खनियाधाना। आगामी पंचकल्याणक महामहोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर 28 दिसंबर 2025 को तीर्थोदय गोलाकोट जी तीर्थ क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का सफल आयोजन किया गया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन की रूपरेखा, उद्देश्य, व्यवस्थाएँ एवं इसके आध्यात्मिक संदेश पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
श्री भानु जैन, पत्रकार एवं मीडिया प्रभारी, तीर्थोदय गोलाकोट जी ने आगामी पंचकल्याणक महामहोत्सव के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राचीन भगवान आदिनाथ की प्रतिमा अत्यंत मनोहक एवं अतिशयकारी है, जो लगभग तीन हज़ार वर्ष प्राचीन है।
वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री शांति कुमार जैन, पूर्व आईपीएस (डीजीपी) एवं अध्यक्ष, तीर्थोदय गोलाकोट जी ने कहा कि कई वर्षों पूर्व जब वे इस तीर्थ क्षेत्र में पहली बार आए थे, तब यहाँ कोई भव्य संरचना नहीं थी। उस समय मात्र एक टीन शेड के नीचे प्रतिमा जी विराजमान थीं। आज प्रभु आदिनाथ भगवान के आशीर्वाद से यह तीर्थ क्षेत्र जिस स्वरूप में विकसित हुआ है, वह श्रद्धा, सेवा और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने इसे प्रभु की इच्छा से प्राप्त सौभाग्य बताया। वहीं आगे उन्होंने बताया कि इस पंचकल्याणक महामहोत्सव में पूरे देश और विदेश से लाखों लोगों के आगमन की संभावना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूज्य श्री 108 सुधासागर जी महाराज का मंगल आगमन 31 दिसंबर 2025 को गोलाकोट जी तीर्थ क्षेत्र में होने जा रहा है, जिनके पावन सान्निध्य में पंचकल्याणक महामहोत्सव का आयोजन संपन्न होगा।
श्री राकेश जैन जी (कार्याध्यक्ष) ने मीडिया को बताया कि दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवास, भोजन एवं आवागमन की समुचित व्यवस्थाएँ की गई हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजन के दौरान सभी यातायात एवं ट्रैफिक व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभालने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही जिला प्रशासन ने शीघ्र ही सड़कों के सुधार एवं पार्किंग की उचित व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया है।
इस अवसर पर श्री कोणार्क जैन जी (सूचना एवं प्रसार मंत्री) ने मीडिया प्रतिनिधियों से पंचकल्याणक महामहोत्सव की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने का अनुरोध किया, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पावन अवसर में सहभागी बन सकें।
आयोजन समिति ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए पंचकल्याणक महामहोत्सव को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा जताई।










सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें