* कोतवाली में हुई आज बैठक में पुलिस की सख्ती! शांति समिति की बैठक से नदारद लोगों को कल 12 बजे कंट्रोल रूम में एक बाहर फिर बैठक में बुलाया, नहीं आए तो होगी कार्रवाई
* एसडीओपी सचिन और टीआई रोहित दुबे ने पढ़ाया कानून का पाठ, एसपी के निर्देश पर दुर्गा पंडालों से लेकर विसर्जन और दशहरा जुलूस तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की तैयारी
ऋषि शर्मा की रिपोर्ट
शिवपुरी। नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शिवपुरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। एक ओर शांति समिति की बैठक में डीजे संचालकों, इवेंट संचालकों और आयोजनकर्ताओं को नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई, वहीं दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर के थाना प्रभारियों को धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक में कई डीजे संचालक और आयोजनकर्ता अनुपस्थित रहे, जिन्हें अब दोबारा पुलिस कंट्रोल रूम में बुलाया गया है।
बैठक में एसडीओपी सचिन धुर्वे और कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे मौजूद रहे। टीआई रोहित दुबे ने उपस्थित संचालकों को कानून का पाठ पढ़ाते हुए स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। डीजे संचालन, ध्वनि सीमा, समय-सीमा और शांति व्यवस्था से जुड़े नियमों की अनदेखी करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक से गायब संचालकों को दोबारा बुलावा
शांति समिति की बैठक में कोतवाली और देहात थाना क्षेत्र के डीजे संचालकों, पंडाल संचालकों, इवेंट संचालकों और आयोजनकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था, लेकिन कई लोग बैठक में नहीं पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने अनुपस्थित लोगों को अगले दिन दोपहर 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का जोर है कि सभी आयोजक नियमों की जानकारी लें और आयोजन के दौरान उनका पालन सुनिश्चित करें।
दुर्गा पंडालों और गरबा-डांडिया कार्यक्रमों पर रहेगी नजर
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया कार्यक्रमों और अन्य धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयोजकों को स्वयंसेवक तैनात करने, भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था करने तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, स्थानीय शांति समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया है। धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले संदेशों और सोशल मीडिया पोस्ट पर भी निगरानी रखी जाएगी।
जुलूस और प्रतिमा विसर्जन के लिए सुरक्षा व्यवस्था
दशहरा जुलूस और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों की जांच, यातायात व्यवस्था और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली के तारों की जांच कराने, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग करने और विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों तथा जरूरी सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
दशहरा पर्व पर रावण दहन के दौरान दर्शकों को सुरक्षित दूरी पर रखने, आयोजन स्थल पर बैरिकेडिंग और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। आयोजकों को बिजली के उपकरणों की जांच, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य धार्मिक उत्सवों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है। अब अनुपस्थित डीजे संचालकों और आयोजनकर्ताओं की अगली बैठक में मौजूदगी के साथ-साथ त्योहार के दौरान नियमों के पालन पर भी पुलिस की नजर रहेगी।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें