Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews : 12 वाँ प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार स्मृति सम्मान समारोह 20 अगस्त को नक्षत्र गार्डन में

मंगलवार, 18 अगस्त 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*गरीब परिवारों के बच्चों के जीवन को शिक्षा के प्रकाश से आलोकित करने के महनीय योगदान के लिए ओमप्रकाश दीक्षित एवं सुरेंद्रपाल सिंह कुशवाह स्मृति सम्मान को करेंगे सुशोभित
शिवपुरी। विख्यात शिक्षाविद प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार की जयंती पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार स्मृति सम्मान समारोह का 12 वाँ संस्करण 20 अगस्त 2026 को सायं 06:00 बजे नक्षत्र गार्डन शिवपुरी में आयोजित होने जा रहा है. उक्त समारोह में बतौर मुख्य अतिथि क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय गुना के कुलगुरु (वाइस चांसलर) प्रोफेसर (डॉ.) किशन यादव एवं अध्यक्षता के लिए जिला कलेक्टर शिवपुरी अर्पित वर्मा की गौरवपूर्ण उपस्थिति होगी. कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया कार्यक्रम में सम्मिलित रहेंगीं. 
समाज में शिक्षा, सामाजिक कार्यों, सेवाकार्यों और मानवीय मूल्यों के संवर्धन की दृष्टि से अहर्निश उत्कृष्ट सेवा-कार्य करने वाले सेवाभावी व्यक्तित्वों का इस आयोजन में प्रतिवर्ष सम्मान किया जाता है. प्रोफेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार स्मृति सम्मान 2026 इस वर्ष सेवानिवृत्त शिक्षक ओमप्रकाश दीक्षित एवं सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी सुरेन्द्रपाल सिंह कुशवाह को प्रदान किया जाएगा.
 गरीब, मजदूर और सैंकड़ों असहाय जरुरतमंद परिवारों के बच्चों के भविष्य को संवारने एवं उनके जीवन को शिक्षा के प्रकाश से आलोकित करने के अप्रतिम समर्पण, निःस्वार्थ सेवाभाव के उल्लेखनीय योगदान के लिए सेवानिवृत्त शिक्षक ओमप्रकाश दीक्षित को यह स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा. वहीं प्रबुद्ध विचारक, साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री सुरेन्द्रपाल सिंह कुशवाह को यह गौरवपूर्ण सम्मान मानवीय संवेदनाओं से ओतप्रोत रचनात्मक साहित्य सृजन, युवाओं को शैक्षणिक मार्गदर्शन, गौवंश संरक्षण, जैविक कृषि प्रोत्साहन, ऋण-मुक्ति, दुर्घटना बीमा एवं अन्य बैंकिंग सेवाओं से समाज को लाभान्वित करने के महनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा.
गौरतलब है कि शासकीय पी.जी. कॉलेज शिवपुरी में पदस्थ रहकर 41 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में आदर्श प्राध्यापक के रूप में एकनिष्ठ साधना और समर्पण का ध्येयनिष्ठ जीवन जीने वाले और अंचल के विद्यार्थियों के जीवन निर्माण के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान करने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर देने वाले प्रोफ़ेसर चंद्रपाल सिंह सिकरवार का 06 जून 2015 को देहावसान हो जाने के बाद से उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए इस सम्मान समारोह की शुरुआत शिवपुरी शहर में उनके शिष्यों द्वारा की गयी है. समाज में शिक्षा, सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में एवं मानवीय मूल्यों के संवर्धन की दिशा में निरंतर मौन भाव से कृतसंकल्पित होकर सेवा-कार्य करने वाले कर्मनिष्ठ आदर्श व्यक्तित्वों का सम्मान करने की यह शुरुआत अगस्त 2015 से की गयी है. इस वर्ष यह 12 वाँ समारोह है.
















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129