*-1209 किलो डोडा चूरा मामले में 5 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, 5 जून 2023 की कार्रवाई में मिली लापरवाही, हाईकोर्ट के निर्देश पर विभागीय जांच भी शुरू
*-कार्रवाई की जद में आए मावई लाइन में लगे
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में 5 जून 2023 को पकड़े गए 1209 किलोग्राम डोडा चूरा के बहुचर्चित मामले में लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ के आदेश के बाद शिवपुरी पुुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने की है, जिसमें एक निरीक्षक सहित पांच पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट कहा कि जिन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है, उन्हें जांच पूरी होने तक थानों पर पदस्थ न किया जाए। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने संबंधित अवधि 5 जून 2023 से 30 नवंबर 2023 तक में पदस्थ रहे थाना प्रभारियों और विवेचकों की सूची तैयार कर जिम्मेदारी तय की और निरीक्षक जितेन्द्र सिंह मावई (तत्कालीन थाना प्रभारी कोलारस, वर्तमान थाना प्रभारी देहात) उप निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह यादव (थाना प्रभारी गोवर्धन) उप निरीक्षक हरीशंकर शर्मा (जेएसआई, कोतवाली) उप निरीक्षक अंकित उपाध्याय (वर्तमान पदस्थ जिला बालाघाट) निरीक्षक मनीष शर्मा (वर्तमान पदस्थ जिला राजगढ़) को लाइन अटैच करने की कार्रवाई की है। वहीं उप निरीक्षक एस.एस. जादौन एवं उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह भदौरिया सेवानिवृत्त हो चुके हैं। एसपी द्वारा अति पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया है कि मामले की प्राथमिक जांच कर 7 दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी। साथ ही पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक विकास यादव को देहात थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह था पूरा मामला
5 जून 2023 को कोलारस थाना पुलिस ने हाइवे स्थित एक होटल के पास से एक ट्रक पकड़ा था। ट्रक में ऊपर से दाल की बोरियां भरी हुई थीं, लेकिन जांच के दौरान उनके बीच छिपाकर रखी गई 62 बोरियों में कुल 1209 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत अपराध क्रमांक 173/2023 दर्ज किया गया।मामले की विवेचना के दौरान बाद में यह तथ्य सामने आया कि जब्त सैंपलों के 12 बैग गायब हो गए। इसी बिंदु को लेकर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई और विवेचना में गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित थाना प्रभारी और विवेचकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें