*माता स्थापना से लेकर गरबा-डांडिया,मेगा हेल्थ कैंप, भजन संध्या और दशहरा उत्सव तक होंगे विभिन्न आयोजन
शिवपुरी। मानव वेलफेयर सोसाइटी द्वारा इस वर्ष माता स्थापना एवं नवरात्रि महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ बड़े धूमधाम से किया जाएगा। आयोजन के दौरान धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी, जिसमें शहरवासियों की सहभागिता रहेगी।
माता का आगमन 10 अक्टूबर को गांधी पार्क मैदान में होगा। इसके बाद 11 अक्टूबर 2026 को प्रातः घट स्थापना एवं पूजन के साथ नवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
पहले दिन लगेगा मेगा हेल्थ कैंप
नवरात्रि के प्रथम दिवस 11 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें ग्वालियर एवं झांसी के प्रसिद्ध चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया जाएगा। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आकाश मोदी, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश रावत, पेट एवं फेफड़ों से संबंधित रोगों के विशेषज्ञ डॉ. दीपक चोपड़ा तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शांतनु गुलाटी अपनी सेवाएं देंगे।
स्वास्थ्य शिविर के लिए पंजीयन गांधी पार्क मैदान, पानी की टंकी के पास, सुबह 8:30 बजे से किया जाएगा।
हजारों दीपों से होगी लाइव आरती, प्रतिदिन गरबा-डांडिया
11 अक्टूबर की संध्या को हजारों दीपों के साथ भव्य लाइव आरती का आयोजन होगा। इसके साथ ही विशेष धुनुची आरती आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस वर्ष संस्था द्वारा प्रतिदिन अचल झांकियां भी सजाई जाएंगी, जिनका शुभारंभ प्रतिदिन शाम 8:30 बजे होगा। इसके पश्चात गरबा एवं डांडिया का आयोजन किया जाएगा।
15 अक्टूबर को माता का जागरण और बाबा खाटू श्याम का दरबार
15 अक्टूबर को माता का जागरण एवं भजन संध्या आयोजित होगी। इसी अवसर पर बाबा खाटू श्याम का भव्य दरबार 56 भोग के साथ सजाया जाएगा।
16 अक्टूबर को लाइव गरबा-डांडिया का विशेष आयोजन होगा, जिसमें बाहर से आए कलाकारों द्वारा शानदार गायन के साथ लाइव गरबा प्रस्तुत किया जाएगा।
18 अक्टूबर को होगा फाइनल गरबा-डांडिया
18 अक्टूबर को फाइनल गरबा-डांडिया प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें प्रोफेशनल ग्रुप के साथ-साथ कॉलेज एवं स्कूल स्तर पर जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा पूरे नवरात्रि महोत्सव के दौरान रंगोली, पेंटिंग, मेहंदी, माता सजाओ, सुंदर गायन तथा श्रीकृष्ण-यशोदा प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए फलाहारी प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
19 अक्टूबर को हवन-पूजन के बाद माता का विसर्जन
19 अक्टूबर को हवन एवं पूजन के साथ नवरात्रि महोत्सव का समापन करते हुए माता की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
20 अक्टूबर को होगा भव्य दशहरा उत्सव
नवरात्रि महोत्सव के बाद 20 अक्टूबर को रात 8 बजे दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राम-रावण युद्ध पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। इसके पश्चात रावण एवं कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन भव्य आतिशबाजी के साथ किया जाएगा।
मानव वेलफेयर सोसाइटी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नवरात्रि महोत्सव के सभी धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करें तथा सामाजिक सहभागिता के इस आयोजन को सफल बनाएं।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें