*केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कोलारस के बाढ़ग्रस्त लिलवारा गाँव का किया दौरा, प्रभावित परिवारों से मिले
*सिंधिया ने पुनर्वास एवं राहत कार्यों की प्रगति का लिया विस्तृत जायज़ा
शिवपुरी/कोलारस। केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया आज अपने संसदीय क्षेत्र के चार दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत शिवपुरी जिले के कोलारस स्थित बाढ़ग्रस्त गाँव लिलवारा पहुँचे। सिंधिया ने आपदा प्रभावित ग्रामवासियों से सीधे संवाद करते हुए उनके लिए प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं, राहत सामग्री और पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने गाँव में जाकर बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों और खेतों का निरीक्षण किया तथा फसल को हुए नुकसान का भी आकलन किया।
*लगातार निगरानी और त्वरित राहत प्रयास
यह उल्लेखनीय है कि पिछले माह 27 से 29 जुलाई के दौरान गुना, शिवपुरी और अशोकनगर में अतिवृष्टि और बारिश से हुई आपदा पर सिंधिया लगातार नजर बनाए हुए थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और स्थानीय प्रशासन से सतत संपर्क साधकर राहत कार्यों को तेज़ी सेआगे बढ़ाया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ वह स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं।
*कोलारस लिलवारा गाँव को दी लाखों की आर्थिक सहायता
केंद्रीय मंत्री के प्रयासों से ग्राम लिलवारा के प्रभावित परिवारों को अब तक लगभग ₹23 लाख की आर्थिक सहायता राशि के साथ-साथखाद्यान्न, तिरपाल और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। सिंधिया ने आज गाँव में केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से चल रहे विस्थापन एवं पुनर्वास कार्यक्रमों की प्रगति का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
*प्रशासन की सक्रिय भूमिका
सिंध नदी में आई बाढ़ का जलस्तर अब घट चुका है, जिसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का वास्तविक स्वरूप सामने आ रहा है। सिंधिया और राज्य सरकार के निर्देश पर प्रशासन द्वारा निरंतर सर्वे कर क्षति का आकलन किया जा रहा है। शिवपुरी के कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार स्वयं प्रभावित गाँवों का निरीक्षण कर रहे हैं। वहीं, राहत सामग्री वितरण का कार्य अभी भी सतत जारी है। आज लिलवारा गाँव के दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ स्थानीय प्रशासन का पूरा महकमा मौजूद रहा। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
*शोक संवेदना व्यक्त करने घर पहुंचे सिंधिया
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी के फतेहपुर रोड स्थित पार्षद सुधीर आर्या के दिवंगत पिताजी व भाई तथा पार्षद मदन खटीक ‘मट्टू’ की दिवंगत पूज्य माता जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
भरत सिंह चौहान का जाना हाल
कोलारस के नेता भरत सिंह चौहान के अस्वस्थ होने की जानकारी के बाद सिंधिया उनके निवास पर पहुंचे। उनके पास बैठे सहारा दिया और जल्द स्वस्थ होने की कामना कर उनका होंसला बढ़ाया। बता दें कि चौहान बड़े महाराज के समय से सिंधिया परिवार के विश्वसनीय रहे हैं।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें