मुरैना। ज़िले के पोरसा के ग्राम लेपा में गोलीबारी हो गई। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी हुई जिसमें एक ही परिवार के छह लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। डकैत पानसिंह के गांव से लगे गांव में उक्त हत्याकांड को अंजाम दिया गया हैं। लेपा पुलिस ने बताया कि गांव के 2 परिवारों के बीच पिछले 10 साल से रंजिश चल रही है। इसके चलते ही शुक्रवार को एक परिवार ने दूसरे परिवार पर फायरिंग कर दी। 3 पुरुष और 3 महिलाएं मारी गई हैं, सभी एक ही परिवार के हैं। 3 लोग घायल हैं। इसी गांव के रविंद्र सिंह कांग्रेस विधायक हैं।मुरैना में हुए इस हत्याकांड का वीडियो सामने आया है। इसमें हमलावर लोगों को लाठियों से पीट रहे हैं। कुछ लोग बंदूक और लाठियां लेकर सड़क पर खड़े हैं। इसी बीच एक युवक आता है और एक के बाद एक लोगों को गोली मार देता है।
गोली लगने के बाद सभी लोग जमीन पर पड़े दिख रहे हैं। घटनास्थल पर बच्चे भी थे, जिन्हें एक महिला ने आवाज लगाकर घरों के अंदर बुला लिया। इस महिला की आवाज भी वीडियो में आ रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
मृतकों में लेस कुमारी पत्नी वीरेंद सिंह, बबली पत्नी नरेंद्र सिंह तोमर, मधु कुमारी पत्नी सुनील तोमर, गजेंद्र सिंह पुत्र बदलू सिंह, सत्यप्रकाश पुत्र गजेंद्र सिंह व संजू पुत्र गजेंद्र सिंह है। घायलों में विनोद सिंह पु.सुरेश सिंह तोमर और वीरेंद्र पुत्र गजेंद्र सिंह शामिल हैं।
2013 में हुई थीं दो हत्याएं तब से मुरैना जा बसे
गांव के गजेंद्र सिंह तोमर और धीर सिंह तोमर के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 2013 में गजेंद्र सिंह तोमर के परिवार वालों पर धीर सिंह तोमर के परिवार के दो लोगों को मारने का आरोप है। इसी मामले में केस चल रहा है। गजेंद्र सिंह ने 6 लाख रुपए मुआवजा भी दे दिया था, लेकिन पैसे लेने के बाद भी धीर सिंह के परिवार ने मुकदमा वापस नहीं लिया। गजेंद्र सिंह का परिवार इनके डर से मुरैना में रहता था। गजेंद्र सिंह तोमर के बेटे राकेश सिंह तोमर ने बताया कि शुक्रवार की सुबह हमारा परिवार मुरैना से गांव पहुंचा। धीर सिंह का परिवार छप्पर पर बैठा हुआ था। हमारी गाड़ी रुकते ही सभी लोग दौड़कर आए और लाठियों और बंदूक से हमला कर दिया। इस बीच गोलियां चलाना शुरू कर दीं। हमारे तरफ के 6 लोगों को गोली लगी है, इनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। वीडियो में जो गोलियां चला रहा है, उसका नाम अजीत है। इसके साथ ही मोनू, बलराम, गौरव सिंह ने भी फायरिंग की है।
इस गोलीबारी में कुसुमा तोमर ने अपने पति, बेटे और तीन बहुओं को खोया है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूल की जमीन को लेकर 2013 में परिवार के अन्य लोगों से विवाद हुआ था। हमारा उससे कोई लेना देना नहीं था। इसके बाद भी हमारे परिवार के सदस्यों के नाम लिखा दिए। जेल
राजीनामा हुआ। हमने आरोपियों को 6 लाख रुपए हर्जाने के तौर पर दिए थे। हमारा मकान भी उन्होंने अपने नाम पर लिखा लिया। हम आज गाड़ी से आए थे। सुबह दूसरे के घर पर उतरे । उनका घर दूसरी ओर है। हमारे उतरने के बाद उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। उनके लड़के गोली चलाने लगे। गोलीबारी के बाद करीब दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं आई।कमलनाथ का ट्वीट प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत ठीक नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा, 'मुरैना जिले में दिनदहाड़े 5 लोगों की हत्या का नृशंस मामला सामने आया है। मैं सभी मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। प्रदेश में एक के बाद एक कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार स्थिति पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। मैं मुख्यमंत्री से निवेदन करता हूं कि इस विषय में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए और सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था की जाए कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो।'।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें