Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: बदरवास को अनुविभाग बनाकर सिविल हॉस्पिटल, सड़कें, केंद्रीय विद्यालय, थीम रोड बनाने की मांग

गुरुवार, 19 नवंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
* समाजसेवी गोविन्द अवस्थी ने क्षेत्रीय विकास हेतु स्वास्थ्य,शिक्षा,परिवहन और प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर 
बदरवास। क्षेत्रीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बदरवास क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से समाजसेवी गोविन्द अवस्थी ने 12 सूत्रीय जनहितैषी मांगें रखी हैं। इन मांगों में बदरवास को अनुविभाग बनाकर एसडीएम एवं एसडीओपी की पदस्थापना, सिविल हॉस्पिटल, थीम रोड,केंद्रीय विद्यालय,ट्रेनों के स्टॉपेज और सिविल कोर्ट,रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने सहित शिक्षा, सड़क एवं राजस्व सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।
समाजसेवी एवं सामाजिक संस्था जनसुविधा संघर्ष समिति बदरवास के गोविन्द अवस्थी का कहना है कि बदरवास क्षेत्र के नागरिकों को चिकित्सा,शिक्षा,प्रशासनिक जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए कोलारस,शिवपुरी, गुना जाना पड़ता है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी इन मांगों को लेकर गंभीर हैं और सक्रिय रूप से इन मांगों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।
यदि इन जनहितैषी मांगों को पूरा किया जाता है तो बदरवास नगर के साथ आसपास के सैकड़ों गांवों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगा।
बदरवास को बनाया जाए अनुविभाग, प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की मांग 
अवस्थी ने मांग की है कि बदरवास को अनुविभाग बनाकर यहां एसडीएम एवं एसडीओपी की पदस्थापना की जाए। साथ ही सभी प्रमुख विभागों के अनुविभागीय कार्यालय भी बदरवास में खोले जाएं, ताकि लोगों को राजस्व, प्रशासनिक एवं अन्य शासकीय कार्यों के लिए बाहर न जाना पड़े। इसके अलावा बदरवास में रजिस्ट्रार कार्यालय तथा न्यायिक सुविधा के लिए सिविल कोर्ट खोलने की मांग भी उठाई  है।
बदरवास में बने सिविल हॉस्पिटल, स्वास्थ्य सुविधाओं का हो विस्तार
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बदरवास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन कर उसे सिविल हॉस्पिटल बनाने की मांग की गई है। जिससे नागरिकों को आपातकालीन चिकित्सा हेतु बाहर न जाना पड़े और उच्च स्तर की चिकित्सा सुविधाएं बदरवास में ही उपलब्ध हो सकें।
केंद्रीय विद्यालय खुले,कॉलेज में संकाय बढ़ें तथा हाईस्कूलों के हों उन्नयन
शिक्षा सुविधाओं को लेकर बदरवास में उत्कृष्ट और केंद्रीयकृत शिक्षा हेतु केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग काफी प्रमुखता से रखी गई है जिसकी मांग कई वर्षों से की जा रही है । वहीं बदरवास के शासकीय महाविद्यालय में बीएससी और बीकॉम संकाय प्रारंभ करने के साथ एमए एवं एमएससी की स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने की भी आवश्यकता है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शासकीय हाईस्कूल अटलपुर, बूढ़ाडोंगर, अगरा, अम्हारा, ऐजवारा और अकाझिरी का उन्नयन कर उन्हें हायर सेकंडरी स्कूल बनाने की मांग की गई है।
सड़कों का हो विस्तार, बनें नई सड़कें
बदरवास नगर में यातायात को सुगम बनाने और जनसुविधा के लिए फोरलेन थीम रोड बनाने की बहुत आवश्यकता है । इस मांग के साथ ही बदरवास से बारई,निहालदेवी होते हुए राजस्थान सीमा तक टू-लेन सड़क का निर्माण कर उसे स्टेट हाईवे घोषित करने तथा बदरवास से नईसराय तक टू-लेन सड़क बनाने की भी मांग की गई है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन में और सुगमता हो सकेगी।बदरवास नगर में सर्वसुविधा युक्त बस स्टैंड के निर्माण की भी आवश्यकता है।
रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज और सुविधाओं का उठाया मुद्दा
समाजसेवी गोविन्द अवस्थी ने बदरवास रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उज्जैनी एक्सप्रेस, लक्ष्मीबाई नगर-ऋषिकेश एक्सप्रेस, झांसी-बांद्रा एक्सप्रेस, ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस, अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस तथा हापा-नाहरलागुन एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की है। इसके साथ ही स्टेशन पर दूसरे प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने की आवश्यकता जताई है।
ग्रामीण सुरक्षा के लिए पुलिस चौकियां खोली जाएं
कानून व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से बदरवास विकासखंड के बिजरोनी एवं अगरा में पुलिस चौकियां खोलने की मांग भी की गई है। इससे लोगों को पुलिस संबंधी कार्यों में स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी।
समाजसेवी गोविन्द अवस्थी ने इन मांगों के माध्यम से बदरवास क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मुद्दा उठाते हुए क्षेत्र की आवश्यकताओं की ओर आकर्षित किया है। उनका उद्देश्य है कि बदरवास को प्रशासनिक, स्वास्थ्य,शैक्षणिक, परिवहन और न्यायिक सुविधाओं के मामले में सशक्त बनाया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।











कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129