*-देश भर से आईं 38 टीमों के खिलाड़ियों से हुए रूबरू,बोले शिवपुरी की धरा पर की राष्ट्रीय रिकार्ड टूटेंगे
शिवपुरी। मप्र की धरती उपजाऊ धरती है और यह खेलों के मामले में भी उतनी ही उपजाऊ है। इसने ध्यानचंद्र से लेकर कई खिलाड़ी देश को दिए हैं जो, राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। मेरे सामने देश की युवा शक्ति बैठी है और एक दिन आप में से ही काेई ओलम्पिक के पोडियम पर भारत के तिरंगे का मान बढ़ाएगा। यह बात केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरूवार को श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में 70वीं, 17 वर्षीय बालक राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर देश के 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों सहित विभिन्न शैक्षणिक बोर्ड की 38 टीमों के 765 खिलाड़ियोंको संबोधित करते हुए कही। सिंधिया ने सर्व प्रथम ध्वज प्रतियोगिता का ध्वज फहराया और मार्च पास्ट के दौरान सलामी ली। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता के शुभारंभ की विधिवत घोषणा की।देश भर से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ खेलने की शपथ ली। इससे पूर्व स्वागत भाषण में डीईओ आकाश सिंह यादव ने कहा कि, शिवपुरी की पावन धरा पर देश भर से आए सैंकड़ों युवा खिलाड़ियों का स्वागतहै और हमें विश्वास है कि आप लोग खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शिवपुरी से अच्छी यादें लेकर जाएंगे। कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने मंत्री सिंधिया का स्वागत किया और उन्हें प्रतियोगिता का बैज लगाया। इस दौरान मंच पर प्रमुख रूप से शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पूर्व भाजपाजिलाध्यक्ष राजू बाथम, महिला मोर्चा अध्यक्ष शैलजा लवंगीकर,वरिष्ठ भाजपा नेता हरवीर सिंह रघुवंशी,विजय शर्मा,महामंत्री केपी परमार, गिर्राज शर्मा,विपुल जैमिनी, राकेश गुप्ता सहित जिला खेल अधिकारी केके खरे, डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार,जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, शिवपुरी बीईओ कौशल गौतम, पूर्व बीईओ मनोज निगम, प्राचार्य एनके जैन, आरपी जाटव, राजेश कम्ठान,पूर्व डीएसओ महेन्द्र सिंह तोमर, कोलारस बीईओ रामकृष्ण रघुवंशी, बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, शिवपुरी बीआरसीसी अतर सिंह राजौरिया,प्रचार-प्रसार समिति के भगवती प्रसाद शर्मा, नीरज सरैया, राजीव भार्गव, नेशनल कोच यादवेंद्र चौधरी, रामेश्वर गुप्ता,अजय बाथम, स्नेह रघुवंशी,उमेश करारे,मनोज शर्मा आदि मौजूद थे।
खिलाड़ियों के बीच पहुंचे सिंधिया, पूछा केम छो...
आयोजन के दौरान मंत्री सिंधिया केवल मंच तक सीमित नहीं रहे बल्कि औपचारिकताओं से परे वह, देश भर की विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों के बीच जा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हर राज्य के खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद किया। उनके शहर व राज्य के बारे में जानकारी ली। यहां तक कि, कई राज्यों के खिलाड़ियों के साथ उन्हीं की भाषा में कुशलक्षेम भी जानी। गुजरात के खिलाड़ियों से सिंधिया ने पूछा केम छो, मजा में हो न। इसी तरह पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर दक्षिण भारत, पंजाब, हरियाणा की खिलाड़ियों से भी उन्हीं के अंदाज में बातचीत की।
आन योर मार्क सेट, गो बोले सिंधिया, दौड़ पड़े धावक
खिलाड़ियों के बीच सिंधिया भी खासे उत्साहित नजर आए। उन्होंने सौ मीटर दाैड़ की हीट रेस के लिए ट्रेक पर पहुंचकर खुद धावकों को तैयार होने की उद्घोषणा करते हुए कहा, आन योर मार्क..., सेट..., गो, इसके साथ ही उन्होंने गन चलाई और धावक दौड़ पड़े। इस तरह उन्होंने खुद खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल भी बढ़ाया। शिवपुरी में इस बड़े आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर सिंधिया ने आयोजन समिति की भी मंच से प्रशंसा की।
हाउ इस द जोश..., खिलाड़ी बोले हाई, सर !
सिंधिया ने मंच से खिलाड़ियों से भारत माता के जयकारे तो लगवाए ही, साथ ही उनमें प्रतिस्पर्धा के लिए जोश भरने के लिए अपनी बुलंद आवाज में पूछा, हाउ इस द जोश..., जिस पर खिलाड़ियों ने एक स्वर में कहा, हाई, सर। सिंधिया ने इसे तीन-चार बार दोहरवाया। उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार हमेशा से खेल प्रेमी रहा है उनके पिता माधवराव सिंधिया क्रिकेट व गोल्फ़ के एक उत्कृष्ट खिलाड़ी थे,आज उन्हीं के नाम पर बने इस खेल परिसर में आप सभी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मैदान के भीतर भले ही प्रतिस्पर्धा रखो पर मैदान के बाहर एक दूसरे को जानो।
अपना जी जान लगाकर नक्षत्र की तरह उभरो
सिंधिया ने खिलाड़ियों को संबाेधित करते हुए कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि अनुशासन व नेतृत्व क्षमता के विकास का भी माध्यम है। पुरानी कहावत थी, पढ़ो, मेहनत करो, आगे बढ़ो, खेलोगे तो गायब हो जाओगे, परंतु आज के भारत ने इस संदेश को बदल दिया है। अब हम कहते हैं, खेलोगे तो लाजबाब बनोगे। आप सब भी अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करो। जी, जान लगाकर नक्षत्र की तरह उभरो। उन्होंने हाल ही में एशियन गेम में 39, कामनवेल्थ में सौ से अधिक एवं पैरा ओलम्पिक में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा 114 मेडल जीतने पर कहा िकि, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेलों में भारत की आवाज अब वाचक के रूप में नहीं नेतृत्व करने वाले देश के रूप में विश्व पटल पर गूंज रही है।शिवपुरी में भी जल्द होंगे एमपी लीग के मुकाबले
मंत्री सिंधिया ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि, देश भर से शिवपुरी पहुंचे एथलेटिक्स खिलाड़ियों में मैं ऊर्जा और आत्मविश्वास देख रहा हूं। यह भारत की नई पीढ़ी है जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेगी। अंचल में खेल सुविधाओं के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि, ग्वालियर में इंटरनेशनल स्टेडियम और हाकी टर्फ जैसी सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। आगे और भी विस्तार हो रहा है। शिवपुरी में रणजी व एमपी लीग जैसे मुकाबले कब होंगे। इस पर सिंधिया ने कहा कि एमपीसीए के मैच तो हो रहे हैं। आगे एमपी लीग क्रिकेट के मुकाबले भी शिवपुरी में आयोजित होंगे।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें