Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के मंत्र के साथ हजारों मरीजों को मिला निःशुल्क उपचारः केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

बुधवार, 25 मार्च 2026

/ by Vipin Shukla Mama
* ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन का शिवपुरी नि:शुल्क चिकित्सा शिविर
शिवपुरी/नई दिल्ली। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के विजन और मार्गदर्शन में शिवपुरी की पावन धरा पर श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन और मध्य प्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर ने सेवा और समर्पण का एक नया इतिहास रच दिया है। 17 से 24 मार्च 2026 तक चले इस भव्य चिकित्सा शिविर को “एक ही स्थान पर आयोजित सबसे बड़ा निःशुल्क मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल कैंप” के रूप में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है।
ऐतिहासिक उपलब्धि: सेवा, समर्पण और संगठन का संगम
यह रिकॉर्ड केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामूहिक सेवा भावना, उत्कृष्ट प्रबंधन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर सामने आया है। इस विशाल शिविर में हजारों मरीजों को एक ही स्थान पर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस शिविर में देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को परामर्श, अत्याधुनिक जांच, आवश्यक दवाइयां और जटिल उपचार सेवाएं प्रदान की गईं, जिससे क्षेत्र के हजारों परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिला।
सिंधिया का संकल्प: हर जरूरतमंद तक पहुँचे श्रेष्ठ स्वास्थ्य सेवा
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि यह रिकॉर्ड केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि हमारे उस संकल्प की सिद्धि है जिसके केंद्र में ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना है। हमारा उद्देश्य है कि क्षेत्र का कोई भी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। शिवपुरी की जनता का स्नेह, डॉक्टरों का समर्पण और स्वयंसेवकों की सेवा भावना ने इस कीर्तिमान को संभव बनाया है। यह उपलब्धि शिवपुरी ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है। उन्होंने इस अवसर पर रोटरी क्लब, सभी चिकित्सकों यानि जानदाताओं, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वयंसेवकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी।
एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं
शिवपुरी में आयोजित इस मेगा मेडिकल कैंप की विशेषता यह रही कि एक ही छत के नीचे मल्टी-स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई। यहाँ नेत्र, दंत, हड्डी जैसी जटिल बीमारियों के निदान से लेकर उन्नत चिकित्सा परामर्श और निःशुल्क हाई टेक रोबोटिक सर्जरी तक की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। अत्याधुनिक उपकरणों, विशेषज्ञ टीमों और सुव्यवस्थित प्रबंधन के साथ इस शिविर ने यह सुनिश्चित किया कि हर मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले। इस पहल ने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुदृढ़ किया, बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए चिकित्सा के नए द्वार भी खोले।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129