शिवपुरी। मां मुरादे पूरी कर दे हलुआ बाटूंगी....कभी फुर्सत हो तो जगदम्बे निर्धन के घर भी आ जाना...। और भी न जाने कैसे कैसे हम माता रानी को मनाने में जुटे हुए हैं। इसके साथ पूजा का भी खास महत्व है। ज्योतिषियों की माने तो हमे पूजा कुछ इस तरह से करनी चाहिये।
- नवरात्रि के पहले दिन मां के चरणों में गाय का शुद्ध घी अर्पित करें। ऐसा करने से आरोग्य का आशीर्वाद मिलता है।
- नवरात्रि के दूसरे दिन मां को शक्कर का भोग लगाकर घर के सभी सदस्यों में बांटें। इससे आयु वृद्धि होती है।
- नवरात्रि के तीसरे दिन देवी भगवती को दूध या खीर का भोग लगाएं। इसके बाद इसे ब्राह्मणों को दान कर दें। ऐसा करने से जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है।
- नवरात्रि के चौथे दिन देवी मां को मालपुए का भोग लगाएं। इसके बाद इसे जरूरतमंदों को दान कर दें। ऐसा करने से व्यक्ति की बौद्धिक क्षमता का विकास होता है।
- नवरात्रि के पांचवें दिन मां को केले का भोग अर्पित करें। ऐसा करने से जातक निरोगी रहता है।
- नवरात्रि के छठवें दिन मां भगवती को शहद का भोग लगाएं। मान्यता है, कि ऐसा करने से आकर्षण भाव में वृद्धि होती है।
- नवरात्रि के सातवें दिन देवी मां गुड़ का भोग लगाएं। इसके बाद यह भोग निराश्रितजनों और दिव्यांगों को बांट दें। ऐसा करने से देवी मां प्रसन्न होती हैं और ऐश्वर्य-वैभव की प्राप्ति होती है।
- नवरात्रि के आठवें दिन माता भगवती को नारियल का भोग लगाकर नारियल दान कर दें। मान्यता है, कि ऐसा करने से संतान संबंधी सभी परेशानियों से राहत मिलती है।
- नवरात्रि के नवें दिन देवी भगवती को तिल का भोग लगाएं। इसके बाद यह भोग किसी ब्राह्मण या जरूरतमंद को दान कर दें। इससे अकाल मृत्यु जैसी बातों से निजात मिलती है।
ये कहते हैं, मंशापूर्ण ज्योतिष पंडित विकासदीप शर्मा----
शारदीय नवरात्रि 17 अक्टूबर शनिवार से शुरू हो गए हैं। नवरात्रि के नौ दिन हम भक्त देवी की उपासना करते हैं और सुख समृद्धि की कामना करते हैं। इन नौ दिनों में ना केवल भक्त देवी की उपासना में डूब जाते है बल्कि घर का माहौल भी धार्मिक हो जाता है। नवरात्रि के इन नौ दिनों में कई भक्त मां का आशीर्वाद लेने के लिए नौ दिनों का व्रत रखते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से भक्त के सभी संकट दूर हो जाते हैं। वहीं माता रानी भक्त की सारी मनोकामनाएं पूरा करती हैं। नवरात्रि के इन नौ दिनों में उपासक को कुछ कार्य जरूर करने चाहिए। कहा जाता है कि इन कार्यों को करने से माता रानी प्रसन्न होकर भक्त और उसके परिवार को खुशहाली का वरदान देती हैं। जानिए वो कार्य क्या हैं।
ताजे फूल चढ़ाएं
नवरात्रि के नौ दिन हर उपासक अपने घर में मां दुर्गा की पूजा अर्चना करता है। देवी के इन नौ दिनों में दुर्गा मां के नौ स्वरूपों की आराधना होती है। ऐसे में इस बात का ध्यान रखें कि नवरात्रि के नौ दिन पूजा के दौरान ताजे फूल रोजाना चढ़ाएं। वहीं पुराने हो चुके फूलों को कूड़ेदान में ना फेंके।
-
साफ सफाई का ध्यान रखें
फूलों के अलावा पूजा घर की साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा का घर में वास होता है।
-
अष्टमी के दिन जरूर खरीदें झाड़ू
नवरात्रि की अष्टमी के दिन और शुक्रवार के दिन झाड़ू जरूर खरीदें। ऐसा करना शुभ होता है। इसके साथ ही मां लक्ष्मी की कृपा आप पर और आपके परिवार पर बरकरार रहेगी।
-
रोजाना करें दुर्गा सप्तशती का पाठ
नवरात्रि के दिन रोजाना दुर्गा सप्तशती का पाठ करना चाहिए। इस पाठ को रोजाना करने से सभी तरह के बिगड़े हुए काम पूरे हो जाएंगे।
-
नौ दिन तक खिलाएं गाय को रोटी
गाय को रोटी खिलाना हमेशा शुभ माना जाता है। जब भी कोई त्योहार होता है तो सबसे पहले घर में जो भी पकवान बनता है उसमें पहला हिस्सा गाय के लिए निकाला जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि हिंदू धर्म में गाय को मां का दर्जा दिया गया है। वहीं आप नवरात्रि के नौ दिन तक गाय को रोजाना रोटी खिलाएं। ऐसा करने पर आपको भाग्य का साथ मिलने लगता है।
-
घर में लगाएं तुलसी का पौधा
वैसे तो घर के आंगन में हमेशा ही तुलसा का पौधा लगाना शुभ होता है। इस बात का खास ध्यान रखें कि नवरात्रि में घर के ईशान कोण में तुलसी का पौधा जरूर लगाना चाहिए। ऐसा करने से मां दुर्गा की कृपा आप पर बनी रहेगी साथ ही घर में हमेशा धन का आगमन बना रहेगा।
-
अष्टमी के दिन चढ़ाएं कमल गट्टा
नवरात्रि की अष्टमी के माता महागौरी को कमल गट्टा जरूर चढ़ाएं। इसके साथ ही मां के चरणों में लाल गुड़हल का फूल अर्पित करें। ऐसा करने से हर काम में सफलता और धन संपदा बनी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें