Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_डिफरेंट: जनसुनवाई में लगी कलेक्टर अर्पित वर्मा से उम्मीद की लंबी कतार, एक एक से सुनी मन की बात, कुछ समस्या मौके पर ही निपटाई, कुछ के लिए दिए निर्देश

मंगलवार, 5 मई 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*संवेदनशील प्रशासन, आमजन को राहत
*जनसुनवाई में अनिल और केशराम को मिले संबल योजना के तहत 2-2 लाख रुपए का स्वीकृति पत्र
*10 वर्षीय रोहित जाटव को उपलब्ध कराया श्रवण यंत्र
*जनसुनवाई में प्राप्त हुए 285 आवेदन
शिवपुरी, 05 मई 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। जनसुनवाई लोगों के लिए लाभदायक साबित हो उसके लिए सभी अधिकारियों को तत्परता से आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।
इस मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कुल 285 आवेदन प्राप्त हुए।
दो आवेदकों को मिला संबल योजना का लाभ
जनसुनवाई में आज एक बार फिर जिला प्रशासन की संवेदनशील और जनहितैषी पहल देखने को मिली। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने जनसुनवाई के दौरान आवेदक अनिल लोधी निवासी तहसील करैरा ग्राम सिल्लारपुर को उनकी पत्नी जयंती लोधी की मृत्यु होने पर संबल योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार जनसुनवाई में ग्राम सेंवड़ीकलां तहसील करैरा निवासी केशराम परिहार को उनकी पत्नी प्रियंका परिहार की मृत्यु होने पर संबल योजना के तहत 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इस सहायता से उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त हुआ और कठिन परिस्थितियों में राहत मिलेगी।
10 वर्षीय रोहित जाटव को मिला श्रवण यंत्र
आवेदक श्रीमती रचना जाटव अपने 10 वर्षीय पुत्र रोहित जाटव के साथ जनसुनवाई में उपस्थित हुईं। रोहित को सुनने में समस्या थी, जिसके लिए पूर्व में चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया जा चुका था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने तत्परता दिखाते हुए बालक को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराई। यह श्रवण यंत्र रोहित के जीवन में न केवल सुनने की क्षमता में सुधार लाएगा, बल्कि उसके आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को भी नई दिशा देगा।
कलेक्टर ने आवेदक को पेंशन दिलाए जाने के दिए निर्देश
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर आई आवेदक चतरो बाई तहसील बदरवास निवासी की समस्या को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। आवेदक ने कलेक्टर श्री वर्मा को बताया कि उनके पति तहसील बदरवास में सरकारी अस्पताल में कार्यरत थे, अब उनकी मृत्यु हो चुकी है, लेकिन अभी तक उन्हें पेंशन नहीं दी जा रही हैं। वे कार्यालयों के चक्कर लगाकर परेशान है, जिस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने जिला कोषालय अधिकारी को निर्देश दिए इस पेंशन प्रकरण का जल्द से जल्द निराकरण कराए। 
सभी परियोजना अधिकारी आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें - कलेक्टर
 जिला पोषण समिति की बैठक में दिए निर्देश
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी परियोजना अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। जिला पोषण समिति की बैठक में समीक्षा करते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी सीडीपीओ को स्पष्ट कहा है कि आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन समय पर खुलना चाहिए और आंगनबाड़ी केंद्र में जो गतिविधियां समय-समय पर होनी है वह संचालित होनी चाहिए। सभी परियोजना अधिकारी आंगनबाड़ी केंद्रों पर निगरानी करें। यदि कहीं आंगनबाड़ी केंद्र बंद पाए जाते हैं तो संबंधित पर कार्यवाही करें।
 इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में मिलने वाले पोषण आहार पर भी निगरानी रखी जाए। यदि किसी समूह द्वारा पोषण आहार वितरण में लापरवाही की जाती है तो संबंधित समूह को हटाने के लिए कार्रवाई करें। बच्चों को गुणवत्ता युक्त खाना मिलना चाहिए। यदि परियोजना अधिकारी द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जाएगी तो कार्यवाही होगी इसलिए परियोजना अधिकारी अपने काम के प्रति अलर्ट मोड पर आ जाएं और एक सप्ताह में उनके काम में प्रगति आना चाहिए।
 इसके अलावा बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई जिसमें हितग्राही पोषण ट्रैक्टर में पंजीकृत गर्भवती महिलाएं जिनके आधार सत्यापन, आभा आईडी की समीक्षा हुई। इसमें गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, 0 से 3 वर्ष के बच्चे, 3 से 6 वर्ष के बच्चे, शाला पूर्व शिक्षा हेतु पंजीयन, अपार आईडी, समग्र सत्यापन, टी एच आर वितरण, बच्चों को आंगनबाड़ी केदो में नाश्ता एवं गर्म पके भोजन प्रदाय की स्थिति आदि की समीक्षा की गई।
 कलेक्टर अर्पित वर्मा ने समीक्षा के दौरान कहा है कि जिन भी मानकों में विभाग द्वारा बेहतर काम नहीं किया जा रहा है उसमें सुधार लाएं अन्यथा सीडीपीओ पर कार्यवाही होगी। अपनी-अपनी परियोजना में सीडीपीओ जिम्मेदार अधिकारी हैं। 
एनआरसी में बच्चों को भर्ती कराने के निर्देश
जिले में 100 बिस्तर का एनआरसी है जिसमें अति गंभीर कुपोषित बच्चों को रखा जाता है ताकि बेहतर देखभाल और उपचार के साथ उनकी स्थिति में सुधार लाया जा सके। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र जादौन से बच्चों की जानकारी लेते हुए एन आर सी के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत अति गंभीर कुपोषित बच्चों की स्थिति की समीक्षा की गई।
आंगनवाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण, समय पर सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
एक केन्द्र पर स्टाफ अनुपस्थित मिलने पर होगी कार्रवाई
शिवपुरी, 05 मई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में आंगनवाड़ी केन्द्रों का व्यापक स्तर पर आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का बेहतर एवं समय पर लाभ सुनिश्चित करना रहा।
इसी क्रम में परियोजना अधिकारी करैरा एस. शेखरन द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र वार्ड क्रमांक 04 द्वितीय, वार्ड 03 तृतीय एवं चिन्नोद द्वितीय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वहीं परियोजना अधिकारी नरवर रविरमन पाराशर द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र नानकपुर, टुकी एवं गोपलिया का निरीक्षण किया गया।
इसी प्रकार परियोजना अधिकारी अमित यादव एवं सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती जयदेवी रावत द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र सिंहनिवास-01, सिंहनिवास-02 एवं सिंहनिवास-03 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंहनिवास-01 केन्द्र पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संगीत शर्मा एवं सहायिका माहेश्वरी ओझा बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गईं, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं सिंहनिवास-02 एवं 03 पर कार्यकर्ता उपस्थित मिलीं और पोषण ट्रैकर पर प्रविष्टियां करते हुए तथा अभिलेख संधारण का कार्य करते हुए पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान सभी परियोजना अधिकारियों द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को निर्देशित किया गया कि वे नियमानुसार एवं निर्धारित समय के अनुसार केन्द्रों का संचालन सुनिश्चित करें तथा विभागीय योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाएं। साथ ही सेक्टर पर्यवेक्षकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया।
कलेक्टर ने प्रदान किया अनुकम्पा नियुक्ति आदेश
शिवपुरी, 05 मई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने संगीता शर्मा को अनुकम्पा नियुक्ति आदेश प्रदान किया। आज कलेक्ट्रेट में उन्हें यह आदेश प्रदान किया गया।
जारी आदेश के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार संगीता शर्मा, पत्नी स्व. आनंद कुमार दुबे (प्राथमिक शिक्षक, प्रा.वि. गरैला), निवासी वार्ड क्रमांक 09, कटरा मोहल्ला, ए.बी. रोड बदरवास को भृत्य के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्हें वेतनमान 4440-7440 ग्रेड पे 1300 एवं शासन द्वारा स्वीकृत अन्य भत्तों के साथ कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी शिवपुरी में पदस्थ किया गया है। उनकी नियुक्ति 3 वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर निर्धारित शर्तों के साथ प्रभावी रहेगी।
स्वास्थ्य सूचकांक को बढाने कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश 
- जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सपन्न
शिवपुरी 5 मई 2026। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में गत दिवस आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्वास्थ्य सूचकांक में वृद्धि करने के निर्देश दिए।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य एंव महिला बाल विकास विभाग के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। जिनसे परिचय प्राप्त करने के बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सीएम हेल्प लाईन, एएनसी, पीएनसी, मातृ मृत्यु, शिशु मृत्यु, हाई रिस्क प्रगनेट वूमेन की स्क्रीनिंग एवं मैनेजमेंट, होम डिलेवरी, एसएनसीयू, एनवीएसयू, एनएएफएलडी, मेंटल हेल्थ, अधत्व कार्यक्रम, टीकाकरण कार्यक्रम, एचपीव्ही टीकाकरण, एचव्हीएनसी, वीएसडब्लू एवं 70 बर्ष की आयु से अधिक आयु के वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड निर्माण, निक्षय योजना, टीवी मुक्त भारत, एडस, एनपीपीसीडी, उमंग हेल्थ क्लिनिक, स्कूल हेल्थ एण्ड वेलनेस कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अमले से कहा कि स्वास्थ्य सूचकांक बढाना सुनिश्चित करें। आगामी बैठक में बडे हुए सूचकांक के साथ समीक्षा की जाएगी। 
कलेक्टर ने यह भी दिए निर्देश
- सीएम हेल्प लाईन के प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ बंद कराएं।
- बैंक खाते, डीवीटी के कारण जिन हितग्राहियों को राशि का भुगतान नही हो पा रहा है उनके खाते सीएचओ और एएनएम से मंगाए।
- ब्लॉक लेखा पं्रबंधक हितग्राहियों को भुगतान में आ रहे टेक्नीकल एरर की लिखित जानकारी दें तथा जिला स्तर से कार्यवाही करें। 
- समग्र आईडी के कारण जिन हितग्राहियों को भुगतान नही हो पा रहा है उनकी सूची जनपद सीईओ को दें तथा सीईओ जेडपी को सूचना करें।
- प्रत्येक माह 9 व 25 तारीख को हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को बुलाने का प्रबंधन खडा करें।
- एमडीआर में मृतक के परिजनों से भी वयान दर्ज करें।
- ईकेवायसी और डीवीटी के लिए हितग्राही को ढूढकर समधान करें।
- 108 एम्बुलेंस का उपयोग सवारी ढोने में न हो। यदि ऐसा पाया जाए तो एफआईआर करावें।
- अस्पतालों में आने वाले हर रोगी की एनएएफएलडी अंतर्गत परीक्षण करें। 
-जिन्हें आवश्यकता है ऐसे रोगी को चश्मों का वितरण करें।
-गर्मी के मौसम को देखते हुए ओआरएस सभी को वितरण करें।
-आरबीएसके योजना अंतर्गत विकासखंड स्तर पर कैंपों का आयोजन करें।
-दस्तक अभियान की अभी से तैयारी रखें । प्रदेश में पहला स्थान आना चाहिए।
कलेक्टर की पहल, रेडक्रॉस से दो जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता
शिवपुरी, 05 मई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए दो जरूरतमंद आवेदकों को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शिवपुरी के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
फतेहपुर, गडरिया वाली गली, वार्ड क्रमांक 15 निवासी कमला जाटव द्वारा अपनी पोती पलक जाटव के विवाह हेतु सहायता राशि की मांग की गई थी। इस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने रेडक्रॉस से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इसी प्रकार महाराणा प्रताप कॉलोनी निवासी राजकुमार ओझा द्वारा अपनी पत्नी के हृदय रोग एवं किडनी के उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग पर रेडक्रॉस के माध्यम से 5 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। अपर कलेक्टर दिनेश शुक्ला ने दोनों आवेदकों को रेड क्रॉस से आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। कलेक्टर ने जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129