Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा पहुंचे पिछोर, विधायक प्रीतम थे मौजूद, चला मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, विशाल जनसंवाद शिविर किया आयोजित; हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
shivpuri शिवपुरी। शिवपुरी, 30 अक्टूबर 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 07 अगस्त 2026 से शुरू हुआ है जो 08 जनवरी 2027 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद पंचायत प्रांगण पिछोर में एक भव्य जनसंवाद शिविर का सफल आयोजन किया गया।पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुँचाना रहा। इसके साथ ही जनसंवाद कर लोगों की समस्याओं को जानना और निराकरण करना है। 
शिविर के दौरान कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने एक-एक कर आमजन की समस्याएँ सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। वहीं शेष समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत आवेदन सौंपते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिली योजनाओं की सौगात
शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अंतर्गत उमराव कोली को डेयरी योजना में ₹6.08 लाख तथा नातीराजा गुर्जर को पशुधन क्रेडिट कार्ड योजना में ₹1.98 लाख का स्वीकृति पत्र सौंपा गया। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा नवीन बगीचा स्थापना योजना के तहत सुजान सिंह लोधी एवं श्रीमती रामकुमारी जाटव को ₹40,000-₹40,000 की अनुदान राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन पिछोर के अंतर्गत शेरावाली स्व-सहायता समूह (अध्यक्ष: श्रीमती ममता लोधी) को ₹6,00,000 का चेक वितरित किया गया, तथा जनजातीय कार्य विभाग द्वारा आहार अनुदान योजना में हेमा आदिवासी, मीरा आदिवासी व रामप्यारी आदिवासी को लाभान्वित किया गया। अनुग्रह सहायता योजना के तहत पात्र उत्तराधिकारियों श्री भगवानदास आदिवासी, श्रीमती प्रेमबाई पाल, श्री प्रकाश परिहार, श्रीमती सोमवती परिहार, श्रीमती उमा राजा परमार, श्री लालसिंह लोधी, श्री बालकिशन लोधी, सहित अन्य को प्रति हितग्राही ₹2,00,000 की आर्थिक सहायता दी गई। इसी प्रकार, अनुग्रह सहायता (दुर्घटना में मृत्यु) योजना के अंतर्गत श्रीमती कलावती लोधी को ₹4,00,000 की सहायता स्वीकृत हुई। मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर हितलाभ वितरण के तहत श्रीमती कलावती महते, श्रीमती बेनी केवट, श्री मुरारी कारपेंटर (व्हीलचेयर), श्रीमती छोटी बाई आदिवासी (व्हीलचेयर), श्री केदार प्रजापति, श्री राम सिंह लोधी(व्हीलचेयर), श्रीमती फूला परिहार, श्री नाथूराम लोधी, श्रीमती रामकली और श्री कल्लू कोली को कमोड चेयर, पलंग, छड़ी, पट्टा एवं कान की मशीन जैसी सामग्रियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही, सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग द्वारा वितरित की गई ट्राईसाइकिल के हितग्राहियों को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया, वहीं शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक लाने वाली छात्रा दीप्ति लोधी को ई-स्कूटी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र तथा पी.एच.ई. विभाग द्वारा एफटीके जल परीक्षण किट एवं अन्य शासन की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, एसडीएम पिछोर श्रीमती ममता शाक्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
पिछोर में ‘उद्यम संवाद’ आयोजित; स्वरोजगार एवं औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगी नई दिशा
विधायक पिछोर श्री लोधी व कलेक्टर श्री वर्मा की उपस्थिति में हुआ वृहद कार्यक्रम

शिवपुरी, 30 अक्टूबर 2026/
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत प्रांगण पिछोर में शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में ‘उद्यम संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी तथा कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में निवेश, स्वरोजगार तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उद्यमियों तथा युवाओं को उद्योग स्थापना व व्यवसाय विस्तार में हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।
पिछोर क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक श्री प्रीतम लोधी ने की सराहना; उद्यमियों और हितग्राहियों को दिलाया पूरा भरोसा
कार्यक्रम के दौरान पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज हजारों लोगों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि ज़मीन पर विकास साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।  विधायक श्री प्रीतम लोधी ने युवाओं और उद्यमियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हमें कभी भी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए, लगातार निष्ठावान होकर अपना काम करना चाहिए। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे पिछोर को नंबर-1 बनाकर रहेंगे, हालांकि इस विकास यात्रा में सभी के सहयोग और समन्वय की आवश्यकता है।हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव
कार्यक्रम के दौरान सफल हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। जिसमें मूंगफली प्लांट के संचालक उद्यमी विवेक गुप्ता ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत 49 लाख रुपये का बैंक ऋण लिया जिसमें उन्हें शासन द्वारा 10 लाख की सब्सिडी प्राप्त हुई जिससे उन्होने अपने उद्योग की शुरुआत की थी। वर्तमान में उनके इस संयंत्र से 20 से 25 स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हो रहा है। कलेक्टर श्री वर्मा द्वारा उद्योग के कुल उत्पादन और वित्तीय स्थिति के संबंध में पूछे जाने पर उद्यमी विवेक गुप्ता ने बताया कि वे अपने व्यवसाय से बेहतर लाभ अर्जित कर रहे हैं और अब तक लिए गए कुल ऋण का 75 प्रतिशत हिस्सा बैंक को चुका चुके हैं। वहीं आगामी भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने जल्द ही पीनट बटर के व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने की बात कही, जिस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने उनकी सराहना करते हुए हर संभव प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया।
इसी प्रकार उद्यम संवाद में मूंगफली दाना उद्योग के संचालक श्री अशोक लोधी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने योजना के तहत 27 लाख रुपये का ऋण लिया जिसमें उन्हें शासन द्वारा 10 लाख की सब्सिडी प्राप्त हुई जिससे उन्होने
मूंगफली से दाना तैयार करने का उद्योग स्थापित किया है। उनके इस संयंत्र के माध्यम से वर्तमान में क्षेत्र के 100 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध हो रहा है। कलेक्टर श्री वर्मा द्वारा उद्योग के उत्पादन के संबंध में पूछे जाने पर श्री लोधी ने बताया कि उनके प्लांट में प्रतिदिन 100 टन मूंगफली दाने का उत्पादन किया जा रहा है, जिसकी उच्च गुणवत्ता के चलते प्रसिद्ध ब्रांड हल्दीराम को भी यहीं से मूंगफली दाने की आपूर्ति की जाती है। उद्यमी ने भविष्य में अपने इस कार्यक्षेत्र को और अधिक विस्तारित करने की बात कही, जिस पर प्रशासन द्वारा उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।
विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण एवं हितलाभ वितरित
कार्यक्रम के दौरान पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुधन क्रेडिट कार्ड अंतर्गत नातीराजा गुर्जर को पशु के चारा, भूसा एवं दाना के लिए 1 लाख 98 हजार रूपए, आचार्य विद्यासागर डेयरी योजना के अंतर्गत भैंस पालन के लिए बालिकदास कोली निवासी ग्राम सेमरी को 6 लाख 8 हजार रूपए के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत व्यवसाय विस्तार हेतु हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किया गया। इसमें कपड़ा विनिर्माण एवं विक्रय हेतु उमेश कुमार रजक को 1 लाख रुपये, किराना व्यवसाय हेतु धीर सिंह लोधी को 4 लाख रुपये, किराना दुकान के लिए कपूरी जाटव को 75 हजार रूपए, खाद बीज विक्रय व्यवसाय के लिए अवतार सिंह लोधी को 3 लाख रूपए एवं किराना दुकान के लिए रश्मि परिहार को 1 लाख रूपए का ऋण स्वीकृत कर वितरण पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधिगण,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, एसडीएम पिछोर श्रीमती ममता शाक्य, संबंधित विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक व हितग्राही उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पिछोर क्षेत्र का किया भ्रमण
मोती सागर तालाब के सफाई अभियान का लिया जायजा
पिछोर में नवीन औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण

 'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026' के अंतर्गत आज कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने पिछोर विकासखण्ड का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, राजस्व योजनाओं और औद्योगिक गतिविधियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कन्या आश्रम शाला का औचक निरीक्षण
दौरे की शुरुआत में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने विकासखण्ड पिछोर स्थित 'वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम शाला, ढ़ला' का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाला परिसर के पुस्तकालय, भोजन कक्ष एवं रसोई का बारीकी से जायजा लिया। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के क्रम में उन्होंने जनपद सीईओ श्री नरवरिया को आश्रम परिसर में बिजली व्यवस्था शीघ्र ठीक करवाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वामित्व योजना की समीक्षा एवं जन-समस्याओं के आवेदनों का निराकरण
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम पंचायत बदरवास का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने 'स्वामित्व योजना' के तहत हो रहे रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों एवं आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र भी प्राप्त किए। संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी लेते हुए रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लाने तथा प्राप्त आवेदनों का समयसीमा के भीतर त्वरित व  निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
नवीन औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं अवस्थापना कार्यों का गहन निरीक्षण
क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को गति देने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं निवेश के नए अवसरों को सृजित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पिछोर के बदरवास ग्राम में नवीन विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उद्योग क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, बिजली, सड़क, पानी और प्लॉट आवंटन की भावी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक विकास से जुड़े सभी निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहन मिल सके।
मोती सागर तालाब में सफाई अभियान की सराहना
'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान' के तहत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने पिछोर विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी की उपस्थिति में मोती सागर तालाब पिछोर पर चल रहे सफाई अभियान का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब से जलकुंभी हटाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और चल रहे स्वच्छता प्रयासों की जमकर सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने ऐतिहासिक जल स्रोतों के संरक्षण और ऐसे अभियानों को निरंतर बढ़ावा देने की बात कही, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र के जल स्तर में सुधार लाया जा सके।












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129