Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: शहर में पानी की सप्लाई में समस्या न आए, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दिए सीएमओ को निर्देश

शुक्रवार, 8 मई 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी, 08 मई 2026। विगत दिनों से सतनबाड़ा फिल्टर प्लांट पर मोटर जलने की लगातार घटनाओं के कारण नगर पालिका शिवपुरी क्षेत्र में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मोटर मरम्मत करने वाले मैकेनिक से भी चर्चा की तथा आवश्यक सुधार कार्य के बाद मोटरों को पुनः चालू कराया, जिससे शहर में जल प्रदाय सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया। 
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ को निर्देश दिए कि फिल्टर प्लांट पर सुरक्षा गार्ड नियुक्त किए जाएं। परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाए एवं मुख्य द्वार पर अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए।
आकस्मिक स्थिति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
नगरपालिका सीएमओ द्वारा बताया गया कि किसी भी संभावित जल संकट से निपटने हेतु पर्याप्त ट्रैक्टर-टैंकर की व्यवस्था कर ली गई है। जल प्रदाय व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करने हेतु नई मोटरों की खरीदी का कार्यादेश जारी कर दिया गया है। आगामी 2 से 3 माह में नई मोटरें स्थापित होने के बाद मशीनरी संबंधी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
पेयजल समस्या के निराकरण के लिए कंट्रोल रूम
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने पेयजल संबंधी समस्या को देखते हुए कंट्रोल रूम गठन करने के निर्देश दिए थे जिससे कि पेयजल संबंधी समस्या का निराकरण किया जा सके। नागरिक जल प्रदाय से संबंधित अपनी शिकायतें कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9202140627 पर दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम के प्रभारी रमेश कुमार सिंह (मो. 7987169492), सिटी मिशन मैनेजर को बनाया गया है। प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु कंट्रोल रूम का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
 नगर पालिका शिवपुरी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। यदि किसी क्षेत्र में जल आपूर्ति संबंधी समस्या हो तो तत्काल हेल्पलाइन पर संपर्क करें, नगरपालिका द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी गलत सूचना, बहकावे में न आएं। जिला प्रशासन व नगरपालिका पूर्णतः शिवपुरी के नागरिकों की सेवा हेतु प्रतिबद्ध हैं।
धमाका न्यूज की सीएमओ से अपील
धमाका न्यूज शिवपुरी ने नगर के पेयजल संकट को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। कलेक्टर अर्पित वर्मा का शुक्रिया जिन्होंने फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया और कमियां दूर करवाकर नगर को पेयजल संकट से बचाया। सीएमओ इशांक धाकड़ जिनसे हम लगातार अपील करते रहे हैं कि खुद या अपने विश्वसनीय अधिकारियों को नगर में भेजकर वस्तु स्थिति से रूबरू रहें, उन्हें कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सक्रिय कर दिया है। हमारी अपील है कि नगर में मड़ीखेड़ा के आ जाने के बाद अब पानी की बर्बादी की तस्वीर वायरल करते हुए बेकार बहने वाले नलों को बंद करवाएं। आज ओरियंटल बैंक के पीछे गली में दोपहर 3 बजे कुछ नलों से तेज धार में पानी नालियों में बहता देखकर दुख हुआ। एक प्वाइंट को हमने खुद बंद कर जल बर्बादी रोकी। इसी तरह नपा को टीम भेजकर नलों पर टोटी लगवानी चाहिए। जनता से भी अपील है कि पानी न आने पर जिस तरह चिंता करती है वैसे ही नल आने पर पानी बर्बाद न करें। 
नपा के टैंकर से पानी वितरण होता मिला
नगर के पुराने बायपास पर सुबह दस बजे कई लोग नपा के टैंकर से पानी भरते दिखाई दिए।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129