Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_अच्छी_खबर: विश्व रक्तदाता दिवस, सीआईएटी स्कूल CRPF शिवपुरी में रक्तदान शिविर के साथ हुआ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

रविवार, 14 जून 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी, 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काउंटर इंसर्जेंसी एंड एंटी टेररिज्म स्कूल (सीआईएटी), शिवपुरी में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी), शिवपुरी के सहयोग से एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम सीआईएटी शिवपुरी के प्राचार्य एवं आईजीपी श्री अशोक साम्याल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीमती नेहा यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत, डॉ. डी. परमहंस, डीन,गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज शिवपुरी ,श्रीमती डॉ. अपराजित तोमर,विभागाध्यक्ष पैथोलॉजी विभाग ,डॉ. शिल्पा ,डॉ पारुल गुप्ता, लॉयंस क्लब से जुड़े समाजसेवी श्री सूरज बंसल एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज शिवपुरी के अनेक प्रशिक्षु विशेष रूप से उपस्थित रहे। जीएमसी शिवपुरी जिले की प्रमुख स्वास्थ्य संस्था है, जो क्षेत्र के नागरिकों को आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जन-जागरूकता कार्यक्रमों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में उपस्थित सीआईएटी शिवपुरी के मुख्य प्रशिक्षक अधिकारी श्री बृजेश कुमार ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है तथा स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि श्रीमती नेहा यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत, शिवपुरी ने अपने संबोधन में सीआरपीएफ के बहुआयामी योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ केवल देश की आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद एवं उग्रवाद विरोधी अभियानों में ही महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाती, बल्कि समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भी सदैव अग्रणी रहती है। उन्होंने कहा कि शिवपुरी जिले में सीआरपीएफ द्वारा समय-समय पर स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, सामाजिक सहभागिता तथा नागरिक सहयोग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर जैसे आयोजन सुरक्षा बलों के मानवीय और संवेदनशील पक्ष को उजागर करते हैं तथा समाज में सेवा,योग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। श्रीमती यादव ने रक्तदान करने वाले सभी “रक्तवीरों” की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।उन्होंने सीआरपीएफ एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, शिवपुरी द्वारा आयोजित इस जनहितकारी पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. डी. परमहंस ने अपने संबोधन में सीआरपीएफ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और विकास में सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत चिकित्सा के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है और आज देश में आधुनिक कैंसर उपचार, मेडिकल टूरिज्म तथा रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में रक्तदान जैसी गतिविधियां अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
रक्तदान जागरूकता सत्र के दौरान डॉ. अपराजिता तोमर ने बताया कि समाज में अभी भी अनेक लोग रक्तदान को लेकर भ्रम और भय रखते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी या बीमारी नहीं होती। नियमित अंतराल पर रक्तदान करना सुरक्षित है तथा इससे अनेक मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, बड़ी शल्य चिकित्सा, प्रसूति संबंधी जटिलताओं तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। समय पर उपलब्ध रक्त कई परिवारों को नया जीवन प्रदान करता है।
श्री सूरज बंसल,सचिव लायंस क्लब ने रक्तदान को “महादान” बताते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने नागरिकों से संकोच छोड़कर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की तथा कहा कि एक रक्तदाता कई लोगों के जीवन की रक्षा कर सकता है।
रक्तदान शिविर में सीआरपीएफ अधिकारियों श्री देवेन्द्र कुमार,उप कमांडेंट श्री धर्मेन्द्र कुमार, श्री मनीष कुमार शर्मा, श्री आनंद कुमार यादव ब अधीनस्थ अधिकारी , जवानों, प्रशिक्षुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित “रक्तवीरों” ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। इस रक्तदान शिविर में कुल 53 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया l रक्तवीरों द्वारा किया गया यह योगदान शिवपुरी जिले में रक्त की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दुर्घटनाओं, गर्भवती महिलाओं की आपात चिकित्सा आवश्यकताओं, गंभीर बीमारियों तथा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में रक्त की कमी के कारण होने वाली संभावित मृत्यु को रोकने में ऐसे शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह पहल शिवपुरी के स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास में भी उल्लेखनीय योगदान प्रदान करेगी।
इस अवसर पर सहायक कमांडेंट श्री पवन कुमार सिंह ने कहा कि सीआरपीएफ के जवान और कमांडो केवल देश की आंतरिक सुरक्षा, काउंटर इंसर्जेंसी अभियानों, जम्मू-कश्मीर, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तथा पूर्वोत्तर राज्यों जैसे दुर्गम इलाकों में ही अपनी सेवाएं नहीं देते, बल्कि सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस जैसे आयोजन सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं तथा समाज और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास को और सुदृढ़ बनाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तवीरों को उनके अमूल्य योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र,रिफ्रेशमेंट किट, फ्रूट बास्केट एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने रक्तदाताओं के उत्साह एवं सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही यह विश्वास व्यक्त किया गया कि भविष्य में भी सीआरपीएफ का सीआईएटी शिवपुरी जनहित एवं समाज सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन हेतु सदैव तत्पर रहेगा। “रक्तदान महादान है — एक यूनिट रक्त, अनेक जीवन सुरक्षित।”
जय हिन्द जय भारत l CRPF सदा अजय भारत माता की जय।














कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129