*जिला कांग्रेस कार्यालय पर बैठक के बाद हुई प्रेसवार्ता, चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली कूच करेंगे कार्यकर्ता
शिवपुरी। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शिवपुरी जिले से करीब 1000 कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग उठाई जाएगी। यह बात कही पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव ने जो स्थानीय जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित कर दिल्ली में होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर जानकारी दे रहे थे। इसके पूर्व गुरुवार को गुना बायपास स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद पत्रकारवार्ता कर कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन की तैयारियों और अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।
यहां मौजूद जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली जाने के इच्छुक कार्यकर्ता स्वेच्छा से इस अभियान में शामिल होंगे। अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, कोलारस प्रभारी अंशु शुक्ला, पोहरी प्रभारी राजीव शर्मा, पिछोर प्रभारी नीतेश यादव, विधायक कैलाश कुशवाह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान, संगठन महासचिव संजय चतुर्वेदी, प्रवक्ता विजय चौकसे, सेवादल अध्यक्ष वीरेंद्र खटीक सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सूची की पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा बेहद जरूरी है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। इन मामलों की निष्पक्ष जांच और संबंधित आंकड़ों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि मतदाताओं का विश्वास चुनाव प्रक्रिया में बना रहे।
इस दौरान विधायक पोहरी कैलाश कुशवाह ने बताया कि दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सहयोग लिया जा रहा है। कई कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से डोनेशन देकर अभियान में सहयोग किया है। कांग्रेस का कहना है कि संगठन के कार्यकर्ता अपने स्तर पर दिल्ली पहुंचने के लिए प्रयास करेंगे और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे।
कोलारस प्रभारी अंशु शुक्ला एवं पोहरी प्रभारी राजीव शर्मा, पिछोर प्रभारी नीतेश यादव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का पारदर्शी तरीके से निराकरण होना चाहिए तथा चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शिवपुरी जिले की सक्रिय भागीदारी रहेगी।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें