Responsive Ad Slot

Latest

latest

ये कैसा फोरलेन निर्माण, खोदकर भूल गये नाली

गुरुवार, 29 अक्टूबर 2020

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। नगर के बीच से होकर फोरलेन का निर्माण हो रहा है। लोनिवि के अधीन ठेकेदार सड़क बना रहा है, लेकिन काम की धीमी गति से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी वाहनों को नए फोरलेन से निकाले जाने के साथ उम्मीद की जा रही थी कि सड़क निर्माण में तेजी आयेगी लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा बल्कि व्यापारियो को खासा परेशान होना पड़ रहा है। उनकी दुकानों और गोदामों के सामने से नाली बनाई जा रही है। बड़ी नाली के निर्माण के लिये नाले की तर्ज पर खुदाई की जा रही है। लेकिन तत्काल निर्माण न करते हुए गड्ढों को खुला छोड़ा जा रहा है। नगर के ग्वालियर बायपास पर यही हाल हो रहा है। बीते 4 दिनों से विशालकाय गड्ढे खुदे पड़े हैं। लोग घर दुकान, गोदाम में आने जाने को परेशान हैं। यहाँ के व्यवसायी दिलीप, सोनू, विशाल आदि का कहना है कि नाली बने यह जरूरी है, लेकिन काम मे देर न कि जाये। 
गड्ढों को तो कर दो रिपेयर
इधर लोगों को ग्वालियर बायपास से नए फोरलेन तक सफर करने में नानी की याद आ रही है। उड़ती धूल, गहरे गड्ढे वाहनों की जान ले रहे हैं। लोगों का कहना है, की जब तक फोरलेन बने तब तक पुरानी सड़क को रिपेयर तो कर दिया जाये। 
बननी है टूलेन और फोरलेन सड़क
शहर के बीच से होकर 13 किमी सड़क का निर्माण होना हैं। इसमें से 7 किमी फोरलेन और बाकी टूलेन बनेगी। कार्य की लागत 44 करोड़ रूपये है। लोनिवि को इसका निर्माण कराना है। इस सड़क को पिछली सरकार में मंत्री रहते यशोधरा राजे सिंधिया ने स्वीकृत कराया था। भूमिपूजन भी किया था। कांग्रेस की सरकार आई तो काम ठप पड़ गया। अब सिंधिया फिर मंत्री बनीं तो काम शुरू तो हुआ है, लेकिन तेजी से काम नहीं हो रहा।
यह बोले लोग
सड़क पर धूल उड़ रही है। दुकान में धूल भर जाती थी, धंधा चौपट हो गया। धूल न उड़े इसलिए सड़क पर रोज पानी डलवाया, तब भी बात नहीं बनी तो दुकान ही बन्द कर दी।
रामगोपाल शिवहरे
-
सड़क पर इतनी धूल उड़ती है, कि दुकान में भर जाती है। सांस की बीमारी न हो जाए। न जाने कब सड़क का निर्माण होगा।
सन्नी गुप्ता, 
-
फोरलेन बनने की खुशी थी लेकिन सोचा नहीं था काम धीरे होगा। गड्ढों से मिटटी उड़ती रहती है।
लखन यादव
-
 सुबह से लेकर शाम तक धूल उड़ती रहती है।  फोरलेन का निर्माण जल्दी करना चाहिए।
डब्बू शर्मा
-
धूल के कारण एलर्जी हो रही है। खांसी और खराश से परेशान हैं। कोरोना व एलर्जी में अंतर नहीं कर पा रहे हैं।
दिलीप
-
ग्वालियर वायपास से गुना चुंगी नाके तक सड़क खराब है। धूल से रोड किनारे के दुकानदारों का व्यापार चौपट हो गया है।
गोविंद गोयल
-
 पुराने वायपास की हालत खराब है। धूल उड़ रही है। जून के अंत तक निर्माण पूरा होना था। न जाने कब तक होगा। 
अजय सिंह
-
यह बोले अधिकारी
शहर के बीच बनने वाला फोरलेन का निर्माण जल्द पूरा कराएंगे। काम में तेजी भी दिखेगी। 
बीएस गुर्जर, ईई लोनिवि

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129