Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_धर्म: खनियाधाना में विश्व शांति महायज्ञ एवं महापंचकल्याणक महोत्सव का शंखनाद

मंगलवार, 30 दिसंबर 2025

/ by Vipin Shukla Mama
खनियाधाना। नगर खनियाधाना में विश्व शांति, धर्म और आध्यात्मिक चेतना का विराट संगम बनने जा रहा है। आगामी 11 फरवरी से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाला विश्व शांति महायज्ञ एवं महापंचकल्याणक महोत्सव परम पूज्य मुनि श्री सुधा सागर महाराज निरापद सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन के शंखनाद के साथ ही नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह और उल्लास का वातावरण बन गया है।
इस महापंचकल्याणक महोत्सव के महापात्रों का चयन आज नगर स्थित दिगंबर पारसनाथ जैन बड़ा मंदिर में विधिविधानपूर्वक किया गया। चयन प्रक्रिया में भगवान के माता-पिता बनने का परम सौभाग्य कैलाशचंद दास जी एवं उनकी धर्मपत्नी सबिता जैन को प्राप्त हुआ। वहीं सौधर्म इंद्र की भूमिका के लिए महेंद्र कुमार जैन ब उनकी धर्मपत्नी ऋतू जैन का चयन किया गया। पात्र चयन की घोषणा होते ही उपस्थित श्रद्धालुओं में अपार हर्ष और भक्ति भाव उमड़ पड़ा।
यह पंचकल्याणक महोत्सव जैन धर्म की परम पावन परंपरा का जीवंत स्वरूप होगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। आयोजन की भव्य तैयारियाँ नगर खनियाधाना ही नहीं, बल्कि दूर-दराज़ के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। समाज के सभी वर्ग इस आयोजन को लेकर उत्साहित हैं और इसे ऐतिहासिक बनाने हेतु सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
इस महाधार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाएँ और समस्त दिगंबर जैन समाज एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी सहित सभी जनप्रतिनिधियों का भी आयोजन को पूर्ण सहयोग प्राप्त रहने की जानकारी दी गई है।
निस्संदेह, यह महापंचकल्याणक महोत्सव खनियाधाना के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा और विश्व शांति व आध्यात्मिक उन्नयन का सशक्त संदेश देगा।










कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129