*शिवपुरी को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की नई खेल सुविधा, जिला खेल परिसर में होगा 50 मीटर स्विमिंग पूल का निर्माण
शिवपुरी, 02 जुलाई 2026। MP की पूर्व खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रदेश के साथ साथ शिवपुरी जिले को खेल की अनेक सौगात दी हैं जिनके बूते पर आज खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर परचम फहरा रहे हैं। अब उसे एक और नई सौगात मिलने जा रही है। बताना होगा कि केंद्रीय मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर का निर्माण करवाया था जिसमें अब खेल अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला खेल परिसर में 50 मीटर का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक स्वीमिंग पूल निर्मित किया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से शिवपुरी में तैराकी एवं वाटर स्पोर्ट्स को नई दिशा मिलेगी तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
10 लेन वाला अत्याधुनिक स्वीमिंग पूल होगा विकसित
प्रस्तावित 50 मीटर लंबे स्वीमिंग पूल में 10 लेन होंगी तथा इसे आधुनिक तकनीक एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विशेष उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा। इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण द्वारा डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेल अधोसंरचना को मिलेगा नया आयाम
जिला खेल अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने बताया कि वर्तमान में जिला खेल परिसर में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, शूटिंग रेंज, बैडमिंटन कोर्ट, हॉकी टर्फ एवं क्रिकेट स्टेडियम जैसी आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वीमिंग पूल इन सुविधाओं में एक महत्वपूर्ण नई उपलब्धि होगा।
निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ, सर्वे कार्य पूर्ण
उन्होंने बताया कि स्वीमिंग पूल का निर्माण लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता के माध्यम से कराया जाएगा तथा इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया प्रचलन में है। प्रस्तावित स्थल का सर्वेक्षण भी पूर्ण हो चुका है। भविष्य में इसे ऑल वेदर सुविधा के रूप में विकसित किए जाने की भी योजना है, जिससे वर्षभर तैराकी गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का संचालन संभव हो सकेगा।














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें