Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_डिफरेंट: शासकीय कर्मी का नहीं करवाया पीएम तो अंतिम संस्कार रुकवाकर ले जाना पड़ा पीएम करवाने, नहीं तो न मिलता फंड्स का पैसा और न मिलती अनुकंपा नौकरी

मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। दोस्तों आप भी याद रखिए कि अगर कोई शासकीय अधिकारी, कर्मचारी की मृत्यु नौकरी पर रहते हुए हो जाती है तो उसका पीएम करवाना जरूरी होता है। अगर ऐसा न किया जाए तो उन्हें मिलने वाली सरकारी मदद, उनके नौकरी पेटे की राशि या अनुकम्पा आदि की कारवाई खतरे में पड़ जाती है इसलिए पुलिस और संबंधित विभाग को सूचित कर पीएम (पोस्टमार्टम) जरूर करवाना चाहिए। 
नगर में ऐसी ही एक भूल के चलते मृतक शासकीय कर्मचारी को मुक्तिधाम से मुखाग्नि रोककर पीएम के लिए लाना पड़ गया। दरअसल कर्मचारी की मौत बाइक दुर्घटना में गिरने से हुई थी। जिसके चलते शिवपुरी के मुक्तिधाम से मंगलवार को वन विभाग की टीम ने अंतिम संस्कार रुकवा दिया। मृतक वन विभाग का कर्मचारी था, और विभागीय प्रक्रिया पूरी हों इसके लिए उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। मृतक बनवारी लाल रजक वन विभाग में पदस्थ थे। सोमवार दोपहर मायापुर थाना क्षेत्र के रन्नौद रोड स्थित राजापुर गांव के पास वे एक अन्य वनकर्मी के साथ बाइक से जा रहे थे। इस दौरान वे असंतुलित होकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए उन्हें तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया, लेकिन ग्वालियर मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात में ही उनका शव शिवपुरी शहर की झींगुरा कॉलोनी स्थित उनके निवास पर लाया गया। मंगलवार को परिजन बिना विभाग को सूचना दिए अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम पहुंच गए। वन विभाग को इसकी जानकारी मिली तो अधिकारी और कर्मचारी तत्काल मुक्तिधाम पहुंचे और चिता पर रखे शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शासकीय कर्मचारी होने के कारण विभागीय लाभ और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के लिए पोस्टमार्टम आवश्यक था।
इस घटना को लेकर मुक्तिधाम में कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि, बाद में स्थिति स्पष्ट होने पर परिजनों को पूरी जानकारी दी गई।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129