आत्मीय व्यवहार ने जीता दिल
*गुना/भोपाल|* केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान- गुना 2026 को संबोधित करने के पश्चात कार्यकर्ताओं के साथ अत्यंत आत्मीय वातावरण में बैठकर भोजन किया। कार्यक्रम के बाद सिंधिया सीधे कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे, जहां उन्होंने स्वयं अपनी थाली लगाई और कई कार्यकर्ताओं को अपने हाथों से भोजन भी परोसा।
इस दौरान का दृश्य पूरी तरह पारिवारिक और आत्मीय भाव से भरा दिखाई दिया। केंद्रीय मंत्री लंबे समय तक कार्यकर्ताओं के बीच बैठे, उनसे सहज संवाद किया और संगठनात्मक परिवार की भावना को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया। भोजन के बाद केंद्रीय मंत्री भोपाल के लिए रवाना हुए।
कार्यकर्ताओं ने भी सिंधिया के इस सादगीपूर्ण व्यवहार और आत्मीय जुड़ाव की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि यही भाजपा संगठन की वास्तविक शक्ति है, जहां नेतृत्व और कार्यकर्ता के बीच औपचारिक दूरी नहीं, बल्कि परिवार जैसा संबंध होता है।
केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल होने के साथ साथ राष्ट्रसेवा के संकल्प से जुड़ा एक परिवार है, जिसकी वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें