शिवपुरी। शहर में शनिवार रविवार की रात चोरों ने कोतवाली थाना में एक बड़ी और फिजिकल थाना में दो बड़ी चोरी की वारदात अंजाम देकर पुलिस की खुली चुनौती दे डाली है। नरेंद्र नगर छतरी रोड पर विवेक राठौर और नीरू तोमर के घर चोरी हुई है जबकि शहर की पॉश गांधीनगर कॉलोनी की वीआईपी रोड स्थित एसडीओपी पन्ना राजीव सिंह भदौरिया के भतीजे दिव्यांश सिंह भदौरिया पुत्र संजीव सिंह भदौरिया के घर पर अनंत चौदस की देर रात तीन बजे चोरों ने धावा बोल दिया। पुलिस नगर में आयोजित विशाल चल झाकियों के समारोह में उलझी थी जिसकी आड़ लेकर चोरों ने SDOP भदौरिया के घर की जमकर खाना तलाशी ले डाली। बेखौफ चोर अटैची में रखे डेढ़ लाख नगदी, एक स्मार्ट वॉच, एक सोने और दो चांदी की अंगूठी सहित करीब ढाई लाख का माल उड़ा ले गए हैं। जिस दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दियागया परिजन घर में सो रहे थे लेकिन चोर साइड वाले रास्ते में मौजूद कमरे की खिड़की के सरिए निकालने के साथ, दरवाजे की कुंदी तोड़कर कमरे में घुसे और अलमारी खंगाल डाली। इसी कमरे में अटैची मौजूद थी जिसमें रखे डेढ़ लाख नगदी चोरी किए और अंगूठी ले गए। हालांकि ये साफ नहीं हो सका कि चोर आगे से घुसे फिर कुंदी तोड़कर अंदर गए और भागने के लिए खिड़की के सरिए तोड़े या उसी खिड़की से ही अंदर आए। लेकिन खिड़की वाले दरवाजे के बाहर से बंद होने से यही लगता है कि चोर या तो मुख्य गेट से घुसे या जीने से अंदर उतरे। इस घटना में एक से अधिक चोरों के शामिल होने से इनकार नहीं किया जा सकता। एक ओर बात ये है कि नगदी रखी अटैची घर के पीछे गली में पड़ी मिली है जिसमें कागजात तो मिले नगदी गायब है।
अलमारी तोड़ने की आवाज से जागे परिजन
परिजनों के अनुसार वे पास वाले कमरे में सो रहे थे। जब रात तीन बजे अलमारी तोड़े जाने की आवाज आई तो उन्होंने पुलिस का नंबर लगाया साथ ही पड़ोसियों को फोन लगाकर उठाया धीमी आवाज में उन्होंने ये काम किया। पुलिस 112 पर फोन लगाने के बाद आई। इधर पड़ोसी घर के बाहर जमा हुए तब तक चोर पीछे की गली से निकल भागे। घटना में आसपास के सीसीटीवी से शायद कुछ मदद मिल सकती है।
अन्य दरवाजों की लगा दी कुंदी
चोरों ने जिन दो कमरों में धमचक मचाई उसके अलावा जो दरवाजे दिखे उनकी कुंदी लगा दी थी। जिससे कोई बाधा उत्पन्न न कर सके।
सुबह फिंगर एक्सपर्ट को बुलाया
कोतवाली पुलिस ने मौके पर ए एस आई अवधेश सिंह, आरक्षक छोटेलाल दंडोतिया को भेजा जिन्होंने मौके पर जाकर जानकारी ली। साथ ही फिंगर एक्सपर्ट दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे और पड़ताल की।
फ्रिज से खाई सामग्री, गली में पड़े मिले दही और अन्य सामग्री
भूखे चोरों ने घर के फ्रिज की भी तलाशी ली। उसमें रखे खाद्य पदार्थ चखे। सुबह घर की पिछली गली में दही आदि पड़ा मिला।
छत की नशेनी पीछे गली में पड़ी मिली
एक और बात ये है कि घर की छत पर लोहे की नशेनी रखी थी जो घर के पीछे गली में पड़ी मिली है।
पिछली साल इसी रात सो मीटर दूर रहने वाले नोटरी एडवोकेट राकेश अग्रवाल के घर की थी चोरी, नहीं पकड़े गए चोर
आपको याद होगा पिछली साल अनंत चौदस की ही रात को भदौरिया निवास से कोई सो मीटर दूरी पर रहने वाले नोटरी एडवोकेट के घर भी चोरी हुई थी। अग्रवाल मुंबई गए थे और घर की रखवाली के लिए जिसे छोड़ा वह झाकियों के दिन लगने वाले पुड़ी, सब्जी स्टॉल पर खाने चला गया पीछे से चोरों ने आकर उनका नगदी, सामान सहित हजारों की चोरी कर डाली थी। पुलिस ने आज तक चोर नहीं पकड़े है। इतना ही नहीं इसी गांधीनगर में रहने वाले इंद्र कुमार नाकोडा के घर पिछले महीने चोरी की है। उसे भी पुलिस नहीं खोल पाई है। साथ ही फिजिकल पर भी बीते दिनों चोरी हुई है उसमें भी चोरों ने फ्रिज तलाशे थे खाया पिया था जिससे लगता है कोई गिरोह लपक गया है जो एसपी अमन सिंह की टीम को ललकार रहा है।
छह बाइक कत्था मिल और एक हनुमान गली से चोरी भी नहीं खुली
नगर में बीते महीने कत्था मिल के सामने से एक साथ छह बाइक और हनुमान गली से एक बाइक चुराई गई जो अभी तक बरामद नहीं हुई लेकिन इन दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया क्योंकि दोनों वारदात में छह युवक और एक महिला नजर आई थी।
इधर शहर के छतरी रोड नरेंद्र नगर में दो घरों में हुई चोरी
शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र के नरेन्द्र नगर में शनिवार रात चोरों ने एक ही पैटर्न पर दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने खिड़कियां उखाड़कर घरों में प्रवेश किया और घरवालों को बाहर से कमरे में बंद कर जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
विवेक राठौर के घर चोरी
पहली घटना विवेक राठौर के घर की है। यहां चोर किचिन की खिड़की उखाड़कर अंदर घुसे और विवेक सहित उसके दोनों भाइयों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद वे विनोद की मां के कमरे में पहुंचे और अलमारी से करीब 12 तौला सोना, ढाई किलो चांदी और 80 हजार रुपए नकदी चोरी कर ले गए। सुबह पड़ोसियों की मदद से कमरे खुलवाए गए, तब वारदात का पता चला। पीड़ितों का कहना है कि चोरों ने नशीले स्प्रे का इस्तेमाल किया था, क्योंकि सुबह सभी का सिर भारी हो रहा था।
नीरू तोमर के घर भी चोरी
दूसरी घटना नीरू तोमर के घर पर हुई। उनकी पत्नी और बच्चे ग्वालियर गए थे और वे अकेले घर पर थे। चोरों ने जिस कमरे में नीरू सो रहे थे, उसकी बाहर से कुंडी लगाई और दूसरे कमरे की खिड़की उखाड़कर अलमारी से सामान चोरी कर लिया। चोर करीब 20 हजार रुपए नकदी, सोने की एक चेन, दो अंगूठियां, एक हार और चार चूड़ियां ले गए। सुबह करीब 4 बजे नीरू ने खुद को कमरे में बंद पाया, पड़ोसियों की मदद से कुंडी खुलवाने के बाद चोरी का खुलासा हुआ।













सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें