shivpuri शिवपुरी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और लगातार लगने वाले जाम से आम जनता को राहत दिलाने के लिए आज शिवपुरी यातायात पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस टीम ने कोर्ट रोड स्थित सब्जी मंडी के पास सड़क और पार्किंग क्षेत्र में बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले हाथ ठेलों को वहां से हटवाया।
पार्किंग ब्लॉक होने से लग रहा था जाम
यातायात पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, कोर्ट रोड सब्जी मंडी के पास बने पार्किंग स्थल पर हाथ ठेला चालकों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। इसके कारण सब्जी मंडी में खरीदारी करने आने वाले लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन पार्किंग में खड़े नहीं कर पा रहे थे। मजबूरन वाहन चालकों को अपने वाहन मुख्य सड़क पर ही पार्क करने पड़ रहे थे। बीच सड़क पर गाड़ियां खड़ी होने से पूरी सड़क संकरी हो जाती थी, जिससे दिनभर यातायात बाधित होता था और आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही थी।
सड़क साफ, वाहन चालकों को हिदायत
आज की कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए पार्किंग एरिया को पूरी तरह खाली कराया। पुलिस ने हाथ ठेला चालकों को चेतावनी दी है कि वे दोबारा पार्किंग स्पेस या सड़क पर ठेले न लगाएं, अन्यथा उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और ठेले जब्त कर लिए जाएंगे। इसके साथ ही सड़क पर वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने वाहन केवल तय पार्किंग स्थल में ही पार्क करें।
आम जनता ने ली राहत की सांस
कोर्ट रोड शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक है। यातायात पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि पार्किंग खाली होने से अब वे सुरक्षित तरीके से गाड़ियां खड़ी कर सकेंगे, जिससे सड़क पर गाड़ियों की कतारें नहीं लगेंगी और कोर्ट रोड पर आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा।
















































सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com