* पारदर्शी और सटीक परिणामों के लिए फोटोफिनिश और ईडीएम तकनीक का भी होगा उपयोग
शिवपुरी। शिवपुरी का श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर महज हफ्ते भर के भीतर दूसरी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का साक्षी बनने जा रहा है।देश के 28 राज्य, 8 केन्द्र शासित प्रदेश और शैक्षणिक बोर्ड की 37 टीमों में शामिल 783 एथलीट्स बेटीयों के रूप में अलग-अलग भाषा, संस्कृति, परिवेश का समागम शिवपुरी में गुरूवार से राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में होने जा रहा है। जहां समूचे भारत की झलक दिखेगी।अत्याधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में गुरूवार सुबह 10.30 बजे देशभर से आईं ये 783 खिलाड़ी जब रंगबिरंगी पोशाकों में अपनी टीम का ध्वज थामकर मार्चपास्ट करते हुए सलामी देंगे तो दृश्य विहंगम होगा। विभिन्न अतिथि न केवल इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे बल्कि देशभर से आए खिलाडिय़ों को संबोधित भी करेंगे। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में प्रतियोगिता के आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव व जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने बुधवार को मैदान सहित शिवपुरी पहुंची विभिन्न टीमों के आवास,परिवहन एवं भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। वहीं मैदान में खिलाड़ियों के उतरने से पहले एसजीएफआई के आब्जर्वर डीके सिंह की निगरानी में सभी खिलाड़ियों के दस्तावेजों का परीक्षण व पहचान की पुष्टि के लिए बायोमैट्रिक प्रक्रिया नियुक्त टीम द्वारा पूर्ण की गई।इस दौरान प्रमुख रूप से कोलारस बीईओ रामकृष्ण रघुवंशी,बीआरसी अंगद सिंह तोमर, प्रचार प्रसार प्रभारी नीरज सरैया, विवेक वर्धन शर्मा, यादवेन्द्र चौधरी,अजय बाथम, राघवेन्द्र रघुवंशी, स्नेह रघुवंशी,दीपक मांझी, शिवनाथ सिंह वैस,बलवीर तौमर, कुलदीप श्रीवास्तव,अदिती सिंघल, कल्पना सोनी,सुरक्षा रघुवंशी, अंजली धाकड़,रेखा शर्मा,नूतन रानी,लक्षिता अरोरा,उजमा परवीन आदि मौजूद रहे।
फोटो फिनिश और ईडीएम टीम भी तैनात
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं के परिणामों की विश्वसनीयता, सटीकता व पारदर्शिता के लिए इस बार भी इलेक्ट्रोनिक डिस्टेंस मेजरमेंट तकनीक व फोटोफिनिश सहित टाइम स्कोर रिजल्ट जैसी आधुनिक मशीनों का प्रयोग किया जाएगा। फोटो फिनिश टीम के प्रभारी ईशान रैदास के साथ टीम के सदस्य राहुल गुर्जर,अंकित तिवारी, किशोर साकेत, छवि नाथ चौहान,शनि सिंह,रघुनन्दन सिंह ने बुधवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
आयोजन स्थल से एथलेटिक्स के विभिन्न खेलों का डिजिटल व ड्रोन कैमरों की मदद से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
37 टीमों में से किसमें कितने एथलीट
प्रतियोगिता में देशभर से 37 टीमें भाग लेने जा रही हैं। प्रचार-प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि 37 टीमों में कुल 783 बालिका एथलीट शिवपुरी आएंगी इनमें कर्नाटक से 40, आंध्रप्रदेश से 37, उत्तर प्रदेश 33, महाराष्ट्र 34, केरल 32, तमिलनाडु 31, उत्तराखण्ड व पंजाब 29-29, गुजरात, हरियाणा व विद्याभारती 28-28, सीआईएससीई व आईपीएससीई सहित मप्र एनवीएस, तेलंगाना से 27-27 झारखंड से 26, सीबीएसई व देहली से 25-25, छत्तीसगढ़ 24, केवीएस 22, राजस्थान 21, जम्मू कश्मीर 18, आईबीएसएसओ 17, उड़ीसा 13, दादर नागर हवेली 12, पश्चिम बंगाल 12, बिहार, हिमाचल व पांडुचेरी 11-11, लक्ष्यदीप, सिक्किम 10-10, आसाम 9, अरुणाचल प्रदेश व त्रिपुरा 7-7, मणीपुर 6 व गोवा की 5 खिलाड़ी शामिल होंगी।
शुभारंभ के साथ ही शुरू हो जाएंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन शुभारंभ कार्यक्रम के साथ ही विभिन्न प्रतिस्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी। सबसे पहले 100 व 400 मीटर दौड़ के पहले हीट राउण्ड आयोजित होंगे। इसके बाद तीन किलो वर्ग में शॉर्टपुट, 500 ग्राम वर्ग में जैवलिन थ्रो के ग्रुप ए के क्वालीफिकेशन राउण्ड आयोजित होंगे तो वहीं 400 मीटर दौड़ का हीट राउण्ड आयोजित होगा जबकि लंच के बाद 100 मीटर व 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल सहित 3000 मीटर दौड़ के हीट राउण्ड व शॉटपुट व जैवलिन थ्रो के ग्रुप बी के क्वालीफिकेशन राउण्ड आयोजित होंगे।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें