Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_बड़ी_खबर: शिवपुरी झांसी फोरलेन पर बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ी गुजरात जा रही फोर्स वैन, दूसरी लेन में जाकर ट्रक से जा भिड़ी, 4 की मौत, 7 घायल, सिंधिया ने जताया शोक, गुजरात के जाने-माने कथावाचक डॉ. लंकेश बाबू की टीम के कलाकार थे वेन में सवार, शिव कथा कर वाराणसी से लौट रहे थे गुजरात, जिला प्रशासन ने की आर्थिक, चिकित्सा मदद

शनिवार, 16 अगस्त 2025

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। जयपुर कानपुर फोरलेन के शिवपुरी झांसी फोरलेन हिस्से ने शनिवार को खूनी इबारत लिख डाली है। यहां फोर्स वैन सड़क डिवाइडर को पार कर दूसरे हिस्से में जा पहुंची और फिर ट्रक से आमने सामने जा भिड़ी। आज सुबह 5.30 बजे हुई इस जोरदार भिड़ंत में 4 कलाकारों की मौत हो गई जबकि 7 घायल हैं। ये सभी फोर्स वैन में सवार थे जो देश की व्यापारिक नगरी गुजरात के जाने-माने कथावाचक डॉ. लंकेश बाबू की टीम के कलाकार हैं। इस घटना पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शोक और दुख जताया है। हादसे की जानकारी देते हुए टीम के सिंगर विपुल ने बताया कि "हम सभी लोग काशी विश्वनाथ में शिव कथा करने गए थे। 11 से 15 अगस्त तक शिवपुराण कथा करने के बाद सभी वहां से ट्रैवलर में बैठ कर अपने घर गुजरात जा रहे थे। सुबह करीब 5.30 बजे हादसा हुआ, इस दौरान सभी सो रहे थे। इसके बाद क्या हुआ किसी को पता नहीं चला।" 
पुलिस ने बताया कि नेशनल हाईवे-27 
शिवपुरी झांसी फोरलेन पर शनिवार सुबह 5.30 बजे ट्रक और फोर्स वैन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में सिंगर समेत 4 लोगों की मौत हो गई। 7 लोग गंभीर घायल हैं। बता दें कि 20 लोगों का म्यूजिशियन ग्रुप काशी विश्वनाथ में आयोजित शिवकथा कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के बाद शुक्रवार शाम को लौट रहा था। ग्रुप के सभी सदस्य गुजरात के मेहसाणा और सुरेंद्रनगर के रहने वाले हैं। शनिवार सुबह उनकी फोर्स वैन सुरवाया से गुजर रही थी। इसी दौरान बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी लेन में जाकर ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और घायलों का इलाज जारी है। 
एक की मौके पर मौत, तीन ने अस्पताल में दम तोड़ा
सुरवाया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। हादसे में सिंगर हार्दिक दवे (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अस्पताल में उपचार के दौरान राजा ठाकुर (28), अंकित ठाकुर 17) और राजपाल सोलंकी (60) ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में इनको आई गंभीर चोट
रावल मोहित, आशीष व्यास, मोहलिक, नरेंद्र नायक, चेतन कुमार, ऋषिकेश, विपुल, अरविंद, अर्जुन, हर्षद गोस्वामी और ट्रैवलर के ड्राइवर घायल हैं। इनमें से 7 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
गुजरात के ही शख्स मे कराई थी कथा  कथा का आयोजन गुजरात के बड़ौदा के रहने वाले किसी व्यक्ति ने कराया था। इसके लिए टीम के सदस्य 8 अगस्त को गुजरात के कढ़ी से निकले और 10 अगस्त की सुबह वाराणसी पहुंचे थे। 11 से 15 अगस्त तक शिवपुराण कथा करने के बाद सभी रवाना हुए थे। डॉ. लंकेश प्लेन से निकल गए थे।
सिंधिया ने जताया शोक
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में हुए सड़क हादसे में गुजरात के 4 निवासियों के असामयिक निधन एवं कई अन्य के गंभीर रूप से घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।
भोलेनाथ से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और घायलों को शीघ्र ही पूर्ण स्वास्थ्य लाभ दें। शोकाकुल परिजनों के प्रति मैं अपनी गहन संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ।
शिवपुरी में भीषण सड़क दुर्घटना के घायलों का जिला प्रशासन ने कराया उपचार, दी आर्थिक मदद, किया सुरक्षित रवाना
आज प्रातः नेशनल हाईवे झांसी–कोटा फोरलेन पर ग्राम सुरवाया (थाना सुरवाया क्षेत्र) के पास जो दुर्घटना हुई। वह गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से वाहन डिवाइडर पर चढ़कर सामने से आ रही टाटा-407 से टकराई। वाहन में सवार 17 यात्रियों में से 4 व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 13 यात्री घायल हुए।
 मृतक यात्री (गुजरात निवासी)
राजेंद्र सिंह सोलंकी (47, अहमदाबाद)
हार्दिक दवे (37, मोरबी)
उमंग ठाकुर (38, कलोल, गांधीनगर)
अंकित ठाकुर (17, सूरज कड़ी, मेहसाना)
मृतकों का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में कराकर जिला प्रशासन द्वारा उनके पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक अहमदाबाद/गांधीनगर भेजने की व्यवस्था की गई।
इसके लिए मेडिकल कॉलेज से दो एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गईं।
 घायल यात्री (13) – मेहसाना, गांधीनगर, अहमदाबाद, सावरकांठा, पाली (राजस्थान) व जूनागढ़ के निवासी
 सभी घायलों का जिला अस्पताल शिवपुरी एवं मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में तत्काल उपचार कराया गया। चिकित्सकों की देखरेख में आवश्यक सुविधा प्रदान की गई तथा स्वस्थ होने पर उन्हें सम्मानपूर्वक सुरक्षित रवाना किया गया।



राहत एवं सहायता कार्य कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में त्वरित गति से सम्पन्न हुए।
घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक की संपूर्ण व्यवस्था में एसडीएम शिवपुरी आनंद राजावत, सीएसपी संजय चतुर्वेदी, थाना प्रभारी सुरवाया अरविंद छारी एवं थाना प्रभारी कोतवाली कृपाल सिंह राठौड़ की मुख्य भूमिका रही। रेड क्रॉस सोसाइटी एवं जिला प्रशासन शिवपुरी द्वारा प्रत्येक घायल को ₹5000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन ने परिजनों को हरसंभव सहयोग एवं सहायता का भरोसा दिलाया है।
घायलों एवं मृतकों के परिजनों ने प्रशासन की तत्परता व संवेदनशीलता हेतु आभार व्यक्त किया।
PMO India 
CM Madhya Pradesh 
Gwalior Commissioner 
Home Department of Madhya Pradesh 
SP Shivpuri 
#shivpuri














कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129