Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: केन्द्रीय मंत्री द ग्रेट सिंधिया ने शिवपुरी में रखी देश के 7वें पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर की नींव

बुधवार, 2 सितंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*मध्य प्रदेश के डाक कर्मचारियों को अब प्रशिक्षण के लिए लगभग 600 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा, आधुनिक तकनीक और नई पीढ़ी के कौशल से सुसज्जित होगा नया केन्द्रः श्री सिंधिया
*प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल डाक सेवा के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम, दो वर्षों में डाक विभाग के राजस्व में ₹2,155 करोड़ की अभूतपूर्व वृद्धि
शिवपुरी। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज शिवपुरी में देश के 7वें पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर का भूमिपूजन किया। यह केन्द्र डाक विभाग के प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण के तंत्र को मजबूत करने के साथ मध्य प्रदेश और आसपास के राज्यों के डाक कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक और नई पीढ़ी के कौशल का प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप यह केन्द्र डाक
विभाग को बदलते समय की आवश्यकताओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अब 600 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा, शिवपुरी में मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना से मध्य प्रदेश के डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए
लगभग 600 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। शिवपुरी में ही उन्हें आधुनिक सुविधाओं और नई तकनीकों से युक्त प्रशिक्षण उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु-शिष्य परंपरा का विशेष महत्व रहा है। इसी भावना के साथ यह केन्द्र ज्ञान, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण की परंपरा को आधुनिक
तकनीक के साथ आगे बढ़ाएगा। बदलते समय के साथ डाक सेवाओं का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है और कर्मचारियों को इन परिवर्तनों के अनुरूप तैयार करना हमारी प्राथमिकता है।
देश के 7वें केन्द्र से मजबूत होगा डाक विभाग का प्रशिक्षण तंत्र
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि शिवपुरी का यह पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर देश में पहले से संचालित छह पोस्टल ट्रेनिंग सेंटरों की शृंखला का विस्तार है। वर्तमान में सहारनपुर, वडोदरा, मैसूर, गुवाहाटी, मदुरई और दरभंगा में ये केन्द्र संचालित हैं और प्रतिवर्ष लगभग 2,000 डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।
श्री सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का क्षेत्रफल की दृष्टि से दूसरा सबसे बड़ा राज्य है और भारत के मध्य में स्थित शिवपुरी अपनी भौगोलिक स्थिति एवं कनेक्टिविटी के कारण राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केन्द्र के लिए उपयुक्त स्थान है। यहां डाक कर्मचारियों को विशेषज्ञता आधारित, तकनीक-सक्षम और नई पीढ़ी के प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
डाक सेवा को डिजिटल बनाकर 140 करोड़ भारतीयों को इससे जोड़ना है
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि डाक सेवा को डिजिटल बनाकर 140 करोड़ भारतीयों को इससे जोड़ा जाए। इसी संकल्प की प्राप्ति की दिशा में डाक विभाग निरंतर आगे बढ़ रहा है और पिछले दो वर्षों में विभाग ने अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि जिस डाक विभाग में कभी वार्षिक राजस्व वृद्धि 100-200 करोड़ रुपये के आसपास हुआ करती थी, उसी विभाग का राजस्व वर्ष 2024 में ₹13,218 करोड़ था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर ₹15,296 करोड़ हो गया। यानी केवल एक वर्ष में ₹2,078 करोड़ की वृद्धि दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन डाक विभाग की बदलती कार्यप्रणाली, तकनीक के बढ़ते उपयोग और नई सेवाओं के विस्तार का प्रमाण है।
नई तकनीक, नए कौशल और नए भारत के लिए तैयार होगा डाक विभाग
श्री सिंधिया ने कहा कि आज डाक विभाग केवल पारंपरिक डाक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से देश के नागरिकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप स्वयं को निरंतर तैयार कर रहा है। शिवपुरी का नया पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर इस परिवर्तन को गति देगा और डाक कर्मचारियों को आधुनिक, तकनीक-सक्षम एवं नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण के लिए तैयार करेगा।
इस अवसर पर शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक श्री महेंद्र यादव, पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला अध्यक्ष श्री जसमंत जाटव, कर्नल श्री एस.एफ.एच.रिजवी (सदस्य, एचआरडी डाक सेवा बोर्ड), चीफ पोस्ट मास्टर जनरल श्री विनीत माथुर, श्री प्रहलाद भारती, श्री भैया साहब लोधी, श्री राजू बाथम एवं श्री हरवीर रघुवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129