शिवपुरी 10 अगस्त 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने जिले के शासकीय स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था पर निगरानी और सुधार के लिए काम शुरू कर दिया है। उन्होंने स्कूलों में व्यवस्थाओं में सुधार करने के लिए सख्त रवैया अपनाया है। सोमवार को आयोजित बैठक के दौरान ही उन्होंने समस्त अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। सभी अधिकारी आज शासकीय स्कूलों का भ्रमण करेंगे और स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता चैक करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, कक्षाओं में पठन-पाठन का स्तर, भवन की भौतिक स्थिति, चालू हालत में स्वच्छ शौचालय, परिसर की स्वच्छता तथा विद्यार्थियों को दी जा रही मध्याह्न भोजन व्यवस्था में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा है कि लापरवाही करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। यदि शिक्षक बिना किसी कारण और बिना अनुमति के स्कूलों से अनुपस्थित पाए जाते हैं,तो उनके विरुद्ध कार्यवाही होगी।
अधिकारियों ने किया स्कूलों का निरीक्षण
निर्देशानुसार संयुक्त कलेक्टर अनुराग निंगवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का सघन औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में पहुंचकर उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। अधिकारियों ने कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की स्थिति का जायजा लिया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। परिसर की स्वच्छता तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता देखी गई।
लापरवाही पर होगी कार्यवाही
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा की इस पहल का मुख्य उद्देश्य शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों हेतु निर्धारित शासकीय योजनाओं का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि विद्यालयों के समयबद्ध संचालन, मूलभूत सुविधाओं के रखरखाव और शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने दो आदतन अपराधियों को किया जिला बदर
शिवपुरी, 10 अगस्त 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने दो आदतन अपराधियों को जिलाबदर किया है और शिवपुरी जिले तथा उसके समीपवर्ती जिलों की सीमा से छह माह के लिए बाहर जाने के निर्देश दिए है।
आदतन अपराधी अरुण परिहार पुत्र राजपाल सिंह परिहार उम्र 36 साल निवासी ग्राम श्रीपुर चक्क थाना बदरवास एक आदतन अपराधी है जिस पर वर्ष 2008 से अभी तक विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है। इसी प्रकार आदतन अपराधी रावसाहब लोधी पुत्र सीताराम लोधी, उम्र 25 साल निवासी ग्राम बदनपुर थाना पिछोर एक आदतन अपराधी है जिस पर वर्ष 2021 से अभी तक विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध है। उक्त अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों से शांति व्यवस्था प्रभावित होती है तथा किसी भी दिन गंभीर घटना घटित हो सकती है।
आदतन अपराधियों को शिवपुरी एवं उसके आस-पास के जिलों ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, दतिया, गुना की सीमा के भीतर से 6 माह के लिये जिला बदर किया है। जिलाबदर की अवधि में जिस-जिस स्थान पर निवास करेगा, उसकी लिखित सूचना प्रतिमाह रजिस्टर्ड डाक से संबंधित थाने को आवश्यक रूप से देना होगी तथा वहां के थाना प्रभारी तत्संबंधी रिकार्ड संधारित करेंगे।
यदि जिलाबदर अपराधी के विरुद्ध इन जिलों के किन्हीं न्यायालयों में मामले प्रचलित हों, तो उस मामले में वह स्वयं की उपस्थिति के लिए पेशी के दिन इन जिलों के न्यायालय में आ जा सकेगा, परंतु इसके पूर्व संबंधित थाना प्रभारी तथा संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक को सूचना देना अनिवार्य होगा।
पोहरी एसडीएम ने ली पटवारियों की बैठक, राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश
शिवपुरी, 10 अगस्त 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार सोमवार को पोहरी जनपद सभागार में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री जेपी गुप्ता ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण को लेकर समस्त पटवारियों की बैठक ली। बैठक में नवागत तहसीलदार श्रीमती कल्पना शर्मा एवं नायब तहसीलदार श्रीमती सरिता भदौरिया भी उपस्थित रहीं।
नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित लंबित प्रकरणों की हुई समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, भूमि आवंटन, राजस्व वसूली, लोकसेवा के लंबित प्रकरण, फार्मर रजिस्ट्री, सीएम हेल्पलाइन तथा बाढ़ से संबंधित प्रकरणों सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। एसडीएम श्री जेपी गुप्ता ने सभी पटवारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व बसूली बढ़ाने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के निर्देश
एसडीएम ने सभी पटवारियों को राजस्व बसूली बढ़ाने के निर्देश देते हुए पटवारी हल्का स्तर पर बसूली का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। साथ ही 7 दिवस में अतिक्रमण संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का भी समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। जुलाई माह में प्राप्त सभी लंबित शिकायतों का 7 दिवस में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
अतिवर्षा और बाढ़ से होने वाले नुकसान की तत्काल दें सूचना
अनुभाग में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए एसडीएम ने सभी पटवारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिवर्षा या बाढ़ के कारण किसी भी व्यक्ति को नुकसान होने की स्थिति में तत्काल संबंधित वरिष्ठ अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई समय पर की जा सके।
















सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें