शिवपुरी, 05 नवम्बर 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा ग्रामीण अंचलों में केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'स्वामित्व योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन, भू-अभिलेखों के डिजिटाइजेशन तथा जमीनी स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तहसील शिवपुरी के विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन दौरा कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान एसडीम श्री आनंद सिंह राजावत एवं शिवपुरी तहसीलदार श्री सिद्धार्थ शर्मा भी उपस्थित रहे।
ग्राम रातोर में स्वामित्व योजना के तहत 174 रजिस्ट्रियों का कार्य पूर्ण
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम रातोर का औचक निरीक्षण किया। यहाँ 'स्वामित्व योजना' के तहत अब तक कुल 174 रजिस्ट्रियों का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर पहुँचकर रजिस्ट्री प्रक्रिया का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए रजिस्ट्री और मालिकाना हक से मिलने वाले कानूनी लाभों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान कलेक्टर श्री वर्मा की उपस्थिति में ग्राम रातौर निवासी सांतो पत्नी छिद्दा जाटव की रजिस्ट्री का कार्य संपन्न हुआ, जिसमें रजिस्ट्री इनिशिएशन, भूमि स्वामी तथा गवाह के डिजिटल ई-साइन की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्ण कराई गई।
ग्राम पंचायत पिपरसमा: समक्ष में कराई रजिस्ट्री
कलेक्टर श्री वर्मा ने ग्राम पंचायत भवन पिपरसमा का औचक निरीक्षण किया। पिपरसमा में 'स्वामित्व योजना' के तहत रिकॉर्ड कार्य जारी है, जहाँ अब तक 150 रजिस्ट्रियाँ की गई हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने समक्ष में रजिस्ट्री करवाई और पूरी प्रक्रिया को स्वयं देखा। मौके पर ही ग्रामीण कल्लू पुत्र नकटू परिहार की रजिस्ट्री का संपादन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री वर्मा के समक्ष ही कल्लू परिहार तथा गवाह के आधार आधारित डिजिटल ई-साइन की पूरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
ग्राम पंचायत राजा की मुड़ेरी: धीमी प्रगति पर नाराजगी, जीआरएस-सचिव पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ग्राम पंचायत राजा की मुड़ेरी पहुँचे, तो वहाँ 'स्वामित्व योजना' के अंतर्गत रजिस्ट्री संपादन कार्य की प्रगति धीमी पाई गई। उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को काम में तेजी लाने तथा तय समयसीमा में कार्य करने के कड़े निर्देश दिए। स्वामित्व पंजीयन में ई-केवाईसी कार्य में लापरवाही बरतने पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित ग्राम रोजगार सहायक और पंचायत सचिव पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। पटवारी को भी प्रतिदिन पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित होकर अपनी लाइव लोकेशन प्रेषित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सिरसौद: साफ-सफाई में कोताही पर नाराजगी, रोजगार सहायक पर कार्रवाई और विशेष कैंप लगाने के निर्देश
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम पंचायत सिरसौद में औचक निरीक्षण कर 'स्वामित्व योजना' के कार्यों का जायजा लेने के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गाँव में जगह-जगह गंदगी देख नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अमले को तुरंत साफ-सफाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा ग्राम रोजगार सहायक के लगातार अनुपस्थित रहने और शासकीय कार्यों में रुचि न लेने की शिकायत पर कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद सीईओ को गांव में विशेष कैंप लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
दिव्यांग बालक से सहृदय संवाद और विशेष सहायता के निर्देश
ग्राम सिरसौद के निरीक्षण के दौरान रास्ते से गुजरते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा को एक दिव्यांग बालक नजर आया, बच्चे को देखकर उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए वाहन से उतरकर बालक और अन्य ग्रामीणजनों से चर्चा की तथा उनकी पेंशन एवं ट्राईसाइकिल की आवश्यकताओं के संबंध में पूरी जानकारी ली। स्थिति की गंभीरता और मानवीय दृष्टिकोण को देखते हुए सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक को निर्देशित किया कि वे सिरसौद गाँव में विशेष कैंप आयोजित करें, जिससे क्षेत्र के अन्य सभी दिव्यांगजनों को त्वरित रूप से आवश्यक सहायता, उपकरण और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें