Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: पिकनिक मनाकर लौटे परिवार पर बड़ा वज्रपात, दस दिन में हुई तीन सगे और एक ममेरे भाई की मौत, स्वास्थ्य विभाग जुटा गहन जांच में

मंगलवार, 1 सितंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
shivpuri शिवपुरी। पिकनिक मनाकर लौटे एक परिवार पर बड़ा वज्रपात हो जाने की खबर ने हैरान करके रख दिया है। दरअसल शहर शिवपुरी में दस दिन के अंतराल में एक परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई है, इन मृतकों में तीन सगे भाई हैं जबकि चौथा भी ममेरा भाई बताया जा रहा है। पिकनिक से लौटने पर इन्हें उल्टी, दस्त की शिकायत हुई साथ ही प्लेटलेट्स तेजी से कम हुई थी। उक्त मामले को लेकर परिजन गम में डूबे हुए हैं लेकिन एक साथ चार बच्चों की मौत से हलाकान जिला प्रशासन का स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है। मंगलवार की दोपहर इन मौतों की जानकारी लगते ही जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय ऋषिश्वर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम पीड़ित परिवार के घर भेजी और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई है। हालाकि फिलहाल मौत की असल वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है लेकिन स्वास्थ्य विभाग संक्रमण से मौत की आशंका जता रहा है।
बताया जा रहा है कि तनवीर अहमद पुत्र मुन्नावावू अहमद, निवासी सईसपुरा शिवपुरी, चिल्ली खान सहित लगभग आधा दर्जन परिवार 16 अगस्त को गौरा टीला क्षेत्र में एक झरने पर पिकनिक मनाने गए थे। यहां से लौटने के बाद ताहिर अहमद पुत्र तनवीर अहमद उम्र 14 साल, अजाज खान पुत्र चिल्ली खान उम्र 19 साल के पेट में दर्द हुआ और देखते ही देखते दोनों की हालत बिगड़ने लगी, जिन्हें उपचार हेतु एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, 21 अगस्त को जब ताहिर की हालत और अधिक बिगड़ी तो उसे निजी अस्पताल से जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। इधर अजाज खान को 23 अगस्त को निजी अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया जहां रास्ते में अजाज की भी मौत हो गई। दो मौतों के बाद पीड़ित परिवार सदमे में आ गया और अभी वह सदमे से बाहर भी नहीं निकल पाया था कि इसी दौरान, तनवीर अहमद के दो मासूम पुत्र चिंटू उम्र 8 साल, पप्पू उम्र 11 साल की हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि इन दोनों बच्चों को तेज बुखार आया था, दोनों बच्चों की हालत में सुधार न होने पर इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, बताया जाता है कि तीन दिन जिला अस्पताल में दोनों बच्चों की हालत में सुधार न होने पर इन्हें रविवार को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। 31 अगस्त सोमवार को पप्पू की मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में मौत हो गई जबकि चिंटू को ग्वालियर रेफर कर दिया गया जहां रात को चिंटू ने भी दम तोड़ दिया।
फिलहाल नहीं मिले डेंगू के लक्षण, संक्रमण की आशंका
चार मौतों का मामला संज्ञान में आया है, सभी मौतें अलग अलग जगह पर हुईं है, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है, जिस जगह सईसपुरा से मामला सामने आया है, वहाँ स्वास्थ्य टीम द्वारा सैंपल लिए गए है, बुखार के केस नहीं मिले हैं और लार्वा भी नहीं मिला है लेकिन जिस तरह प्लेटलेट कम होने की बात है परिजनों के सैंपल लिए हैं, संक्रमण से मौत की आशंका है।
डॉ संजय ऋषिश्वर
सीएमएचओ, जिला शिवपुरी।
शहर में हर तरफ चर्चा, गम का माहौल
शहर में धीरे धीरे सभी को इन मौत के बारे में पता लगा जिसके चलते न सिर्फ हर तरफ लोग शोक जता रहे है वहीं उनके परिवार के प्रति संवेदना भी जता रहे हैं लोगों का कहना है कि मौत चाहे किसी वजह से हुई हो लेकिन एक साथ वो भी केवल दस दिन में बच्चों की मौत झकझोर देने वाली घटना है, ईश्वर किसी के साथ ऐसा न करे। 
















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129