शिवपुरी। नगर की बदहाल यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने वाले एसपी राजेश सिंह चंदेल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर शहर में व्यवस्थित यातायात के लिए कई कदम उठाने के चलते चर्चा में आए सूबेदार रणवीर यादव की जिले में एक बार फिर वापसी हो गई है। क्राइसिस मैनेजमेंट की रविवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक के दौरान कोराना काल से लेकर त्योहारों के सीजन में यातायात व्यवस्था को बेहतरीन ढंग से व्यवस्थित करने को लेकर शहर के व्यापारियों ने रणवीर यादव को कल कलेक्टर अक्षय सिंह और एसपी राजेश चंदेल के समक्ष कई बार याद किया था। इस बीच सोमवार को भोपाल से जारी एक आदेश में रणवीर यादव की शिवपुरी वापसी हो गई है। उन्हें चुनाव के पहले निवाड़ी स्थानांतरित कर दिया गया था और यातायात की कमान नीतू अवस्थी को सौंपी गई थी। अब रणवीर यादव फिर से शिवपुरी वापसी कर रहे है। उन्हें नई जिम्मेदारी एसपी राजेश सिंह चंदेल के हाथों सौंपी जाएगी। इधर शहर में पुराने ढर्रे पर लौट आने वाले लोगों को रणवीर की वापसी से झटका लगा है जबकि जो लोग शहर को सुव्यवस्थित और बदला हुआ देखना पसंद करते हैं वे रणवीर के आने से खुश हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें