*प्रातःकालीन सभा में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक पाठ; पेंटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने दर्शाए लोकतांत्रिक मूल्य
शिवपुरी। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक के निर्देशानुसार गुरुवार को प्रतिष्ठित दून पब्लिक स्कूल में संविधान दिवस का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ हुआ, जिसमें समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान ने सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहाकि संविधान हमें केवल अधिकार ही नहीं देता, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारे कर्तव्यों का बोध भी कराता है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को संविधान के आदर्शों के अनुरूप आचरण करना चाहिए।
विद्यालय के डायरेक्टर शाहिद खान ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में निर्मित भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरल शब्दों में बच्चों को बताया कि किस प्रकार हमारा संविधान विश्व का सबसे विस्तृत और लोकतांत्रिक संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अगले चरण में विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने लोकतंत्र, नागरिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, न्याय व्यवस्था और सामाजिक सद्भावना जैसे विषयों पर रंग-बिरंगी, आकर्षक एवं शिक्षाप्रद पेंटिंग्स बनाकर अपनी रचनात्मकता और संवैधानिक समझ की सुंदर अभिव्यक्ति की।
कार्यक्रम के अंत में कोऑर्डिनेटर अखलाक खान ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें