Pune पुणे। केंद्रीय दूरसंचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज पुणे के सावित्री बाई फुले स्मारक हॉल में आयोजित 'संविधान गौरव अभियान' कार्यक्रम में भाग लिया और इसे संबोधित किया।उन्होंने इस अभियान को 140 करोड़ भारतीयों का अभियान बताते हुए कहा कि यह संविधान निर्माताओं की तपस्या और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। श्री सिंधिया ने कहा कि यह अभियान भारत की 75 वर्षों की यात्रा, उसकी उपलब्धियों और चुनौतियों की कहानी को दर्शाता है।
महात्मा ज्योतिबा फुले को किया याद
इस अवसर पर श्री सिंधिया ने पुणे की महान परंपरा और इसके ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पुणे, महात्मा ज्योतिबा फुले जैसे महान व्यक्तित्व की जन्मभूमि है, जिन्हें संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर अपना गुरु मानते थे। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उनका नामकरण भी महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर हुआ है।
संविधान - भारत का आधार
श्री सिंधिया ने कहा कि यह अभियान हमें 75 वर्षों की यात्रा के बारे में बताता है। सात दशक पहले जिस भारत की नींव पर सवाल उठाए जाते थे, आज वह दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत के पास 1.77 लाख स्टार्टअप और 118 यूनिकॉर्न हैं। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला भारत पहला देश है। उन्होंने कहा कि यह वही भारत है जो ‘विश्व बंधु’ के रूप में आत्मनिर्भर बन रहा है।
कांग्रेस पर आरोप
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कांग्रेस पर सत्ता के लालच में संविधान के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि संविधान में हुए 106 संशोधनों में से 75% कांग्रेस के शासनकाल में हुए, जिनका उद्देश्य अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित करना और न्यायपालिका को कमजोर करना था।
बीजेपी का संविधान और विकास पर जोर
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में संविधान को ससम्मान अपनाते हुए 22 संशोधन किए हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ भाजपा सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10% आरक्षण, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, जीएसटी, और तीन तलाक जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए।
इंदिरा गांधी के कार्यकाल की आलोचना
श्री सिंधिया ने इंदिरा गांधी के कार्यकाल को अस्थिरता का काल बताया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने राज्य सरकारों को अस्थिर करने के लिए 88 बार राष्ट्रपति शासन का प्रयोग किया। अनुच्छेद 370 के कारण कश्मीर में 45,000 से अधिक लोगों की जान गई और लाखों विस्थापित हुए।
डॉ. अंबेडकर का सम्मान
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर के योगदान को लंबे समय तक नजरअंदाज किया, जबकि भाजपा ने उनके योगदान को उचित सम्मान दिया। भाजपा सरकार ने अंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों का विकास किया और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘भीम’ UPI लॉन्च किया।
प्रधानमंत्रीश्री मोदी का समावेशी नेतृत्व
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सराहना करते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि मोदी जी ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए 140 करोड़ भारतीयों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। उन्होंने सभी से संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्र निर्माण के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें