चित्रकूट। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य अपने एक विवादित बयान को लेकर, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर हैं। अनिरुद्धाचार्य ने वृंदावन के अपने गौरी गोपाल आश्रम में एक धार्मिक कार्यक्रम में कहा कि लड़कियों की शादी 14 साल की उम्र में हो जानी चाहिए। इस दौरान अनिरुद्धाचार्य ने 25 साल या उससे ज्यादा उम्र की अविवाहित महिलाओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। उनके इस बयान पर काफी हंगामा हुआ। यहां तक कि महिला वकीलों ने मथुरा के एसएसपी से मिलकर उनके ऊपर कार्रवाई की भी मांग की। विवाद बढ़ने के बाद अनिरुद्धाचार्य ने माफी मांग ली। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य हाल ही में अपने एक विवादित बयान के कारण आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने लड़कियों की शादी कम उम्र में करने की बात कही थी।
अब इस विवाद को लेकर चित्रकूट के तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज का भी बयान सामने आया है। एक पॉडकास्ट के दौरान महिला एंकर ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य से कहा कि अनिरुद्धाचार्य ने महिलाओं को लेकर एक बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि चूंकि शादियां लेट होती हैं, इसलिए जब 25 साल की उम्र में आप किसी लड़की को दुल्हन बनाकर घर लाते हैं, तो तब तक उसका यौवन भंग हो चुका होता है। इसलिए, लड़कियों की शादी जल्दी हो जानी चाहिए। इस सवाल पर रामभद्राचार्य ने कहा, 'मैं ये वाक्य नहीं बोलना चाहता। मैं एक पढ़ा-लिखा व्यक्ति हूं और ये जितने लोग बोल रहे हैं, उनमें से किसी ने यूनिवर्सिटी का मुंह नहीं देखा है। मैं तो दो बार यूनिवर्सिटी का टॉपर रह चुका हूं। जेआरएफ हूं,पीएचडी हूं, इसलिए ये सब बातें ना मुझे कहनी चाहिए और ना ही सुननी चाहिए। मैं बस इतना कहूंगा कि महिलाओं को अपने चरित्र की रक्षा करनी चाहिए। विवाह जल्दी हो या देर से हो, प्रयास यही करना चाहिए कि अपने वर्ण में हो और उचित हो। महिलाओं को अब लक्ष्मीबाई बनने की जरूरत है।'












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com