शिवपुरी। वर्षा ऋतु अपने साथ हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य लेकर आती है, लेकिन इसी के साथ बीमारियों, दुर्घटनाओं एवं प्राकृतिक आपदाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में स्वयं तथा बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है।
बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जिलेवासियों, विशेषकर अभिभावकों एवं किशोरों से अपील करते हुए कहा है कि बरसात के दौरान नदी, तालाब, कुएं, नाले एवं अन्य जलस्रोतों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। ऐसे में फिसलने, बहने अथवा डूबने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए अभिभावक बच्चों पर विशेष निगरानी रखें तथा उन्हें जलस्रोतों के आसपास जाने से रोकें।
उन्होंने बताया कि वर्षाकाल में जलस्रोतों के आसपास होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा भी जनजागरूकता के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
आकाशीय बिजली से रहें सतर्क
बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली (बज्रपात) का खतरा भी काफी बढ़ जाता है। प्रतिवर्ष अनेक लोगों की असमय मृत्यु इसकी चपेट में आने से होती है। बादलों की गर्जना एवं बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें। बिजली के खंभों, ऊंचे पेड़ों, जलस्रोतों तथा खुले विद्युत तारों से तत्काल दूर हो जाएं। ऐसे समय में किसी पेड़ या झाड़ी के नीचे आश्रय लेना भी सुरक्षित नहीं होता।
यदि आसपास कोई पक्का भवन या मजबूत शेड उपलब्ध न हो तो खुले मैदान में झुककर या जमीन पर बैठ जाएं, दोनों पैरों की एड़ियों को आपस में मिलाकर रखें तथा कानों को हाथों से ढक लें। इससे जोखिम कम किया जा सकता है।
बिजली के खंभों एवं ट्रांसफार्मरों से बनाए रखें दूरी
बारिश के दौरान विद्युत पोल, खुले ट्रांसफार्मर तथा बिजली की अन्य संरचनाएं गीली होने के कारण उनमें करंट फैलने का खतरा रहता है। ऐसे स्थानों के संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए स्वयं भी इनसे दूर रहें तथा बच्चों एवं अन्य लोगों को भी इनके पास न जाने के लिए जागरूक करें।
जोखिमपूर्ण रील्स और स्टंट से बचें
बरसात के मौसम में नदी-नाले उफान पर होने, पुलों के ऊपर से पानी बहने अथवा बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर किसी भी परिस्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। सोशल मीडिया के लिए रील्स या वीडियो बनाने के उद्देश्य से तेज बहाव वाले पानी, फिसलन भरी चट्टानों अथवा अन्य जोखिमपूर्ण स्थानों पर जाकर स्टंट करना जानलेवा साबित हो सकता है। जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए ऐसे जोखिमपूर्ण कार्यों से पूरी तरह बचें।
बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वर्षाकाल के दौरान सतर्क रहें, बच्चों पर विशेष निगरानी रखें तथा सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करते हुए स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
















सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें