Responsive Ad Slot

#धमाका_न्यूज: संविधान दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित; प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

कोई टिप्पणी नहीं

गुरुवार, 26 नवंबर 2026

*शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में करैरा विधायक श्री खटीक के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन
शिवपुरी, 26 नवम्बर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शिवपुरी में गुरुवार को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसमें भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस समारोह का उद्देश्य नागरिकों और युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, आदर्शों तथा लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजन के माध्यम से संविधान निर्माण की प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान निर्माताओं के योगदान से अवगत कराया गया।
करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकार किया गया था। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, बल्कि नागरिकों के मौलिक अधिकारों, परस्पर सम्मान और राष्ट्र को आगे बढ़ाने की दिशा प्रदान करता है तथा आवश्यकता पड़ने पर संवैधानिक मर्यादा के भीतर संसद में विचार-विमर्श से संशोधन भी किए जाते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव ने कहा कि स्वतंत्रता को स्थायी बनाए रखने के लिए सुदृढ़ संविधान आवश्यक था, जिसे लगभग 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन के परिश्रम से तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि विविध भाषाओं, संस्कृतियों और वर्गों वाले भारत को एकता के सूत्र में पिरोने तथा समानता व महिला सशक्तिकरण को महत्व देने का कार्य संविधान ने किया, साथ ही वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरुआत होने का उल्लेख किया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और दूरदर्शिता ने समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान से मिले समान अधिकारों व अवसरों के कारण महिलाएं शिक्षा प्राप्त कर हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान एलएलबी फाइनल ईयर की छात्रा मंजरी शर्मा द्वारा भारतीय संविधान की गौरवशाली यात्रा पर तैयार की गई डॉक्यूमेंट्री स्क्रीन पर प्रदर्शित की गई, जिसे सभागार में मौजूद सभी लोगों ने देखा व सराहा। इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से भारतीय संविधान के निर्माण, उसके संवैधानिक महत्व, मूल्यों और ऐतिहासिक योगदान से उपस्थितजनों को विस्तार से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला, संयुक्त कलेक्टर श्री यूनुस कुरैशी, शिवपुरी एसडीएम श्री आनंद सिंह राजावत, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आकाश यादव, सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक श्री शशांक विरही, मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ.अरविंद भार्गव, पीजी कॉलेज के प्रोफेसर श्री पुनीत कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। 
समारोह के अंत में उपस्थितजनों ने सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को
संविधान की शपथ दिलाई। सभी ने संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखने तथा उसके मूल आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया।











#धमाका_न्यूज: यूआईटी आरजीपीवी कॉलेज में मनाया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

कोई टिप्पणी नहीं
शिवपुरी। सतनवाड़ा स्थित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (यूआईटी), राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, शिवपुरी में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष श्री संजीव गुप्ता ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व एवं उसकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के श्रेष्ठ संविधानों में से एक है तथा इसके आदर्शों और मूल्यों का पालन करना हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।
इसके पश्चात संस्था के प्रभारी रजिस्ट्रार श्री पूरन सिंह धाकड़ ने उपस्थित फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया तथा सभी को संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री नरेंद्र धाकड़ ने किया। इस अवसर पर संस्था के समस्त फैकल्टी सदस्य, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











#धमाका_न्यूज: दून पब्लिक स्कूल में गरिमामय तरीके से मनाया गया संविधान दिवस

कोई टिप्पणी नहीं
*​प्रातःकालीन सभा में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक पाठ; पेंटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने दर्शाए लोकतांत्रिक मूल्य
​शिवपुरी। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक के निर्देशानुसार गुरुवार को प्रतिष्ठित दून पब्लिक स्कूल में संविधान दिवस का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
​कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ हुआ, जिसमें समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
​इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान ने सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा
कि संविधान हमें केवल अधिकार ही नहीं देता, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारे कर्तव्यों का बोध भी कराता है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को संविधान के आदर्शों के अनुरूप आचरण करना चाहिए।
​विद्यालय के डायरेक्टर शाहिद खान ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में निर्मित भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरल शब्दों में बच्चों को बताया कि किस प्रकार हमारा संविधान विश्व का सबसे विस्तृत और लोकतांत्रिक संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है।
​कार्यक्रम के अगले चरण में विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने लोकतंत्र, नागरिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, न्याय व्यवस्था और सामाजिक सद्भावना जैसे विषयों पर रंग-बिरंगी, आकर्षक एवं शिक्षाप्रद पेंटिंग्स बनाकर अपनी रचनात्मकता और संवैधानिक समझ की सुंदर अभिव्यक्ति की।
​कार्यक्रम के अंत में कोऑर्डिनेटर अखलाक खान ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।











© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129