शिवपुरी, 27 जुलाई। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "नशा मुक्ति अभियान" के अंतर्गत सोमवार को गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल, राघवेंद्र नगर, शिवपुरी में नशा मुक्ति विषय पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर. डी. प्रजापति तथा विशिष्ट अतिथि देहात थाना प्रभारी (टी.आई.) श्री विकास यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की सम्माननीय सेक्रेटरी श्रीमती एस. के. अरोरा ने की। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य श्री कुलदीप श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जबकि मंच संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री कौशल यादव ने प्रभावशाली ढंग से किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्री आर. डी. प्रजापति का स्वागत प्राचार्य श्री कुलदीप श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। विशिष्ट अतिथि श्री विकास यादव का स्वागत श्री नितिन भारद्वाज तथा विद्यालय की सम्माननीय सेक्रेटरी श्रीमती एस. के. अरोरा का स्वागत श्रीमती रीना धाकड़ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना तथा शिवपुरी पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के प्रेरणादायी वीडियो संदेश दिखाए गए। इन संदेशों में विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अच्छे संस्कार विकसित करने तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर. डी. प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि "युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है और नशा इस शक्ति को कमजोर कर देता है।" उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों एवं उत्तम संस्कारों को अपनाकर नशे से सदैव दूर रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि टी.आई. श्री विकास यादव ने विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए उन्हें स्वयं जागरूक बनने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अंत में श्री नितिन भारद्वाज ने सभी अतिथियों, मध्यप्रदेश पुलिस, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
जागरूकता, प्रेरणा एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन के प्रति नई चेतना जागृत करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में अत्यंत सफल रहा।
















सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें