Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: युवाओं की शिकायत पर द ग्रेट सिंधिया ने 1 घंटे में खेल मैदान से हटवाया अतिक्रमण, ₹12.68 करोड़ की चंदेरी और ईसागढ़ को दी नई सौगात, 1,237 लाभार्थियों को सहायक उपकरण किए वितरित

मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*अतिक्रमण हटवाने के बाद खुद युवाओं के साथ मैदान पर उतरे केन्द्रीय मंत्री
दिनांक - 3 फरवरी, 2026, मंगलवार
अशोकनगर/मध्य प्रदेश। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्षेत्रीय प्रवास के दौरान युवाओं की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खेल मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कराया। ग्राम डूंगरसरा में सबस्टेशन के शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा दी गई शिकायत पर उन्होंने तत्काल कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासन ने मात्र एक घंटे में मैदान से अतिक्रमण हटा दिया। इसके पश्चात सिंधिया ने हटाए गए अतिक्रमण वाले मैदान पर युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया।
*केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ₹12.68 करोड़ की परियोजनाओं से चंदेरी और ईसागढ़ को दी नई सौगात
*चंदेरी में सिंधिया ने किया ₹7 करोड़ की लागत के तीन विद्युत सबस्टेशनों का शिलान्यास और लोकार्पण
*ईसागढ़ को दी ₹5.68 करोड़ के सड़क और आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसे विकास कार्यों की सौगात
अशोकनगर/भोपाल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र
विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के भोपाल–अशोकनगर प्रवास के तीसरे दिन क्षेत्रीय विकास, जनसुविधा और सुशासन के संकल्प को साकार करने वाला रहा। इस दौरान उन्होंने चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में ऊर्जा और ईसागढ़ नगर में सड़क, स्वच्छता और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, जिनकी कुल लागत ₹12.68 करोड़ से अधिक है। चंदेरी में उन्होंने 7 करोड़ की लागत के विद्युत उपकेन्द्रों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया वहीं ईसागढ़ को उन्होंने 5.68 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। 
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों के जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में ठोस कदम हैं। उन्होंने ईसागढ़ गौरव दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विकास तब सार्थक होता है जब उसका लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
*चंदेरी को 5400 लोगों को मिलेगा विद्युत उपकेंद्रों से प्रत्यक्ष लाभ
चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में केन्द्रीय मंत्री ने ऊर्जा अवसंरचना को नया बल देते हुए लगभग ₹7 करोड़ की लागत से निर्मित और निर्माणाधीन तीन नए 33/11 केवी उपकेंद्रों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने डुंगासरा उपकेंद्र का शिलान्यास तथा भर्रोली और आरोन उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। ₹2.09 करोड़ की लागत से बनने वाला 5 एमवीए क्षमता का डुंगासरा उपकेंद्र डुंगासरा, बैदई और पचबावड़ी गाँवों के लगभग 800 निवासियों को लाभ पहुँचाएगा। वहीं, ₹2.83 करोड़ की लागत से तैयार भर्रोली उपकेंद्र भर्रोली, मिंदपुरा, बनोरा सहित 6 गाँवों के 2,000 नागरिकों को सशक्त बनाएगा। ₹2.15 करोड़ की लागत वाला आरोन उपकेंद्र आरोन, भीलड़ी, पीपरीधारे सहित 15 गाँवों की 2,600 की आबादी को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराएगा।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बिजली किसी भी क्षेत्र के विकास की ‘जीवनरेखा’ है। इन उपकेंद्रों के माध्यम से किसान निर्बाध सिंचाई कर सकेंगे, छात्र बेहतर वातावरण में अध्ययन कर पाएंगे और व्यापारिक गतिविधियाँ बिना रुकावट आगे बढ़ेंगी।
*सेवा का संकल्प और ‘ज्योति’ का व्रत*
केन्द्रीय मंत्री सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं जब भी आपके बीच आता हूँ, अंधेरे को दूर करने के लिए ज्योति का प्रकाश साथ लाता हूँ।” उन्होंने स्मरण कराया कि गत नवंबर में भी अशोकनगर को 5 उपकेंद्रों की सौगात दी गई थी, जिससे 42 गाँवों को लाभ मिला था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश के 17,000 से अधिक ऐसे गाँवों तक बिजली पहुँचाई है, जो आजादी के बाद से अब तक अंधकार में थे।
*ईसागढ़ को ₹5.68 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
तत्पश्चात केन्द्रीय मंत्री ने ईसागढ़ नगर में ₹5.68 करोड़ की लागत से संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल सीमेंट और पत्थर की संरचनाएँ नहीं, बल्कि ईसागढ़ के उज्ज्वल भविष्य की ठोस नींव हैं।
*शहर का सड़क नेटवर्क होगा शत-प्रतिशत पूर्ण
सिंधिया ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री अर्बन एरिया इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम’ के तहत ₹2 करोड़ की लागत से वार्ड 1 से 15 तक बनने वाली सीसी सड़कों के साथ ईसागढ़ का सड़क नेटवर्क शत-प्रतिशत पूर्ण होगा, जिसके बाद शहर में कोई भी सड़क कच्ची नहीं रहेगी। इससे आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं का जोखिम घटेगा और दैनिक जीवन की गति बढ़ेगी। इसके साथ ही, उन्होंने कायाकल्प अभियान के अंतर्गत ₹1 करोड़ की लागत से बस स्टैंड से गुना मार्ग तक 600 मीटर लंबी सीसी रोड का भूमिपूजन किया, जो एक प्रभावी वैकल्पिक बायपास के रूप में कार्य करेगी और शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत देगी।
इसके अलावा उन्होंने नाग वैली में ₹1.18 करोड़ की लागत से 10 आधुनिक दुकानों वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन किया, जो स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोज़गार का केंद्र बनेगा। इसके बारे में सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना न केवल व्यापारिक गतिविधियों को गति देगी, बल्कि ईसागढ़ को एक सुदृढ़ स्थानीय अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर करेगी।
*स्वच्छता और जल निकासी का स्थायी समाधान
कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने एसडीएमएफ योजना के तहत ₹1.58 करोड़ की लागत से निर्मित आरसीसी ड्रेन का लोकार्पण किया। इसके माध्यम से शहर में जलभराव की समस्या का दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित होगा, जिससे स्वास्थ्य, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में गुणात्मक सुधार आएगा।
*विकसित भारत और सुशासन का मॉडल
अपने संबोधन में केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज विकास केवल महानगरों तक सीमित नहीं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों तक समान रूप से पहुँच रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संवेदनशील प्रशासन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ‘अंत्योदय’ के संकल्प को जमीन पर उतार रही है, जहाँ विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचती है। केन्द्रीय मंत्री ने विश्वास दिलाया कि चंदेरी, ईसागढ़ और पूरे अशोकनगर जिले में विकास की यह गति निरंतर बनी रहेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्धि, सुविधा और सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार करेगी।
*अतीत से प्रेरणा लेकर भविष्य के लिए समर्पण का अवसर देता है ईसागढ़ गौरव दिवस
ईसागढ़ में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 03 फरवरी को ईसागढ़ नगर परिषद कार्यालय की स्थापना हुई थी, और यही कारण है कि यह दिन आज ईसागढ़ गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस केवल एक प्रशासनिक शुरुआत की स्मृति नहीं, बल्कि ईसागढ़ के नागरिकों की सामूहिक चेतना, सहभागिता और विकास यात्रा का प्रतीक है। नगर परिषद की स्थापना ने सुशासन, जनसेवा और स्थानीय विकास को एक नई दिशा दी, जिससे नगर निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा। यह गौरव दिवस हमें अपने अतीत से प्रेरणा लेकर भविष्य के लिए और अधिक समर्पण, ईमानदारी और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य करने का अवसर देता है।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 1,237 लाभार्थियों को सहायक उपकरण किए वितरित
*प्रधानमंत्री मोदी ने दिव्यांग शब्द देकर बदली देश की सोच, दिव्यांगजनों को बताया राष्ट्र निर्माण के साझे सहभागी: सिंधिया
*अशोकनगर, गुना और शिवपुरी में 8,240 दिव्यांगों तक सेवा पहुँचाने का लक्ष्य
अशोकनगर/भोपाल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कल सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र के अशोकनगर जिले के मरूप गाँव में आयोजित भव्य ‘दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सहायक उपकरण वितरण शिविर’ में संवेदना और सम्मान के संकल्प को साकार किया। इस अवसर पर उन्होंने 1237 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आधुनिक सहायक उपकरण वितरित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल उपकरण वितरण नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समावेश की दिशा में एक सशक्त कदम है। 
*सेवा की सिंधिया परंपरा: शासन नहीं, कर्तव्य
सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल में सेवा सिंधिया परिवार के लिए शासन का विषय नहीं, बल्कि पीढ़ियों से निभाया जा रहा एक पवित्र कर्तव्य रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अशोकनगर मे 1456, गुना में 1745 और शिवपुरी में 5250 सहित कुल पूरे संसदीय क्षेत्र में 8,240 दिव्यांगजनों तक सेवा पहुँचाने का लक्ष्य किसी आँकड़े तक सीमित नहीं है, बल्कि यह 8,240 परिवारों की आशा, गरिमा और भविष्य से जुड़ा संकल्प है।
*आत्मसम्मान की नई भाषा प्रधानमंत्री मोदी का ‘दिव्यांग’ विजन: सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकलांग’ के स्थान पर ‘दिव्यांग’ शब्द देकर देश की सोच, संवेदना और दृष्टिकोण को नई दिशा दी है। उन्होंने ऋषि अष्टावक्र, वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया जैसे उदाहरणों के माध्यम से कहा कि सामर्थ्य शरीर की सीमाओं से नहीं, बल्कि संकल्प और आत्मविश्वास से जन्म लेता है। यह उदाहरण दिखाते हैं कि दिव्यांगजन हमारे राष्ट्र निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी के सहभागी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने दिव्यांगजनों की विशेषता को पहचानते हुए देश के इतिहास में पहली बार दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 में संसद में पारित किया और दिव्यांगजनों के लिए आवंटन राशि को 330 करोड़ से 5 गुना बढ़ाकर 2000 करोड़ तक पहुंचाया। पूरे देश में पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार द्वारा 18000 से अधिक शिविर लगाए गए हैं जहां 21 लाख से अधिक दिव्यांगजनों को सशक्तिकरण की ओर अग्रसर किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेल विभाग ने दिव्यांग ई टिकटिंग फोटो पहचान पत्र जारी किया है जिससे दिव्यांगजनों को विशिष्ट रूप से टिकट मिलने की सुविधा मिलेगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 32 दिव्यांगजनों को राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित किया है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह को भी इस पहल के किए धन्यवाद किया। 
*सम्मान, सेवा और सहभागिता का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में केन्द्रीय मंत्री ने कहा, “आपका यह सैनिक आपके सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए सदैव आपके साथ खड़ा रहेगा और आपके लिए लड़ेगा।” उन्होंने सभी नागरिकों से ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में सहभागी बनने और दिव्यांगजनों को समाज के मुख्यधारा में और सशक्त रूप से जोड़ने का आह्वान किया।












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129