Responsive Ad Slot

#mamakadhamakanews: अटल सागर मड़ीखेड़ा डैम फुल, जल स्तर 345.55 मीटर, दो गेट खोलकर कर रहे जल नियंत्रण, इधर सिंध नदी तेवर में, कलेक्टर अर्पित की टीम चौकस, कुल भराव क्षमता 346.25 मीटर

कोई टिप्पणी नहीं

रविवार, 6 सितंबर 2026

shivpuri शिवपुरी। मौसम पर किसी का जोर नहीं है। कभी जून के अंतिम सप्ताह में अटल सागर मड़ीखेड़ा डैम लवालब हो जाता है तो कभी अल्प वर्षा से खाली तो कभी सितंबर में जुलाई, अगस्त की तरह जोरदार बारिश होती है। इस बार यही हुआ है जब सितंबर में सीएम को पूरे प्रदेश के कलेक्टर को अलर्ट करना पड़ा। जो डेम खाली थे भर गए और अब उनका जल स्तर नियंत्रण पूरी निगरानी के साथ किया जा रहा है। अटल सागर भी पूरा भर चुका है और 346.25 मीटर कुल भराव क्षमता से उसे आज रात 8 बजे तक 345.55 मीटर पर नियंत्रित किया जा रहा है। 
जिले में सबसे खतरनाक सिंध
जिले में वैसे तो कई नदियां हैं जिनमें पार्वती पोहरी, कूनो नदी, महूअर नदी आदि लेकिन इन सभी में सबसे खतरनाक है सिंध नदी। जिसका उदगम पूर्व सीएम शिवराज सिंह की विदिशा से है और भोपाल, विदिशा, अशोकनगर, गुना में जोरदार बारिश होते ही सिंध मचल उठती है। इस नदी में शिवपुरी जिले की बारिश का आंशिक हिस्सा कोलारस, बदरवास मिलता है लेकिन जब सिंध के तेवर तीखे होते हैं तब अटल सागर मड़ीखेड़ा डैम की जल निकासी प्रभावी ढंग से करनी होती है। अन्यथा कोलारस, बदरवास इलाके जलमग्न हो जाते हैं। अतीत में ऐसा हुआ है और केंद्रीय मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया को सेना की सहायता दिलवानी पड़ी थी। यहां तक कि एक समय ठीक समय पर गेट न खुलने के चलते जब बाढ़ के हालात बने तो गेटों से अधिक जल निकासी के फेर में स्टेट कालीन ब्रिज को शिवपुरी, नरवर, दतिया में नुकसान हुआ था। 
मड़ीखेड़ा डैम की वर्तमान स्थिति 
सिंध परियोजना अटल सागर मडीखेड़ा बांध शिवपुरी (म.प्र.)
  • दिनांक: 06/09/2026
  • समय: रात 8:00 बजे
  • वर्तमान जलस्तर (WL): 345.55 मीटर
  • पूर्ण जलाशय स्तर (FRL): 346.25 मीटर
  • जीवित क्षमता (LC): 786.43/834.83 मिलियन घन मीटर (Mcum) — 94.20%
  • पानी की निकासी (#Outflow):
    1. गेट (Gate):
      • गेट खुलने का समय: दोपहर 3:30 बजे, दिनांक 04/09/2026
      • गेट संचालन की स्थिति: रात 8:00 बजे, दिनांक 06/09/2026
      • गेट संख्या: गेट नंबर 5 और 6 (0.50 मीटर × 2 = कुल 1.00 मीटर खुला)
      • डिस्चार्ज (निकासी): 133.956 क्यूमेक्स (घन मीटर प्रति सेकंड)
    2. पावर हाउस (PowerHouse):
      • मशीन अवधि: 72 मशीन घंटे
      • डिस्चार्ज (निकासी): 135.42 क्यूमेक्स
    • कुल निकासी (Total Discharge): 269.376 क्यूमेक्स
सिंध नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित ग्राम सूंड और धमधौली का किया निरीक्षण, कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशन में एसडीएम करैरा ने लिया बाढ़ स्थिति का जायजा, निरंतर निगरानी के दिए निर्देश
शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार करैरा एसडीएम श्री अनुपम शर्मा ने भारी वर्षा के चलते प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम श्री शर्मा ने विकासखंड नरवर के ग्राम सूंड़ एवं धमधौली पहुंचकर सिंध नदी के बढ़ते जलस्तर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न परिस्थितियों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मैदानी अमले को अलर्ट मोड पर रहने और ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से ली आवागमन व राशन वितरण की जानकारी, सतत निगरानी के निर्देश
लगातार हो रही बारिश के कारण सिंध नदी उफान पर होने से उत्पन्न परिस्थितियों तथा आवागमन में हो रही समस्याओं की जानकारी एसडीएम श्री शर्मा ने धरातल पर जाकर ग्रामीणों से ली। उन्होंने ग्रामीणों से आवागमन मार्ग, राशन वितरण व्यवस्था तथा गांव की अन्य समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। एसडीएम करैरा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को वर्षा और जलस्तर पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
Immediate instructions given on complaints regarding road construction and mid-day meal
ग्राम धमधौली में निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण तथा विद्यालय में प्रधानमंत्री पोषण आहार वितरण में लापरवाही की शिकायत की गई। इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम श्री अनुपम शर्मा ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के जीएम को मौका मुआयना करने के निर्देश दिए। साथ ही मध्याह्न भोजन में लापरवाही की शिकायत पर बीआरसी नरवर को तत्काल सुधार कराने के कड़े निर्देश किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्याह्न भोजन वितरण में किसी भी दशा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी; प्रतिदिन मीनू अनुसार गुणवत्तायुक्त व पर्याप्त भोजन पकाया जाए तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नरवर श्री विजय त्यागी, जनपद पंचायत नरवर के सीईओ श्री ब्रह्मेंद्र गुप्ता, राजस्व निरीक्षक, पंचायत निरीक्षक, पटवारी, पंचायत सचिव सहित स्थानीय शासकीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।












#mamakadhamakanews: कलेक्टर वर्मा ने कराई गरीबों का राशन हड़पने वालों पर सख्त कार्यवाही, 16 लाख की वसूली के साथ एफआईआर, जेल, बारिश के बीच घर-घर पहुंचा राशन

कोई टिप्पणी नहीं
*प्रशासनिक संवेदनशीलता: कलेक्टर श्री वर्मा की पहल पर बारिश के बीच घर-घर पहुंचा राशन
शिवपुरी, 06 सितंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशों के परिपालन में कोलारस अनुभाग में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़, पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से व्यापक कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट किया है कि पात्र हितग्राहियों तक खाद्यान्न की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर पाई जाने वाली अनियमितता पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अनियमितता पर लगभग ₹16 लाख रुपए की वसूली एवं प्राथमिकी दर्ज
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशों के क्रम में कोलारस अनुभाग अंतर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली में दर्ज अनियमितताओं के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी पूर्व विक्रेताओं एवं प्रबंधकों से  ₹16,00,000/- से अधिक की राशि की वसूली के आदेश जारी किए गए हैं। इसके तहत शासकीय उचित मूल्य दुकान लेवा के पूर्व विक्रेता राजकुमार शर्मा एवं पूर्व प्रबंधक हार्दिक गुप्ता से ₹4,41,300/-, कार्या दुकान के पूर्व प्रबंधक सुआ लाल रावत, विक्रेता भगवान जाटव एवं सहायक विक्रेता अजय परिहार से ₹5,00,725/-, रिन्हाय दुकान के विक्रेता सोनू जाटव, सहायक भारत यादव एवं प्रबंधक हेतराम जाटव से ₹3,37,035/- तथा अटरूनी दुकान के विक्रेता चित्रांश ओझा से ₹3,20,407/- की वसूली के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लेवा एवं कार्या दुकान के संबंधित  विक्रेताओं व प्रबंधकों के विरुद्ध गंभीर अनियमितता पाए जाने पर तेंदुआ थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा चुकी है।
वितरण में लापरवाही पर कड़ा रुख, विक्रेता भेजा गया जेल
 खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के कड़े निर्देशों के तहत शासकीय उचित मूल्य दुकान उन्हाई के विक्रेता गोपाल जाटव पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई है। विक्रेता द्वारा ग्रामीणों को राशन वितरण न किए जाने तथा स्थल पर भौतिक सत्यापन के दौरान दुकान पर खाद्यान्न उपलब्ध न पाए जाने को गंभीरता से लिया गया है। इसके परिणामस्वरूप, क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत संबंधित विक्रेता के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रशासनिक संवेदनशीलता: कलेक्टर श्री वर्मा की पहल पर बारिश के बीच घर-घर पहुंचा राशन
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा की मंशा के अनुरूप जहां एक ओर अनियमितता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर अंतिम व्यक्ति तक खाद्यान्न पहुंचाना प्राथमिकता में शामिल है। इसी संवेदनशीलता का उदाहरण ग्राम मोहरा (तहसील कोलारस) में देखने को मिला, जहां अत्यधिक वर्षा के कारण हितग्राही राशन दुकान तक पहुंचने में असमर्थ थे। कलेक्टर श्री वर्मा के जन-सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देशों का पालन करते हुए विक्रेता विवेक वैरागी एवं उनकी टीम  ने पीओएस मशीन और राशन सामग्री के साथ ग्रामीणों के द्वार-द्वार पहुंचकर खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया। विपरीत मौसम में भी घर बैठे राशन प्राप्त होने पर ग्रामीणजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा का आभार जताया।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सुगमता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली  को पूर्णतः पारदर्शी, सुदृढ़ और जनसुलभ बनाना जिला प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक बिना किसी बाधा के पहुंचे, इसके लिए उचित मूल्य दुकानों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।











#mamakadhamakanews: जया किशोरी जी पहुंची बागेश्वर महाराज की कोलकाता में आयोजित हनुमान कथा में, देखिए video

कोई टिप्पणी नहीं
कोलकाता। जया किशोरी जी बागेश्वर महाराज की कोलकाता में आयोजित हनुमान कथा में शामिल हुई और महाराज श्री से मंच पर भेंट की।
                       (देखिए video) 
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित बागेश्वर सरकार की तृतीय दिवस की श्री हनुमान कथा में सुप्रसिद्ध कथावाचिका जया किशोरी जी ने सहभागिता की और पूज्य महाराज श्री से भेंट कर हनुमान कथा का रसपान किया।











#mamakadhamakanews: संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, ITBP, शिवपुरी में हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (HWWA) की बैठक मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शशि चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई

कोई टिप्पणी नहीं
शिवपुरी (मध्य प्रदेश), 06 सितंबर 2026। संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, ITBP, शिवपुरी में हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (HWWA) की बैठक मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शशि चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में HWWA की विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण तथा हिमवीर परिवारों के हित से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर शिक्षक दिवस (05 सितंबर 2026) के उपलक्ष्य में ITBP KG स्कूल और KV स्कूल के शिक्षकों का हार्दिक अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। श्रीमती शशि चौधरी ने शिक्षकों के अमूल्य योगदान को सराहते हुए कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता होते हैं और बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए उनका मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्रीमती शशि चौधरी ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सदस्यों के प्रयासों की सराहना की तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से HWWA के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।











© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129